ई-कॉमर्स दिग्गज Amazon ने अपनी क्विक कॉमर्स सेवा Amazon Now के बड़े विस्तार का ऐलान किया है। कंपनी ने सोमवार को बताया कि वह इस सेवा को देशभर के 100 शहरों तक पहुंचाने की योजना बना रही है। हालांकि, इस विस्तार को पूरा करने के लिए कंपनी ने अभी कोई तय समयसीमा साझा नहीं की है।
फास्ट डिलीवरी
फिलहाल Amazon Now सेवा दिल्ली-एनसीआर, मुंबई और बेंगलुरु जैसे प्रमुख शहरों में उपलब्ध है, जहां यह ग्राहकों को तेजी से डिलीवरी की सुविधा देती है। अब कंपनी इस सेवा को दूसरे बड़े और मध्यम शहरों तक ले जाने की तैयारी में है, जिससे अधिक से अधिक ग्राहकों को इसका लाभ मिल सके।
1000 फुलफिलमेंट सेटर्स
पीटीआई/भाषा के मुताबिक इस विस्तार के लिए कंपनी अपनी सप्लाई चेन और पूर्ति (फुलफिलमेंट) इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करेगी। इसके तहत देशभर में 1,000 से अधिक माइक्रो-फुलफिलमेंट सेंटर स्थापित किए जाएंगे, जो ऑर्डर को तेजी से प्रोसेस और डिलीवर करने में मदद करेंगे। यह कदम कंपनी की क्विक कॉमर्स सेगमेंट में पकड़ मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा है।
2,800 करोड़ का निवेश
यह विस्तार योजना हाल ही में घोषित 2,800 करोड़ रुपये के निवेश का हिस्सा है, जिसे Amazon India अपने ऑपरेशंस और नेटवर्क को बढ़ाने में खर्च करेगी। कंपनी के उपाध्यक्ष (एवरीडे एसेंशियल्स) हर्ष गोयल ने कहा कि Amazon Now के विस्तार की रफ्तार तेज कर दी गई है और माइक्रो-फुलफिलमेंट सेंटर के बड़े नेटवर्क के जरिए इसे 100 शहरों तक पहुंचाया जाएगा।
इस पहल का फायदा किसानों को भी मिलेगा। कंपनी के अनुसार, इस विस्तार से 16,000 से अधिक किसानों को अपने ताजे उत्पाद सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने का मौका मिलेगा, जिससे उनकी आय बढ़ने की संभावना है।
Amazon Now सेवा का विस्तार पुणे, हैदराबाद, चेन्नई, कोलकाता, जयपुर, लखनऊ, कानपुर, चंडीगढ़, अहमदाबाद, मेरठ, मैसूर, पानीपत, कोच्चि, अमृतसर, मैंगलुरु और विशाखापत्तनम जैसे शहरों में किया जाएगा।
