बिजनेस

IPO Market: 2023 में कंपनियों ने आईपीओ रूट से जुटाए 52000 करोड़, जानिए कैसा रह सकता है 2024

IPO Market In 2023: 2022 में एलआईसी के 20,557 करोड़ रुपये के मेगा आईपीओ को छोड़ दें तो 2023 में आईपीओ के जरिए जुटाई गई राशि 36 प्रतिशत अधिक है। मगर एलआईसी का आईपीओ मिलाकर साल 2022 का पलड़ा भारी है।

Image

2023 में आईपीओ बाजार

KEY HIGHLIGHTS
  • 2023 में अच्छा रहा आईपीओ मार्केट
  • कंपनियों ने जुटाए 52000 करोड़
  • 2024 भी रह सकता है मजबूत

IPO Market In 2023: ब्याज दरों में बढ़ोतरी और भू-राजनीतिक जोखिमों (Geopolitical Tension) के कारण वर्ष 2023 में आईपीओ (IPO) के जरिये जुटाई जाने वाली राशि सालाना आधार पर हल्की गिरावट के साथ 52,000 करोड़ रुपये रही। हालांकि, इस दौरान आईपीओ की संख्या में वृद्धि दर्ज की गई। जानकारों के मुताबिक साल 2024 में भी आईपीओ बाजार में मजबूती बने रहने का अनुमान है। वर्ष 2022 में एलआईसी के 20,557 करोड़ रुपये के मेगा आईपीओ को छोड़ दें तो 2023 में आईपीओ के जरिए जुटाई गई राशि 36 प्रतिशत अधिक है। मगर एलआईसी का आईपीओ मिलाकर साल 2022 का पलड़ा भारी है। बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच इस साल स्मॉल और मिड साइज की कंपनियों का प्रदर्शन बेहतर रहा।

क्या कहते हैं जानकार

पैंटोमैथ कैपिटल एडवाइजर्स के एमडी महावीर लूनावत ने कहा कि आईपीओ के प्रति दिलचस्पी की वजह प्रॉफिटेबिलिटी और इश्यू की उचित प्राइसिंग है। इसके अलावा भारतीय बाजार में मजबूत और बेहतर रेगुलेटरी फ्रेमवर्क से भी निवेशकों का भरोसा बढ़ा है।

आनंद राठी एडवाइजर्स के निदेशक और प्रमुख (ईसीएम, निवेश बैंकिंग) वी प्रशांत राव का मानना है कि 2023 की गति 2024 में भी जारी रहेगी और यह साल इंडियन प्राइमरी मार्केट के लिए गोल्डन हो सकता है।

चुनाव होंगे अहम

जेएम फाइनेंशियल में एमडी और हेड (इक्विटी पूंजी बाजार) नेहा अग्रवाल ने कहा है कि हमारा अनुमान है कि 2024 में आईपीओ बाजार में मजबूत तेजी रहेगी। यह आशावाद भारतीय बाजारों की बेहतर वृद्धि संभावनाओं के कारण है। चुनाव से जुड़ी अनिश्चितताएं दूर होने के बाद फ्लो (निवेश) में और अधिक गति आने की उम्मीद है।

24 कंपनियों को मंजूरी मिल गई है

बाजार नियामक सेबी से लगभग 24 कंपनियों को आईपीओ लाने के लिए पहले ही मंजूरी मिल चुकी है। इनके 26,000 करोड़ रुपये से अधिक जुटाए जाने का अनुमान है। प्राइम डेटाबेस के मुताबिक 32 कंपनियों ने करीब 35,000 करोड़ रुपये जुटाने के लिए सेबी के पास अपने आवेदन किया हुआ है।

इंडस्ट्री डेटा के अनुसार इस साल 58 कंपनियां अपना आईपीओ लाईं और उन्होंने 52,637 करोड़ रुपये जुटाए। पिछले साल 40 कंपनियों ने आईपीओ के जरिये 59,302 करोड़ रुपये जुटाए थे।

डिस्क्लेमर : यहां मुख्य तौर पर आगामी आईपीओ की जानकारी दी गयी है, निवेश की सलाह नहीं। इक्विटी मार्केट में जोखिम होता है, इसलिए निवेश अपने जोखिम पर करें। निवेश करने से पहले एक्सपर्ट की राय जरूर लें।

Kashid Hussain
काशिद हुसैन author

<p>काशिद हुसैन अप्रैल 2023 से Timesnowhindi.Com (टाइम्स नाउ नवभारत) के साथ काम कर रहे हैं। यहां पर वे सीनियर कॉरेस्पोंडेंट हैं। टाइम्स नाउ नवभारत की बिजनेस टीम में वह शेयर मार्केट, म्यूचुअल फंड और आर्थिक जगत से जुड़ी सभी तरह की स्टोरी और वेब स्टोरी करते हैं। रिसर्च आधारित स्टोरी के लिए नए एंगल तलाश करना और रीडर्स की रुचि के अनुसार कॉपी लिखने पर फोकस रहता है। शेयर बाजार में खास रुचि है और इससे जुड़ी रियल टाइम खबरें कम समय में लगाने में विशेषज्ञता है। मीडिया में काम करने का 8 वर्षों का अनुभव है, जिसमें गुडरिटर्न्स और शेयर मंथन वेबसाइटों के अलावा निवेश मंथन पत्रिका में भी काम किया है। दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिंदी पत्रकारिता में ग्रेजुएशन के बाद आईआईएमसी, नई दिल्ली से रेडियो एंव टेलीविजन में पोस्ट ग्रेजुएशन की है। ग्रेजुएशन के दौरान सहारा समय और सिटी न्यूज में इंटर्नशिप के साथ-साथ अखबार और वेबसाइट के लिए लिखना शुरू कर दिया था। काशिद को किताबें पढ़ना, फिल्में देखना और क्रिकेट में रुचि है। बिजनेस के अलावा खेल जगत और इंटरनेशनल खबरों में भी रुचि है।<br></p>

और पढ़ें
End of Article