पीएफ (PF) को नौकरीपेशा लोगों के लिए रिटायरमेंट (Retirement) की बड़ी बचत माना जाता है। नौकरी के दौरान कर्मचारी और नियोक्ता दोनों इसमें योगदान करते हैं, जिस पर सालाना ब्याज भी मिलता है।जरूरत पड़ने पर कर्मचारी इस रकम को निकाल सकते हैं। हालांकि, अब कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने निकासी से जुड़े नियमों में अहम बदलाव किया है। नए प्रस्ताव के मुताबिक, कर्मचारी अपने पीएफ खाते में जमा रकम का 90% तक निकाल सकेंगे। पहले यह सीमा 75% थी। लेकिन ज्यादा रकम निकालने का फैसला रिटायरमेंट के समय भारी पड़ सकता है। आइए समझते हैं कैसे-
क्या है EPF निकासी का नया नियम?
EPFO के नए बदलाव के तहत कर्मचारियों को अपने पीएफ खाते में अब कम से कम 10% बैलेंस बनाए रखना होगा। पहले यह न्यूनतम बैलेंस 25% था। यानी अब कर्मचारी अपनी कुल पीएफ बचत का 90% तक निकाल सकते हैं। पीएफ की रकम का इस्तेमाल मेडिकल इमरजेंसी, बच्चों की पढ़ाई, शादी, घर खरीदने और नौकरी छूटने जैसी जरूरतों के लिए किया जा सकता है।
इसके अलावा, नौकरी छूटने की स्थिति में पीएफ की पूरी रकम निकालने के लिए पहले 12 महीने इंतजार करना पड़ता था। अब इस अवधि को घटाकर दो महीने कर दिया गया है। इन बदलावों का उद्देश्य कर्मचारियों को जरूरत के समय अधिक वित्तीय सुविधा देना है।
90% निकासी से कितना हो सकता है नुकसान?
ज्यादा रकम निकालने का फायदा भले ही तुरंत मिल जाए, लेकिन इसका असर लंबे समय में रिटायरमेंट फंड पर पड़ता है। इसकी वजह यह है कि पीएफ में जमा रकम पर चक्रवृद्धि ब्याज मिलता है। उदाहरण के लिए अगर किसी 50 साल के कर्मचारी के पीएफ खाते में 80 लाख रुपये जमा हैं, तो वह 75% निकासी के तहत 60 लाख रुपये निकाल सकता है। वहीं, 90% निकासी के विकल्प में यह रकम बढ़कर 72 लाख रुपये हो जाएगी।
इस तरह कर्मचारी 12 लाख रुपये अतिरिक्त निकाल लेगा। लेकिन 58 साल की उम्र तक इस अतिरिक्त रकम को खाते में रहने देने पर 8.25% सालाना ब्याज के हिसाब से करीब (12 लाख अतिरिक्त रकम + 10.64 लाख ब्याज) 22.64 लाख रुपये का अतिरिक्त फंड तैयार हो सकता था। यानी ज्यादा निकासी के कारण रिटायरमेंट के समय लगभग 23 लाख रुपये का नुकसान हो सकता है।
डिटेल्स | रकम |
|---|---|
कुल पीएफ बैलेंस | ₹80 लाख |
75% के हिसाब से निकासी | ₹60 लाख |
90% के हिसाब से निकासी | ₹72 लाख |
खाते में बची रकम (75% निकासी पर) | ₹20 लाख |
खाते में बची रकम (90% निकासी पर) | ₹8 लाख |
अतिरिक्त निकासी | ₹12 लाख |
सालाना ब्याज दर | 8.25% |
अवधि | 8 साल |
अतिरिक्त रकम पर अनुमानित ब्याज | ₹10.64 लाख |
8 साल बाद अतिरिक्त रकम की कुल वैल्यू | ₹22.64 लाख |
रिटायरमेंट फंड का संभावित नुकसान | करीब ₹23 लाख |
पीएफ निकालने से पहले किन बातों का रखें ध्यान?
EPF पर इस कैलकुलेशन में 8.25% सालाना ब्याज दर मानकर हिसाब लगाया गया है। यह दर भविष्य में बदल सकती है। इसलिए इसे अनुमान के तौर पर ही देखना चाहिए। पीएफ की रकम निकालने से पहले अपनी जरूरत और दूसरे वित्तीय विकल्पों पर विचार करें। छोटी-मोटी जरूरतों के लिए रिटायरमेंट की बचत को खर्च करने से बचें।
