रुलाएगी महंगाई! रिकॉर्ड स्तर पर ATF की कीमत, दाम 1 लाख के पार, आप पर ऐसे पड़ेगा असर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 16, 2022, 02:25 PM IST

जेट ईंधन की कीमत इस साल लगातार छठी बार बढ़ी है और पहली बार कीमत 1 लाख रुपये प्रति किलोलीटर के निशान से ऊपर पहुंच गई।

रुलाएगी महंगाई! रिकॉर्ड स्तर पर ATF की कीमत, दाम 1 लाख के पार, आप पर ऐसे पड़ेगा असर

नई दिल्ली। देश के आम आदमी के सिर पर महंगाई का खतरा मंडरा रहा है। दिन-रात मेहनत करके भी लोग बचत नहीं कर पा रहे हैं। कई दिनों से चर्चा हो रही थी कि कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमत में बढ़ोतरी से देश में पेट्रोल और डीजल की कीमत (Petrol Diesel Price) में इजाफा हो सकता है। अब बुधवार को जेट ईंधन की कीमतों (Jet fuel prices) में 18 फीसदी से अधिक की बढ़ोतरी हो गई है और इसकी कीमत रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुकी है।

इतनी हुई एटीएफ की कीमत (ATF Price)
राज्य के स्वामित्व वाले ईंधन खुदरा विक्रेताओं द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, एविएशन टरबाइन ईंधन (Aviation turbine fuel, ATF) राष्ट्रीय राजधानी में 17,135.63 रुपये प्रति किलोलीटर या 18.3 फीसदी बढ़ाकर 1,10,666.29 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई। मुंबई में एटीएफ की कीमत 1,09,119.83 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई और कोलकाता में इसकी कीमत 1.14,979.70 रुपये प्रति किलोलीटर है। चेन्नई में भी यह 1 लाख रुपये के पार, यानी 1,14,133.73 रुपये प्रति किलोलीटर है।

इसलिए बढ़ी कीमत
यूक्रेन पर रूस के आक्रमण (Russia Ukraine War) के बाद आपूर्ति बाधित होने की आशंका से अंतरराष्ट्रीय तेल की कीमतें पिछले सप्ताह 140 डॉलर प्रति बैरल के करीब 14 साल के उच्च स्तर पर पहुंच गई थीं। तब से कीमतें लगभग 100 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई हैं।

जेट ईंधन एक एयरलाइन की परिचालन लागत का लगभग 40 फीसदी है। इस साल यह नई ऊंचाई पर पहुंच गया है। 71,028.26 रुपये प्रति किलोलीटर का पिछला शिखर अगस्त 2008 में दर्ज किया गया था, जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें (Crude Oil Price) 147 डॉलर प्रति बैरल को छू गई थीं। बुधवार को ब्रेंट क्रूड ऑयल 100 डॉलर प्रति बैरल के करीब कारोबार कर रहा था।

महंगा होगा हवाई सफर!
2022 की शुरुआत से हर पखवाड़े में एटीएफ की कीमत में वृद्धि हुई है। 1 जनवरी से शुरू होने वाली छह बढ़ोतरी में एटीएफ की कीमतों में 36,643.88 किलोलीटर या लगभग 50 फीसदी की वृद्धि हुई है। ऐसे में अब आपके लिए हवाई सफर करना महंगा हो सकता है। एयरलाइन कंपनियां फ्लाइट टिकट के दाम बढ़ा सकती हैं।

132 दिनों से नहीं बदली पेट्रोल-डीजल की कीमत
मालूम हो कि एटीएफ के विपरीत, पेट्रोल और डीजल की कीमतें बुधवार को रिकॉर्ड 132वें दिन लगातार स्थिर बनी हुई हैं। उत्तर प्रदेश और पंजाब सहित पांच राज्यों में चुनाव खत्म होने के बाद भी 4 नवंबर 2021 से ही पेट्रोल-डीजल की कीमत में बदलाव नहीं हुआ।

कच्चे तेल के लिए रूस के साथ जल्द हो सकती है डील
उल्लेखनीय है कि भारत रूस के साथ 35 लाख बैरल कच्चे तेल की खरीद के लिए जल्द ही एक समझौते कर सकता है। TOI की एक रिपोर्ट के अनुसार, सौदे की शर्तों के अनुसार, रूस भारत को वितरित किए जाने वाले कच्चे तेल की शिपिंग और बीमा का भी ध्यान रखेगा।

End of Article