TikTok और Helo ऐप भारत में बैन होने से चीनी कंपनी को होगा ₹45000 करोड़ का नुकसान -ग्लोबल टाइम्स

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 2, 2020, 10:45 AM IST

Tik Tok, Helo App Ban: भारत सरकार ने हाल ही में चीन के 59 ऐप्स को बैन कर दिया है। अब चीन के सरकारी अखबार ने खुद स्वीकार किया है कि इससे चीन को लगभग 45 हजार करोड़ का नुकसान होगा।

TikTok और Helo ऐप भारत में बैन होने से चीनी कंपनी को होगा ₹45000 करोड़ का नुकसान -ग्लोबल टाइम्स

नई दिल्ली: भारत औऱ चीन के बीच गलवान घाटी में 15 जून को हुई हिंसक झड़प के बाद तनावपूर्ण हालात बने हुए हैं। भारत के 20 सैनिक इस झड़प में शहीद हो गए थे जिसके बाद सरकार ने भारत में मौजूद चीनी एप्स पर सख्ती दिखाते हुए कुल 59 चाइनीज एप्स को प्रतिबंधित कर दिया। शुरूआत में कहा जा रहा था कि कि इससे चीन को ज्यादा नुकसान नहीं होगा लेकिन अब खुद चीन के सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स ने कहा है कि केवल हेलो एप और टिक-टॉक के बंद होने से चीनी  कंपनी बाइटडांस को करीब 6 बिलियन डॉलर यानि लगभग 45 हजार करोड़ रुपये तक का नुकसान हो सकता है।

केंद्र ने लगाया प्रतिबंध

सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने रविवार को चीन के 59 ऐप पर प्रतिबंध लगा दिया था। सरकार ने कहा कि ये ऐप्स भारत की संप्रभुता एवं अखंडता, भारत की रक्षा, राज्‍य की सुरक्षा और सार्वजनिक व्‍यवस्‍था के लिए नुकसानदेह हैं। मंत्रालय ने कहा कि  इस तरह की चिंताओं से हमारे देश की संप्रभुता और सुरक्षा को भी खतरा है। सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय को विभिन्न स्रोतों से तमाम शिकायतें मिली हैं जिनमें एंड्रॉइड और आईओएस प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कई मोबाइल ऐप के दुरुपयोग के बारे में विभिन्‍न प्रकार की रिपोर्ट शामिल हैं।

संभावित से अधिक नुकसान

ग्लोबल टाइम्स ने कहा है कि बाइटडांस ने पिछले कुछ वर्षों के दौरान भारतीय बाजार में 1 बिलियन डॉलर से अधिक का निवेश किया था और प्रतिबंध लगने से बाइटडांस का कारोबार रूक गया है जिससे 6 बिलियन डॉलर (45 हजार करोड़ रुपये लगभग) का नुकसान हुआ। यह आंकड़ा संयुक्त रूप से अन्य सभी ऐप्स के संभावित नुकसान से अधिक होगा।

20 फीसदी यूजर भारत से

टिकटॉक और हेलो एप का संचालन बाइटडांस कंपनी करती है जिसके भारत में काफी संख्या में यूजर थे। वहीं विगो वीडियो नामक एक अन्य ऐप को भी बैन किया गया है जो बाइट डांस कंपनी का ही ऐप है। मोबाइल ऐप विश्लेषण करने वाली कंपनी सेंसर टूअर के आंकड़ों के मुताबिक, मई में टिक टॉक के 112 मिलियन डाउनलोड थे जिसमें भारतीय बाजार में कुल हिस्सेदारी का 20 प्रतिशत था, जो अमेरिकी बाजार का दोगुना था।

चीनी कंपनियां रख रही हैं अपना पक्ष

आपको बता दें कि  TikTok और Helo अब भारतीय ऐप स्टोर में उपलब्ध नहीं हैं। एक बयान में, TikTok ने कहा कि वह इस मुद्दे को लेकर भारत सरकार के साथ सहयोग कर रहा है, और ऐप उपयोगकर्ताओं की गोपनीयता की रक्षा के लिए स्थानीय कानूनों का पालन करता रहेगा। सार्वजनिक जानकारी के अनुसार बाइटडांस कंपनी ने 2,000 से अधिक स्थानीय कर्मचारियों को काम पर रखा है।

End of Article