Business Bulletin:ट्विटर ने वेरिफाइड अकाउंट से फ्री ब्लू टिक हटा दिए हैं। जिन लोगों ने ब्लू टिक प्लान के लिए पेमेंट नहीं किया था, उनके ट्विटर अकाउंट से ब्लू टिक हटा दिया गया है। बहुराष्ट्रीय पेय कंपनी कोका कोला ने केरल सरकार को पलक्कड़ जिले में स्थित अपनी 35 एकड़ जमीन वापस करने की पेशकश की है।सोने की कीमतों में पिछले कुछ महीनों में आए उछाल का असर अक्षय तृतीया के त्योहार पर होने वाली गोल्ड की बिक्री पर देखने को मिल सकता है। वहीं बैंकों ने शिरडी मंदिर के सिक्के लेने से इनकार कर दिया है। आइए जानते हैं आज की टॉप बिजनेस न्यूज
ट्विटर ने वेरिफाइड अकाउंट से फ्री ब्लू टिक हटा दिए हैं। जिन लोगों ने ब्लू टिक प्लान के लिए पेमेंट नहीं किया था, उनके ट्विटर अकाउंट से ब्लू टिक हटा दिया गया है। लेगेसी वेरिफाइड अकाउंट से ब्लू टिक हटाने का ऐलान एलन मस्क ने 12 अप्रैल को ही कर दिया था। जिसमें उन्होंने कहा था कि 20 अप्रैल से लेगेसी ब्लू टिक मार्क वेरिफाई अकाउंट से हट जाएगा। मस्क ने कहा था कि अगर ब्लू टिक चाहिए तो इसके लिए हर महीने पेमेंट करना पड़ेगा।
बहुराष्ट्रीय पेय कंपनी कोका कोला ने केरल सरकार को पलक्कड़ जिले में स्थित अपनी 35 एकड़ जमीन वापस करने की पेशकश की है।मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी बयान के अनुसार कंपनी ने लेटर लिख कर जमीन और इमारत सौंपने का प्रस्ताव किया है। कोका कोलना प्लांट को लेकर स्थानीय लोग विरोध कर रहे थे। उनका आरोप था कि प्लांट की वजह से प्रदूषण फैल रहा है। और भू-जल का भी दोहन हो रहा है। उसके बाद कंपनी का यह फैसला सामने आया है।
सोने की कीमतों में पिछले कुछ महीनों में आए उछाल का असर अक्षय तृतीया के त्योहार पर होने वाली गोल्ड की बिक्री पर देखने को मिल सकता है। ज्वैलर्स ने इस बार अक्षय तृतीया पर बिक्री में 20 प्रतिशत तक गिरावट आने की आशंका जताई है। सोना इस समय देश के अधिकांश हिस्सों में 60,000 रुपये प्रति 10 ग्राम से भी ऊपर भाव पर मिल रहा है। ऐसी स्थिति में लोग बेहद जरूरी होने पर ही सोना खरीदना पसंद कर रहे हैं। इसका असर अक्षय तृतीया पर महंगे आभूषणों की होने वाली परंपरागत खरीद पर पड़ सकता है।
म्यूचुअल फंड में कई तरह के फंड होते हैं। अधिकतर फंड किसी न किसी तरह एक-दूसरे से अलग होते हैं। इन्हीं में सेक्टोरल फंड भी शामिल हैं। सेक्टोरल फंड असल में इक्विटी फंड ही होते हैं। पर ये निवेशकों के पैसे को एक खास सेक्टर या उससे जुड़े बिजनेसों में निवेश करते हैं। यदि आप हेल्थकेयर फंड चुनते हैं तो आपका अधिकतर पैसा हेल्थकेयर या इससे संबंधित कंपनियों में निवेश होगा
प्रसिद्ध शिरडी मंदिर में श्रद्धालुओं की तरफ से चढ़ाए गए सिक्कों को रखने की जगह नहीं मिल रही है। यहां तक कि बैंकों ने भी इन्हें लेने से इनकार कर दिया है। ये सिक्के मंदिर के श्री साईबाबा संस्थान ट्रस्ट (एसएसएसटी) के स्वामित्व में हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, राज्य के स्वामित्व वाले बैंकों में जहां मंदिर ट्रस्ट के खाते हैं, उन्होंने ट्रस्ट से सिक्के लेने से इनकार कर दिया है। बैंकों का कहना है कि इन्हें रखने के लिए उनके पास जगह नहीं है। श्री साईंबाबा ट्रस्ट के 13 अलग-अलग सरकारी शाखाओं में खाते हैं। इनमें से ज्यादातर शिरडी में ही हैं, एक शाखा नासिक में है।
