बिजनेस

CGHS Rate List : इलाज और टेस्ट के लिए आधिकारिक रेट लिस्ट; जानिए किस बीमारी पर कितना कवर?

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से समय-समय पर सेंट्रल गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (CGHS) की रेट लिस्ट जारी की जाती है। यहां चेक करें CGHS का लेटेस्ट रेट लिस्ट और किस बीमारी के इलाज के लिए कितना कवरेज मिलता है।

Image

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से समय-समय पर जारी होती है रेट लिस्ट

CGHS Rate List Latest Update : अगर आप या आपके परिवार का कोई सदस्य सेंट्रल गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (CGHS) का लाभार्थी है, तो अस्पताल जाने से पहले स्वास्थ्य मंत्रालय की नई गाइडलाइंस और आधिकारिक रेट लिस्ट देखना आपके लिए बेहद जरूरी है। इसी आधिकारिक रेट लिस्ट के आधार पर सीजीएचएस लाभार्थियों का कैशलेस इलाज, मेडिकल रीइम्बर्समेंट (पैसा वापस मिलना) और मान्यता प्राप्त अस्पतालों को किया जाने वाला भुगतान तय होता है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा समय-समय पर इन दरों में संशोधन किया जाता है। हाल ही में लागू की गई संशोधित रेट लिस्ट में हजारों उपचार, सर्जरी, डायग्नोस्टिक टेस्ट, ओपीडी परामर्श और आईसीयू शुल्क को शामिल किया गया है।

क्या है CGHS Rate List?

CGHS Rate List वह आधिकारिक सूची है जिसमें विभिन्न बीमारियों के इलाज, ऑपरेशन, डायग्नोस्टिक जांच, लैब टेस्ट, डॉक्टर कंसल्टेशन, डे-केयर प्रक्रियाओं और अस्पताल में भर्ती होने के पैकेज रेट (Package Rates) तय किए जाते हैं। यह दरें CGHS से मान्यता प्राप्त (Empaneled) सभी निजी व सरकारी अस्पतालों और डायग्नोस्टिक सेंटरों पर अनिवार्य रूप से लागू होती हैं।

किन-किन स्वास्थ्य सेवाओं के लिए तय हैं रेट?

संशोधित आधिकारिक सूची में चिकित्सा जगत की लगभग सभी छोटी-बड़ी प्रक्रियाओं की दरें निर्धारित की गई हैं। इनमें जनरल मेडिसिन, कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, कैंसर उपचार, किडनी (नेफ्रोलॉजी), यूरोलॉजी और प्लास्टिक सर्जरी से जुड़ी बिमारियों के इलाज के साथ ही आंख, ईएनटी (नाक, कान, गला), स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग, जनरल सर्जरी और विभिन्न डे-केयर सर्जरी से जुड़ी प्रक्रियाएं कवर होती हैं। इनके अलावा रेडियोलॉजी, पैथोलॉजी, एमआरआई (MRI), सीटी स्कैन (CT Scan), एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और एंडोस्कोपी।

इलाज पर कितना मिलता है कवर?

कई लाभार्थियों को लगता है कि सीजीएचएस में किसी बीमारी के लिए कोई निश्चित "कवर राशि" होती है, लेकिन ऐसा नहीं है। सीजीएचएस के तहत लाभार्थी को संबंधित बीमारी या मेडिकल प्रक्रिया के लिए सरकार की तरफ से तय 'पैकेज रेट' के मुताबिक पूरी सुविधा मिलती है। यदि इलाज CGHS से मान्यता प्राप्त अस्पताल में तय नियमों और रेफरल प्रक्रिया के तहत कराया गया है, तो उसी तय पैकेज के अनुसार अस्पताल को सीधा भुगतान (कैशलेस) किया जाता है या मरीज को रीइम्बर्समेंट दिया जाता है।

बीमारी का रेट कैसे देखें और कहां मिलेगी लिस्ट?

स्वास्थ्य मंत्रालय की आधिकारिक CGHS Rate List में 2,500 से अधिक मेडिकल प्रक्रियाएं और टेस्ट दर्ज हैं।

1. लाभार्थी अपनी बीमारी, सर्जरी या टेस्ट के नाम से सर्च कर संबंधित पैकेज रेट देख सकते हैं।

2 संबंधित शहर, अस्पताल की श्रेणी और आपकी वार्ड कैटेगरी के आधार पर दरों में मामूली अंतर हो सकता है।

3. आधिकारिक सोर्स स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के आधिकारिक CGHS पोर्टल पर 'Rate List' सेक्शन में आम जनता और लाभार्थियों के लिए उपलब्ध है।

दिल्ली में प्रमुख बिमारियों के लिए रेट लिस्ट

केंद्र सरकार स्वास्थ्य योजना (CGHS) की संशोधित रेट लिस्ट स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा अक्टूबर 2025 में जारी की गई थी और यह 13 अक्टूबर 2025 से लागू है। इस सूची में इलाज, सर्जरी, डायग्नोस्टिक टेस्ट, आईसीयू, ओपीडी, डे-केयर प्रक्रियाओं और अन्य चिकित्सा सेवाओं के पैकेज रेट संशोधित किए गए हैं। नई व्यवस्था में अस्पताल की NABH मान्यता, शहर की श्रेणी (Tier-I, Tier-II और Tier-III) तथा वार्ड कैटेगरी के आधार पर अलग-अलग पैकेज दरें निर्धारित की गई हैं। दिल्ली के रेट नीचे दी गई टेबल में चेक कर सकते हैं।

इलाज / जांचNABH अस्पताल (₹)Non-NABH अस्पताल (₹)
कोरोनरी एंजियोप्लास्टी (PTCA)92,00078,200
एंजियोप्लास्टी (VCD के बिना)83,72571,150
कार्डियक कैथेटराइजेशन (CATH)13,54511,510
कोरोनरी एंजियोग्राफी13,22511,240
रेडियोफ्रीक्वेंसी (RF) एब्लेशन96,00081,600
RF एब्लेशन (3D मैपिंग)1,81,0001,53,850
सिंगल चैंबर पेसमेकर32,00027,200
ड्यूल चैंबर पेसमेकर43,00036,550
बाइवेंट्रिकुलर पेसमेकर49,62542,180
AICD (सिंगल चैंबर)50,00042,500
AICD (ड्यूल चैंबर)52,35044,500
इंट्रावैस्कुलर अल्ट्रासाउंड (IVUS)50,00050,000
TAVI/TAVR इम्प्लांट12,84,00012,84,000
TAVI/TAVR प्रक्रिया शुल्क1,00,00085,000
IVL (शॉक वेव लिथोट्रिप्सी)2,68,0002,68,000
FDG Whole Body PET-CT11,50010,000
Brain/Heart FDG PET-CT11,50010,000
Gallium-68 PET-CT11,50010,000
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें : Ayushman Bharat Digital Mission : देश के हर नागरिक के लिए क्यों जरूरी है 'ABHA'? जानिए इसके बेमिसाल फायदे
Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article