बिजनेस

बजट 2026: एक फरवरी को देश के सबसे नए स्टॉक एक्सचेंज MSE में भी होगा कारोबार

Budget Day Trading: देश के सबसे नए स्टॉक एक्सचेंज मेट्रोपॉलिटन स्टॉक एक्सचेंज (एमएसई) ने बताया है कि आम बजट के दिन 1 फरवरी को यहां सामान्य कारोबार होगा। इस दिन वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संसद में आम बजट 2026-27 पेश करेंगी। बजट के बावजूद निवेशक एमएसई में ट्रेडिंग कर सकेंगे।

Image

आम बजट के दिन भी खुले रहेंगे शेयर बाजार, एमएसई ने किया ऐलान (तस्वीर-istock)

Photo : iStock

Budget Day Trading: देश में आम बजट के दिन शेयर बाजार खुले रहेंगे। देश के सबसे नए स्टॉक एक्सचेंज मेट्रोपॉलिटन स्टॉक एक्सचेंज (एमएसई) में भी आम बजट के दिन एक फरवरी को कारोबार होगा। एमएसई ने साफ कर दिया है कि 1 फरवरी 2026 को आम दिनों की तरह ही ट्रेडिंग होगी। इस दिन वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संसद में आम बजट 2026-27 पेश करेंगी। एमएसई ने इस संबंध में आधिकारिक सर्कुलर जारी कर जानकारी दी है। एमएसई की ओर से जारी सर्कुलर के मुताबिक, आम बजट पेश होने के बावजूद 1 फरवरी को लाइव ट्रेडिंग सत्र सामान्य समय के अनुसार आयोजित किया जाएगा। इसका मतलब है कि निवेशक बिना किसी रुकावट के शेयर बाजार में कारोबार कर सकेंगे। एक्सचेंज ने बताया कि बजट के कारण ट्रेडिंग सत्र में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

इक्विटी डेरिवेटिव्स सेगमेंट भी रहेगा खुला

आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक एमएसई ने एक अन्य सर्कुलर में यह भी स्पष्ट किया है कि 1 फरवरी को इक्विटी डेरिवेटिव्स सेगमेंट में भी ट्रेडिंग होगी। यानी फ्यूचर्स और ऑप्शंस में भी निवेशक सौदे कर सकेंगे। इससे ट्रेडर्स और निवेशकों को बजट के दिन बाजार की गतिविधियों में पूरी भागीदारी का मौका मिलेगा।

बीएसई और एनएसई भी पहले कर चुके हैं घोषणा

एमएसई से पहले देश के दो प्रमुख स्टॉक एक्सचेंज बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) भी बजट के दिन स्पेशल ट्रेडिंग सत्र आयोजित करने की घोषणा कर चुके हैं। तीनों एक्सचेंजों के खुलने से यह साफ है कि बजट के दिन बाजार पूरी तरह सक्रिय रहेगा।

प्री-ओपन और सामान्य ट्रेडिंग का समय

बीएसई और एनएसई की तरह ही एमएसई में भी सुबह 9:00 बजे से 9:08 बजे तक प्री-ओपनिंग सत्र होगा। इसके बाद सामान्य ट्रेडिंग सुबह 9:15 बजे से शुरू होकर शाम 3:30 बजे तक चलेगी। इस दौरान निवेशक इक्विटी, डेरिवेटिव्स और अन्य सेगमेंट में सौदे कर सकेंगे।

एनएसई का सर्कुलर क्या कहता है

एनएसई की ओर से जारी सर्कुलर में कहा गया है कि केंद्रीय बजट के कारण 1 फरवरी 2026 को एक्सचेंज मानक बाजार समय के अनुसार लाइव ट्रेडिंग सत्र आयोजित करेगा। सदस्यों से अनुरोध किया गया है कि वे इसे ध्यान में रखें और उसी अनुसार अपनी तैयारियां करें।

एफएंडओ और कमोडिटी डेरिवेटिव्स भी खुले रहेंगे

बजट के दिन सिर्फ इक्विटी सेगमेंट ही नहीं, बल्कि एफएंडओ (फ्यूचर्स एंड ऑप्शंस) और कमोडिटी डेरिवेटिव्स सेगमेंट भी खुले रहेंगे। इससे निवेशकों को बजट घोषणाओं के आधार पर तुरंत अपने निवेश फैसले लेने का मौका मिलेगा।

बीएसई का खास सर्कुलर

बीएसई ने एक अलग सर्कुलर में बताया है कि 1 फरवरी 2026 को टी+0 सेटलमेंट सत्र और सेटलमेंट डिफॉल्ट के लिए नीलामी सत्र आयोजित नहीं किए जाएंगे। यानी कुछ खास सेटलमेंट से जुड़े सत्र इस दिन नहीं होंगे, लेकिन सामान्य ट्रेडिंग जारी रहेगी।

रविवार को पेश होगा केंद्रीय बजट

केंद्रीय बजट 1 फरवरी को सुबह 11 बजे वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किया जाएगा। यह साल 2000 के बाद पहली बार होगा जब केंद्रीय बजट रविवार के दिन संसद में पेश किया जाएगा। इससे पहले 2025 में बजट शनिवार को पेश किया गया था। वहीं, दिवंगत अरुण जेटली के कार्यकाल में 2015 का बजट भी 28 फरवरी को शनिवार के दिन पेश हुआ था।

निवेशकों के लिए अहम दिन

बजट का दिन हमेशा से शेयर बाजार के लिए काफी अहम माना जाता है। इस दिन सरकार की नीतियों, कर बदलावों और खर्च योजनाओं का सीधा असर बाजार पर देखने को मिलता है। ऐसे में सभी प्रमुख एक्सचेंजों का खुले रहना निवेशकों और ट्रेडर्स के लिए बड़ी राहत की बात है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article