बिजनेस

Closing Bell : Nifty 109 और Sensex 372 अंक फिसलकर बंद, तेजी के बाद क्यों फिसला बाजार?

जून के आखिरी सप्ताह का पहला दिन शेयर बाजार निवेशकों के लिए निराशाजनक रहा। बेंचमार्क इंडेक्स Sensex और Nifty हरे रंग में शुरुआत के बाद दिन के आखिर में गिरावट के साथ बंद हुए।

Image

बाजार में आई गिरावट

Closing Bell Sensex Nifty Today : सप्ताह के पहले कारोबारी दिन शेयर बाजार ने शानदार शुरुआत की, लेकिन आखिरी घंटों में बिकवाली इतनी तेज हुई कि सेंसेक्स दिन के उच्च स्तर से करीब 500 अंक टूट गया और निफ्टी 23,950 के नीचे फिसल गया। मुनाफावसूली, आईटी-ऑटो शेयरों में कमजोरी और बढ़ती अस्थिरता ने बाजार का मूड बिगाड़ दिया।

मजबूत शुरुआत के बाद क्यों टूटा बाजार?

सोमवार को भारतीय शेयर बाजार ने शुरुआती कारोबार में मजबूती दिखाई, लेकिन दिन चढ़ने के साथ निवेशकों ने मुनाफावसूली शुरू कर दी। कारोबार खत्म होने तक बीएसई सेंसेक्स 372.10 अंक यानी 0.48% गिरकर 76,728.37 पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 109.75 अंक यानी 0.46% टूटकर 23,946.25 पर आ गया। दिनभर के कारोबार में गिरावट वाले शेयर बढ़त वाले शेयरों पर भारी रहे, जिससे साफ हुआ कि बाजार में बिकवाली व्यापक रही।

तेजी के बाद मुनाफावसूली

पिछले कुछ कारोबारी सत्रों में बाजार ने लगातार मजबूत बढ़त दर्ज की थी। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी, जियो पॉलिटिकल तनाव कम होने और विदेशी निवेशकों की वापसी की उम्मीदों से बाजार पहले ही काफी ऊपर आ चुका था। ऐसे में निवेशकों ने ऊंचे स्तर पर मुनाफावसूली करना बेहतर समझा, जिससे बाजार पर दबाव बढ़ गया।

IT और ऑटो शेयरों ने बिगाड़ा खेल

सोमवार की गिरावट में सबसे बड़ा दबाव आईटी और ऑटो शेयरों से आया। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) और इंफोसिस जैसे दिग्गज शेयर करीब 1% तक टूटे। वहीं महिंद्रा एंड महिंद्रा, आयशर मोटर्स और बजाज ऑटो सहित अधिकांश ऑटो शेयर लाल निशान में बंद हुए। दूसरी ओर फार्मा और हेल्थकेयर शेयरों में खरीदारी जरूर दिखी, लेकिन वह पूरे बाजार को संभालने के लिए पर्याप्त नहीं रही।

24,100 का स्तर बना दीवार

टेक्निकल एनालिस्टों के मुताबिक निफ्टी के लिए 24,100-24,250 का दायरा मजबूत रेजिस्टेंस बना हुआ है। बाजार इस स्तर के ऊपर टिक नहीं सका और जैसे ही बिकवाली बढ़ी, शॉर्ट टर्म ट्रेडर्स ने भी अपने सौदे काटने शुरू कर दिए। अब 24,000 और 23,800 के स्तर बाजार के लिए अहम सपोर्ट माने जा रहे हैं।

VIX में उछाल ने बढ़ाई घबराहट

बाजार की अस्थिरता मापने वाला इंडिया VIX करीब 6% चढ़कर 13.88 के आसपास पहुंच गया। VIX में तेजी आमतौर पर इस बात का संकेत होती है कि निकट भविष्य में बाजार में उतार-चढ़ाव बढ़ सकता है। इसी वजह से कई निवेशकों ने जोखिम कम करने के लिए मुनाफावसूली का रास्ता चुना। जब तक निफ्टी 24,100-24,250 के ऊपर मजबूती से बंद नहीं होता, तब तक बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। निवेशकों की नजर अब वैश्विक संकेतों, विदेशी निवेशकों की गतिविधियों, कच्चे तेल की कीमतों और आगामी आर्थिक आंकड़ों पर रहेगी।

    Yateendra Lawaniya
    यतींद्र लवानियाauthor

    प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

    और पढ़ें
    End of Article