बिजनेस

महंगा होगा हवाई सफर! ATF 114% उछला, ईरान युद्ध से एयरलाइंस को डबल झटका

अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध से एयरलाइंस को डबल झटका लगा है। भारत की तमाम एयरलाइंस पहले से ही पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के चलते ऑपरेशनल चुनौतियों से जूझ रही हैं। अब क्रूड महंगा होने की वजह से ATF के दाम में बड़ा उछाल आया है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक अब ATF ₹2,07,341 प्रति किलोलीटर पहुंच गया है।

Image

जेट फ्यूल के दाम में बढ़ोतरी

ATF Price India: हवाई सफर अब और महंगा होने जा रहा है। क्योंकि ईरान युद्ध से जुड़े कच्चे तेल के उछाल ने एयरलाइंस की लागत बढ़ा दी है। जेट फ्यूल यानी एविएशन टरबाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में 114% का बड़ा उछाल आया है। ATF की कीमतों ने नया ऑलटाइम हाई बना लिया है। यह पहली ATF की कीमत ₹2 लाख प्रति किलोलीटर के पार पहुंच गई है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली में ATF बढ़कर ₹2,07,341 प्रति किलोलीटर पहुंच गया, जो पहले ₹96,638 प्रति किलोलीटर था। यह 114% से ज्यादा का उछाल है और पहली बार जेट फ्यूल ने ₹2 लाख का स्तर पार किया है।

ईरान युद्ध ने बिगाड़ा खेल

इस तेज उछाल के पीछे सबसे बड़ा कारण वेस्ट एशिया में बढ़ता तनाव है। Brent Crude 100 डॉलर के ऊपर बना हुआ है और लगातार मजबूती दिखा रहा है। ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच तनाव ने ग्लोबल सप्लाई को प्रभावित किया है, जिससे ऊर्जा बाजार में उथल-पुथल बढ़ गई है।

एक महीने में दोगुनी हुई कीमतें

ग्लोबल डेटा के मुताबिक, ATF की कीमतें फरवरी के अंत में करीब $99 प्रति बैरल थीं, जो मार्च के अंत तक बढ़कर $195 प्रति बैरल पहुंच गईं। यानी महज एक महीने में कीमतें लगभग दोगुनी हो गईं। इसका सीधा असर भारत में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की लागत पर पड़ा है।

मेट्रो शहरों में तेजी

देश के चार बड़े शहरों में ATF की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं। दिल्ली में ₹2.07 लाख प्रति किलोलीटर, कोलकाता में ₹2.05 लाख, मुंबई में ₹1.94 लाख और चेन्नई में सबसे ज्यादा ₹2.14 लाख प्रति किलोलीटर दर्ज किया गया है। यह पूरे एविएशन सेक्टर में लागत दबाव को दिखाता है।

एयरलाइंस पर डबल मार

एयरलाइंस के कुल खर्च में फ्यूल की हिस्सेदारी 30 से 40% तक होती है। ऐसे में कीमतों में इतनी बड़ी तेजी सीधे कंपनियों के मार्जिन पर असर डालती है। InterGlobe Aviation, Air India और Akasa Air जैसी कंपनियों ने फ्यूल सरचार्ज बढ़ाना शुरू कर दिया है और आने वाले दिनों में किराए में और बढ़ोतरी लगभग तय मानी जा रही है।

केंद्र ने की राज्यों से वैट घटाने की मांग

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नागरिक उड्डयन मंत्री Ram Mohan Naidu ने राज्यों से ATF पर लगने वाले VAT को कम करने की अपील की है। फिलहाल कई राज्यों में यह टैक्स 18% से 29% के बीच है, जिससे एयरलाइंस पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है।

रुपये की कमजोरी ने बढ़ाई मुश्किल

तेल की कीमतों के साथ-साथ रुपये की कमजोरी ने भी लागत बढ़ा दी है। डॉलर के मुकाबले कमजोर रुपया अंतरराष्ट्रीय ऑपरेशंस के खर्च को बढ़ाता है, क्योंकि फ्यूल का भुगतान डॉलर में होता है। साथ ही, जियोपॉलिटिकल तनाव के कारण एयरस्पेस प्रतिबंधों से फ्लाइट रूट लंबे हो गए हैं, जिससे फ्यूल खपत और बढ़ रही है।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article