बिजनेस

Blinkit पर महज 10 मिनट में मिलेगी Ambulance, कंपनी ने शुरू की दमदार सर्विस

Blinkit Ambulance Service: ब्लिंकिट ने 10 मिनट में एम्बुलेंस सर्विस की शुरुआत कर सभी को चौंका दिया। कंपनी के संस्थापक और सीईओ अलबिंदर ढींडसा ने कहा कि हम अपने शहरों में त्वरित और विश्वसनीय एम्बुलेंस सर्विस प्रदान करने की समस्या को सुलझाने की दिशा में अपना पहला कदम बढ़ा रहे हैं। आज से गुरुग्राम में पहली पांच एम्बुलेंस सड़क पर होंगी।

Image

ब्लिंकिट संस्थापक और सीईओ अलबिंदर ढींडसा (फोटो साभार: @albinder)

Photo : Twitter

Blinkit Ambulance Service: ब्लिंकिट ने 10 मिनट में एम्बुलेंस सर्विस की शुरुआत कर सभी को चौंका दिया। अभी तक रोजमर्रा के जीवन में इस्तेमाल होने वाली वस्तुओं, सौंदर्य प्रसाधन, पालतू जानवरों की देखभाल वाले उत्पाद, नवजात बच्चों से जुड़े प्रोडक्ट, खाद्य पदार्थ इत्यादि चीजों को सीधे आपके घर तक पहुंचाने वाले ब्लिंकिट ने एम्बुलेंस सर्विस की भी शुरुआत कर दी है।

यूजर्स अब ब्लिंकिट से एम्बुलेंस भी बुलवा सकेंगे। क्विक कॉमर्स फर्म ब्लिंकिट ने गुरुग्राम में पहली पांच एम्बुलेंस सड़क पर उतारकर इस सर्विस की शुरुआत की। कंपनी के संस्थापक और सीईओ अलबिंदर ढींडसा ने 'एक्स' पर एक पोस्ट के माध्यम से इसकी जानकारी दी।

10 मिनट में एम्बुलेंस

अलबिंदर ढींडसा ने कहा कि 10 मिनट में एम्बुलेंस। हम अपने शहरों में त्वरित और विश्वसनीय एम्बुलेंस सर्विस प्रदान करने की समस्या को सुलझाने की दिशा में अपना पहला कदम बढ़ा रहे हैं। आज से गुरुग्राम में पहली पांच एम्बुलेंस सड़क पर होंगी। जैसे-जैसे हम इस सर्विस को और अधिक इलाकों तक पहुंचाएंगे। आपको ब्लिंकिट एप के माध्यम से बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) एम्बुलेंस बुक करने का विकल्प दिखाई देने लगेगा।

एम्बुलेंस में क्या-क्या सुविधा है मौजूद

बकौल अलबिंदर ढींडसा, ब्लिंकिट एम्बुलेंस में जरूरी लाइफ सपोर्ट सिस्टम मौजूद है जिनमें ऑक्सीजन सिलेंडर, एईडी (ऑटोमेटेड एक्सटर्नल डिफिब्रिलेटर), स्ट्रेचर, मॉनिटर, सक्शन मशीन और आवश्यक आपातकालीन दवाइयां और इंजेक्शन शामिल हैं।

इसके अलावा हर एक एम्बुलेंस में एक पैरामेडिक, एक असिस्टेंट और एक ट्रेंड ड्राइवर होगा। उन्होंने कहा कि यहां पर हमारा लक्ष्य लाभ कमाना नहीं है। हम ग्राहकों के लिए सस्ती कीमत पर इस सेवा का संचालन करेंगे और लंबे समय के लिए इस गंभीर समस्या को वास्तव में हल करने में निवेश करेंगे। ब्लिंकिट का लक्ष्य अगले दो सालों में सभी प्रमुख शहरों में विस्तार करना है।

एम्बुलेंस को दें जगह

जब ब्लिंकिट ने इस एम्बुलेंस सर्विस की शुरुआत की तो कंपनी संस्थापक ने जनता से एम्बुलेंस को हमेशा जगह देने की अपील की। कोरोना महामारी के दौरान क्विक ऑनलाइन कॉमर्स ने भारत सहित दुनिया भर में काफी लोकप्रियता वसूली और कई नए खिलाड़ियों ने इस मार्केट में अपनी जगह भी बनाई।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article