बिजनेस

Moneyview ने कराया निवेशकों को प्रॉफिट दर्शन, पहले ही दिन 70% का धांसू रिटर्न

अक्टूबर के पहले दिन मनीव्यू IPO की बंपर लिस्टिंग ने निवेशकों में उत्साह भर दिया है। लिस्टिंग के पहले ही दिन मनीव्यू ने निवेशकों को 70% का ताबड़तोड़ रिटर्न दिया है। वहीं, इस दौरान एवन स्टील ने भी डेब्यू किया।

Image

मजबूत लिस्टिंग ने बढ़ाया निवेशकों का भरोसा

Moneyview IPO Listing Day : शेयर बाजार में भले ही बिकवाली की आंधी है। लेकिन, 34 रुपये के शेयर की तूफानी तेजी ने निवेशकों को जोरदार कमाई कराई है। ₹34 के इश्यू प्राइस वाला Moneyview Share NSE पर ₹55 और BSE पर ₹55.61 पर लिस्ट हुआ। यानी लिस्टिंग के साथ ही निवेशकों को करीब 62% से 64% का रिटर्न मिल गया। इसके बाद शुरुआती कारोबार में शेयर ₹62.00 तक पहुंचा, जिससे इश्यू प्राइस की तुलना में शेयर लिस्टिंग डे रिटर्न 70% के करीब पहुंच गया है।

एक Lot पर कितना प्रॉफिट?

Moneyview IPO में लॉट साइज 441 शेयर का था। अपर प्राइस बैंड एक लॉट के लिए ₹14,994 का निवेश करना था। अगर किसी निवेशक को ₹34 के भाव पर 441 शेयर का अलॉटमेंट मिला और ₹62 रुपये पर शेयर को बेचा, तो हर लॉट पर 70% यानी ₹10,495.80 का मुनाफा हुआ है।

98 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब हुआ

Moneyview की शानदार लिस्टिंग के पीछे IPO को मिला जबरदस्त इनेव्स्टर रेस्पॉन्स है। कंपनी का करीब ₹1,091.68 करोड़ का IPO 24 सितंबर से 28 सितंबर तक सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इश्यू को कुल 98.46 गुना सब्सक्राइब किया गया। QIB कैटेगरी में IPO 227.45 गुना, NII में 115.41 गुना और रिटेल कैटेगरी में 19.57 गुना सब्सक्राइब हुआ। इसमें कंपनी ने ₹750 करोड़ का फ्रेश और करीब ₹341.68 करोड़ का OFS रखा था।

आखिर क्या करती है कंपनी?

Moneyview एक डिजिटल ऑन्ली क्रेडिट लेड फाइनेंशियल सर्विस प्लेटफॉर्म है। कंपनी पर्सनल लोन के अलावा अर्न्ड वेज एक्ससे, होम लोन, लोन अगेंस्ट प्रॉपर्टी, डिजिटल गोल्ड और UPI जैसे प्रोडक्ट और सर्विसेज में भी मौजूद है।

GMP से भी ज्यादा मजबूत रही डेब्यू

लिस्टिंग से पहले ग्रे मार्केट में Moneyview को लेकर करीब ₹14 का GMP बताया जा रहा था, जिससे लगभग 43% प्रीमियम की उम्मीद बन रही थी। लेकिन वास्तविक लिस्टिंग इससे कहीं बेहतर रही।

कैसी रही एवन स्टील की लिस्टिंग?

A-One Steels की लिस्टिंग भी पॉजिटिव रही। ₹405 के इश्यू प्राइस के मुकाबले शेयर BSE पर ₹462 और NSE पर ₹455 पर लिस्ट हुआ। यानी BSE पर निवेशकों को 14.07% और NSE पर 12.35% का लिस्टिंग गेन मिला। हालांकि, बाद में यह घटकर 2% तक आ गया।

अब दो आईपीओ में मौका

अभी दो मेनबोर्ड IPO सब्सक्रिप्शन के लिए खुले हैं। Vishal Nirmiti और Nityas Gems & Jewellery में 5 अक्टूबर तक दांव लगाया जा सकता है। Vishal Nirmiti IPO का प्राइस बैंड ₹208-220 है। दो दिन में यह इश्यू 30% सब्सक्राइब हुआ है। वहीं, Grey Market में इसका GMP करीब ₹35 है। यानी अपर प्राइस बैंड पर करीब 16% प्रीमियम मिल रहा है। इसी तरह Nityas Gems & Jewellery IPO का प्राइस बैंड ₹70-75 है। यह इश्यू करीब 31% सब्सक्राइब हुआ है। इसका GMP करीब ₹5-6, यानी लगभग 7-8% प्रीमियम दिखा रहा है।

डिस्क्लेमर: TIMES NOW नवभारत किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ या कमोडिटी में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article