अगर आप बैंक से लेनदेन करने के लिए चेकबुक का इस्तेमाल करते हैं, तो आपके लिए एक जरूरी खबर है। पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया और WhatsApp पर एक मैसेज तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें दावा किया जा रहा है कि 31 दिसंबर 2026 के बाद मौजूदा चेकबुक काम करना बंद कर देंगी। इसके बाद 1 जनवरी 2027 से नई सिक्योरिटी फीचर्स वाली चेकबुक इस्तेमाल करनी होगी। इस खबर से कई बैंक ग्राहकों के बीच चिंता बढ़ गई है। हालांकि, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने अब इस वायरल दावे की सच्चाई बता दी है।
क्या 1 जनवरी 2027 से बदल जाएंगे चेकबुक के नियम?
सोशल मीडिया पर वायरल मैसेज में दावा किया जा रहा है कि 31 दिसंबर 2026 तक सभी बैंक ग्राहकों को अपनी पुरानी चेकबुक बदलवानी होगी। इसके बाद नई चेकबुक ही मान्य होगी। लेकिन RBI ने इस दावे को पूरी तरह गलत और भ्रामक बताया है। केंद्रीय बैंक ने 7 नवंबर 2026 को अपने आधिकारिक X अकाउंट पर पोस्ट करके स्पष्ट किया कि फिलहाल Cheque Truncation System (CTS) के तहत इस्तेमाल होने वाली चेकबुक में बदलाव करने की कोई योजना नहीं है। यानी 1 जनवरी 2027 से नई चेकबुक अनिवार्य करने का कोई फैसला नहीं लिया गया है।
वायरल मैसेज में क्या-क्या किए जा रहे थे दावे?
WhatsApp पर शेयर किए जा रहे मैसेज में नई चेकबुक के कई फीचर्स का जिक्र किया गया था। इसमें कहा गया था कि नई चेकबुक में अल्फा-न्यूमेरिक कोड, नया MICR नंबर और UV सिक्योरिटी फीचर होंगे। साथ ही दावा किया गया कि 50 हजार रुपये से ज्यादा की रकम वाले पुराने चेक बैंक स्वीकार नहीं करेंगे। ग्राहकों को 31 दिसंबर से पहले बैंक शाखा या मोबाइल बैंकिंग ऐप के जरिए नई चेकबुक मंगवाने की सलाह भी दी जा रही थी। हालांकि, RBI ने इन सभी दावों को भ्रामक बताया है।
क्या होती है CTS चेकबुक?
CTS यानी Cheque Truncation System एक ऐसी व्यवस्था है, जिसके जरिए चेक क्लियर करने की प्रक्रिया पूरी की जाती है। पहले चेक को एक बैंक से दूसरे बैंक तक भौतिक रूप से भेजा जाता था, लेकिन अब इसकी जगह चेक की तस्वीर और जरूरी जानकारी इलेक्ट्रॉनिक तरीके से भेजी जाती है। इससे चेक क्लियर होने की प्रक्रिया तेज होती है और समय की बचत होती है। मौजूदा समय में बैंक इसी सिस्टम के तहत चेक का भुगतान करते हैं।
क्या अभी नई चेकबुक के लिए आवेदन करना जरूरी है?
RBI के इस स्पष्टीकरण के बाद ग्राहकों को सिर्फ सोशल मीडिया पर वायरल मैसेज देखकर नई चेकबुक के लिए आवेदन करने की जरूरत नहीं है। अगर आपकी मौजूदा चेकबुक में पन्ने बचे हैं और चेक इस्तेमाल करने योग्य हैं, तो आप सामान्य बैंकिंग नियमों के तहत उनका इस्तेमाल जारी रख सकते हैं। नई चेकबुक की जरूरत तभी होगी, जब पुराने चेक खत्म हो जाएं या चेकबुक खो जाए। अगर भविष्य में RBI चेकबुक से जुड़े कोई नए नियम लागू करता है, तो इसकी जानकारी आधिकारिक माध्यम से दी जाएगी।
