बिजनेस

29 राज्यों में शुरू हुई कमर्शियल LPG की बिक्री; लाइन लगाने की जरूरत नहीं, IVRS, SMS और WhatsApp से करें सिलेंडर बुकिंग

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि घरेलू उपयोग के लिए रसोई गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध होने के बावजूद घबराहट में बुकिंग लगातार बढ़ रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत के पास पर्याप्त कच्चा तेल भंडार है और घरेलू रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं, जिससे देश भर में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित हो रही है।

Image

एलपीजी सिलेंडर

पश्चिम एशिया में जारी जंग के बीच भारत सरकार रसोई गैस की उपलब्धता पूरी करने में लगी है। वहीं, देश में लोगों को डर है कि अगर उनकी गैस खत्म हो गई तो उन्हें रसोई गैस नहीं मिलेगी, इसलिए वे जल्दबाजी में बुकिंग करा रहे हैं, गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी-लंबी कतारें दिख रही हैं। वहीं, घरेलू गैस की आपूर्ति लोगों तक होती रहे, इसके लिए कमर्शियल सिलेंडरों के देने पर कैप लगा दिया गया था, जिससे बड़े पैमाने पर होटल चलाने वालों, ठेले लगाने वालों और शादियों के सीजन में अव्यवस्थाएं देखी गईं। इस बीच, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा कमर्शियल एलपीजी को लेकर बड़ी राहत दी है, साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय ध्वज के साथ शिवालिक और नंदा देवी समंदर के रास्ते एलपीजी गैस की बड़ी खेप लेकर भारत आ रहा है।

कमर्शियल एलपीजी की बिक्री शुरू

पेट्रोलियम मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को कहा कि देश के 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर का वितरण शुरू हो गया है। साथ ही, रसोई गैस की जमाखोरी और कालाबाजारी को रोकने के लिए देशभर में छापेमारी और औचक निरीक्षण तेज कर दिए गए हैं। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि घरेलू उपयोग के लिए रसोई गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध होने के बावजूद घबराहट में बुकिंग लगातार बढ़ रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत के पास पर्याप्त कच्चा तेल भंडार है और घरेलू रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं, जिससे देश भर में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित हो रही है। शर्मा ने कहा कि किसी भी खुदरा बिक्री केंद्र से भंडार खत्म होने की खबर नहीं है। हम घरेलू स्तर पर अपनी जरूरत के अनुसार पर्याप्त पेट्रोल-डीजल का उत्पादन करते हैं और हमें आयात की आवश्यकता नहीं है।

घरेलू एलपीजी आपूर्ति को प्राथमिकता

अधिकारी ने बताया कि खाड़ी देशों से ऊर्जा आपूर्ति बाधित होने के बावजूद सरकार स्थिति पर करीब से नजर रख रही है और घरेलू एलपीजी आपूर्ति को प्राथमिकता दी जा रही है। सुझाता शर्मा ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे गैस सिलेंडर बुक करने के लिए उपलब्ध डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करें। इसके लिए IVRS, SMS, व्हाट्सऐप बुकिंग और ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) के मोबाइल ऐप जैसी सुविधाएं पहले से मौजूद हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि सिलेंडर बुक करने के लिए उपभोक्ताओं को एजेंसी पर जाकर लाइन में लगने की जरूरत नहीं है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियां पहले की तरह ही सिलेंडर की होम डिलीवरी जारी रखेंगी। इसलिए उपभोक्ताओं को किसी तरह की घबराहट या अफवाहों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है।

युद्ध के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य बंद हो गया है, जो खाड़ी देशों से ऊर्जा के परिवहन का सामान्य मार्ग है। अधिकारी ने बताया कि युद्ध शुरू होने से पहले एलपीजी सिलेंडर की दैनिक बुकिंग लगभग 55 लाख थी। शुक्रवार को यह आंकड़ा बढ़कर लगभग 75 लाख था और आज बढ़कर 88 लाख तक पहुंच गया। उन्होंने उपभोक्ताओं से केवल आवश्यकता होने पर ही सिलेंडर बुक करने का आग्रह किया।

पिछली डिलीवरी और अगली बुकिंग के बीच न्यूनतम 25 दिन का अंतर अनिवार्य

अधिकारी ने बुकिंग नियमों को स्पष्ट करते हुए कहा कि शहरी क्षेत्रों में पिछली डिलीवरी और अगली बुकिंग के बीच न्यूनतम 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन का अंतर होना अनिवार्य है। आपूर्ति के दबाव को कम करने के लिए सरकार ने घरेलू एलपीजी उत्पादन में 31 प्रतिशत की वृद्धि की है। साथ ही, सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी गेल ने शहरी गैस परिचालकों से वाणिज्यिक ग्राहकों को पीएनजी कनेक्शन देने को कहा है।

अलग-अलग राज्यों में कालाबाजारी के खिलाफ हो रही कार्रवाई

इसके अलावा वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में उद्योगों और होटलों को एक महीने के लिए वैकल्पिक ईंधन के रूप में बायोमास के उपयोग की अनुमति दी है। कालाबाजारी पर लगाम लगाने के लिए उत्तर प्रदेश में 1,400 स्थानों पर छापेमारी कर 20 एफआईआर दर्ज की गई हैं। महाराष्ट्र, राजस्थान, बिहार और कर्नाटक जैसे राज्यों में भी औचक निरीक्षण किए गए हैं।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article