बिजनेस

Closing Bell: Nifty 112 अंक टूटा, Sensex 388 अंक लुढ़का; 3 बड़ी वजहों से बाजार में गिरावट

शेयर बाजार में मंगलवार को गिरावट देखने को मिली है। बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी जहां 112 और Sensex 388 अंक लुढ़ककर बंद हुआ। बाजार में गिरावट के पीछे तीन बड़ी वजह सामने आई हैं।

Image

बाजार गिरावट में बंद

Share Market Closing Bell : शेयर बाजार में मंगलवार को एक बार फिर बिकवाली का दबाव देखने को मिला। सेंसेक्स 388 अंक टूटकर 78,154.25 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 112 अंक गिरकर 24,471.70 पर आ गया। कारोबार के दौरान निफ्टी 24,429.25 के निचले स्तर तक गया। बाजार में कमजोरी की बड़ी वजह कच्चे तेल की कीमतों में तेजी, पश्चिम एशिया को लेकर बढ़ती चिंता और वित्तीय शेयरों में बिकवाली रही।

मंगलवार के कारोबार में सेंसेक्स 78,154.25 पर बंद हुआ। यह पिछले कारोबारी सत्र के 78,542.44 के मुकाबले 388.19 अंक यानी 0.49% की गिरावट है। सेंसेक्स दिन के दौरान 78,048.26 तक फिसला, जबकि इसका ऊपरी स्तर 78,509.77 रहा। निफ्टी की बात करें तो यह 24,471.70 पर बंद हुआ। पिछले क्लोजिंग लेवल 24,583.80 से इसमें 112.10 अंक यानी 0.46% की गिरावट रही। निफ्टी ने मंगलवार को 24,429.25 का निचला और 24,576.85 का ऊपरी स्तर देखा।

कच्चे तेल की तेजी ने बढ़ाई चिंता

बाजार में गिरावट के पीछे सबसे बड़ी चिंताओं में कच्चे तेल की बढ़ती कीमत शामिल रही। पश्चिम एशिया में तनाव और अमेरिका-ईरान के बीच संभावित समझौते को लेकर अनिश्चितता के कारण तेल की कीमतों में तेजी आई। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, पश्चिम एशिया से जुड़े घटनाक्रम फिलहाल बाजार की दिशा पर असर डाल रहे हैं। जब तक स्थिति को लेकर ज्यादा स्पष्टता नहीं आती, निवेशकों के आक्रामक खरीदारी से बचने की संभावना बनी रह सकती है।

बैंकिंग शेयरों में बिकवाली

मंगलवार को वित्तीय और बैंकिंग शेयरों पर खास दबाव रहा। निफ्टी बैंक 0.42% गिरकर 57,446.25 पर बंद हुआ। निजी बैंक सूचकांक में 0.56% की गिरावट रही, जबकि वित्तीय सेवा सूचकांक भी 0.43% नीचे रहा। निफ्टी के सेक्टोरल प्रदर्शन में ऑटो, धातु, एफएमसीजी और रियल्टी जैसे क्षेत्रों में भी कमजोरी देखने को मिली। एफएमसीजी सूचकांक 1.17%, धातु 0.94%, रियल्टी 0.95% और ऑटो 0.54% नीचे रहे। सीमेंट सूचकांक में 1.53% की गिरावट रही।

ग्लोबल मार्केट्स का मिलाजुला रुख

भारतीय बाजार के निवेशकों के सेंटिमेंट पर ग्लोबल मार्केट्स के मिलेजुले रुख का भी असर दिखा। खासतौर पर अमेरिका बाजार के फ्यूचर में कमजोरी और एशियाई बाजारों का मिलाजुला रुख भारतीय बाजार के नेगेटिव रहा। इसके अलावा बाजार पर निफ्टी की वीकली एक्सपायरी ने भी असर डाला है।

IT और फार्मा ने संभाला मोर्चा

पूरे बाजार में गिरावट के बावजूद कुछ सेक्टरों में खरीदारी देखने को मिली। निफ्टी आईटी 0.61% चढ़ा, जबकि फार्मा सूचकांक में 1.03% की तेजी रही। हेल्थकेयर सूचकांक भी 0.33% ऊपर रहा। इससे संकेत मिलता है कि बाजार में पूरी तरह बिकवाली का माहौल नहीं था। निवेशकों ने कुछ चुनिंदा सेक्टरों और शेयरों में खरीदारी जारी रखी।

मिडकैप और स्मॉलकैप में राहत

बड़े शेयरों में गिरावट के बीच मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों ने अपेक्षाकृत बेहतर प्रदर्शन किया। निफ्टी मिडकैप सिलेक्ट 0.20%, निफ्टी स्मॉलकैप 100 0.27% और स्मॉलकैप 50 0.21% ऊपर रहे। स्मॉलकैप 250 में भी 0.22% की तेजी रही। इसका मतलब है कि मंगलवार को बाजार की कमजोरी मुख्य रूप से बड़े शेयरों तक सीमित रही, जबकि चुनिंदा छोटे और मझोले शेयरों में खरीदारी बनी रही।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article