बिजनेस

Credit Card का 45 दिन का इंटरेस्ट-फ्री पीरियड गेम समझ गए तो कभी ब्याज नहीं चुकाने होंगे, क्या आपको पता है?

Credit Card use tips: अगर क्रेडिट कार्ड का सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए, तो आप इंटरेस्ट-फ्री पीरियड का लाभ उठाकर उधार लिए बिना अपना सारा काम पूरा कर सकते हैं। बहुत सारे लोग क्रेडिट कार्ड का स्मार्टली इस्तेमाल कर रिवॉर्ड प्वाइंट के जरिये भी बड़ी बचत कर लेते हैं।

Image

क्रेडिट कार्ड

Credit Card इस्तेमाल करने वाले तेजी से बढ़ें हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक, आज के समय में अधिकांश युवा एक से अधिक क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर रहे हैं। इससे वे कर्ज के जाल में भी फंस रहे हैं। हालांकि, अगर क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल समझदारी से किया जा तो इससे न सिर्फ अपनी जरूरत को पूरा किया जा सकता है बल्कि बिना ब्याज चुकाए खरीदारी पर बचत भी की जा सकती है। आज हम आपको बता रहे हैं कि क्रेडिट कार्ड के इंटरेस्ट-फ्री पीरियड जो 45 या 50 दिनों तक हो सकता है का कैसे समझदारी से इस्तेमाल कर ब्याज देने से बच सकते हैं।

इंटरेस्ट-फ्री पीरियड के गेम को समझें

भारत में अधिकांश बैंक क्रेडिट कार्ड पर 45 या 50 दिनों तक इंटरेस्ट-फ्री पीरियड देते हैं। यह सुविधा इसलिए मिलती है क्योंकि बैंक इंटरेस्ट सिर्फ ट्रांजैक्शन बिल होने के दिन से कैलकुलेट करते हैं, न कि जिस दिन आप कार्ड स्वाइप करते हैं। हर बिलिंग साइकिल की एक फिक्स्ड मंथली तारीख होती है। इस तारीख के ठीक बाद की गई खरीदारी पर सबसे लंबा इंटरेस्ट-फ्री टाइम मिलता है, जबकि बिल बनने की तारीख के करीब किए गए ट्रांज़ैक्शन पर कम दिन मिलते हैं। इसमें एक आसान लेकिन सख्त शर्त है कि अगर आप ड्यू डेट तक पूरा बकाया अमाउंट पेमेंट नहीं करते हैं, तो बैंक ब्याज वसूलते हैं।

बिलिंग साइकिल को ऐसे समझें

आपने किसी बैंक से क्रेडिट कार्ड लिया है। मान लेते हैं कि एक बिलिंग साइकिल एक महीने की 5 तारीख से अगले महीने की 4 तारीख तक चलती है। अगर आप छह तारीख को कुछ खरीदते हैं, तो वह अगले महीने के बिल में दिखाई देगा, जिससे आपको पेमेंट ड्यू होने से पहले लगभग 45 दिन मिल जाएंगे। अगर आप वही चीज तीन तारीख को खरीदते हैं, तो आपको मुश्किल से दो हफ्ते मिलेंगे। लोग अक्सर इसे गलत समझते हैं और मान लेते हैं कि हर खरीदारी पर अपने आप 45 दिन की छूट मिलती है, लेकिन यह इस बात पर निर्भर करता है कि स्वाइप साइकिल के किस समय होता है। यही वजह है कि बैंक और फाइनेंशियल प्लानर अक्सर कार्ड होल्डर्स को अपनी बिलिंग तारीखों को ट्रैक करने और उसी हिसाब से बड़ी खरीदारी करने की सलाह देते हैं।

कार्ड होल्डर्स को इन बातों का ध्यान रखना चाहिए

क्रेडिट कार्ड पर इंटरेस्ट-फ्री पीरियड का सही इस्तेमाल करने के लिए टाइमिंग और डिसिप्लिन बहुत जरूरी है। इसलिए यूजर्स को बिलिंग डेट की जानकारी, नई खरीदारी करने से पहले पिछला बिल का पूरा भुगतान और कैश निकालने से बचना चाहिए। कैश निकालने पर कभी भी इंटरेस्ट-फ्री पीरियड नहीं मिलता है। कैश निकालने के साथ ब्याज शुरू हो जाता है।

Alok Kumr
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article