क्रिकेट

भारत की शान हरप्रीत सिंह भाटिया अब हैं यूएई की जान, इंडिया ए के खिलाफ शतक जड़कर रचा इतिहास

Harpreet Singh Bhatia: भारतीय मूल के हरप्रीत सिंह भाटिया ने इंडिया ए के खिलाफ शतक जड़कर इतिहास रच दिया। कभी अंडर-19 भारतीय टीम के उप-कप्तान रहे हरप्रीत को जब भारत में मौका नहीं मिला तो उन्होंने यूएई से खेलकर अपना सपना पूरा कर लिया।

Image

हरप्रीत सिंह भाटिया (साभार-X)

मंगलवार, 24 नवंबर को भारतीय मूल के बाएं हाथ के ऑलराउंडर हरप्रीत सिंह भाटिया ने यह साबित किया कि अगर आपके सपने में ईमानदारी है और खुद पर भरोसा है तो वह देर से ही सही पूरे होते हैं। कभी भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का सपना देखने वाले हरप्रीत ने आज उसके खिलाफ ही शतक जड़कर इतिहास रच दिया। उन्होंने यह कारनामा एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स के करो या मरो मैच में किया। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में दल्ली राजहारा में जन्मे हरप्रीत ने इंडिया ए के खिलाफ इस मुकाबले में 120 गेंद में अपना शतक पूरा किया। हरप्रीत 130 रन की पारी खेलकर आउट हुए। उन्हें अरशद खान ने आउट किया। उन्होंने अपनी पारी में 12 चौके और 4 छक्के जड़े। यह लिस्ट ए क्रिकेट में उनका सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले उन्होंने छत्तीसगढ़ के लिए खेलते हुए बिहार के खिलाफ 120 रन की पारी खेली थी। इतना ही नहीं इस टूर्नामेंट में एसोसिएट नेशन की ओर से शतक जड़ने वाले वह पहले बल्लेबाज बन गए हैं।

इंडिया ए के खिलाफ हरप्रीत ने जब अपना शतक पूरा किया तो उनके लिए यह लम्हा बेहद खास था, क्योंकि ताउम्र भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट का सपना देखने वाले हरप्रीत को जब यहां मौका नहीं मिला तो उन्होंने अपने सपने को पूरा करने के लिए यूएई का रूख किया। अप्रैल 2026 में यूएई की नागरिकता मिली और उसके फौरन बाद उन्होंने टी20 और वनडे में डेब्यू कर लिया। यहां उन्होंने वनडे टीम की कमान भी संभाली।

लीडरशिप भूमिका निभा चुके हैं हरप्रीत

2009 में हरप्रीत सिंह भाटिया भारतीय अंडर-19 टीम के लीडरशिप की भूमिका में थे। वह टीम के उप-कप्तान थे। लेकिन उन्हें असली पहचान कूच विहार टूर्नामेंट में मिली जब 2008-09 में उन्होंने 7 मैच में 709 रन बनाकर सबका ध्यान खींचा था। 2010 में जब अंडर-19 वर्ल्ड कप की टीम बनी तो वह केएल राहुल, मयंक अग्रवाल जैसे खिलाड़ी के साथ खेले थे।

2009-10 में किया फर्स्ट क्लास डेब्यू

सीनियर क्रिकेट की बात करें तो 2009-10 में उन्होंने मध्यप्रदेश के लिए फर्स्ट क्लास डेब्यू किया। हालांकि, 2018 में उन्होंने एमपी को छोड़कर छत्तीसगढ़ का दामन थामा। 2018-19 में वह रणजी ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी में लीडिंग रन स्कोरर थे। उस सीजन उन्होंने 629 रन की पारी खेली थी।

आईपीएल में भी दिखाया दम

हरप्रीत सिंह ने 2010 में कोलकाता नाईट राइडर्स की ओर से खेलते हुए अपना आईपीए डेब्यू किया। केकेआर के अलावा हरप्रीत पुणे वॉरियर्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और पंजाब किंग्स का भी हिस्सा रहे। 2024 में वह पीबीकेएस का हिस्सा थे।

हरप्रीत सिंह का क्रिकेट करियर

हरप्रीत सिंह के क्रिकेट करियर की बात करें तो उन्होंने 13 वनडे और 5 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में क्रमश: 459 और 42 रन बनाए। इसके अलावा उन्होंने 86 फर्स्ट क्लास मैच, 114 लिस्ट ए मैच और 110 टी20 में क्रमश: 5403, 3808 और 3133 रन बनाए। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनके नाम 16 शतक और 25 अर्धशतक जबकि लिस्ट ए में 6 शतक और 22 अर्धशतक हैं। टी20 में उन्होंने 21 अर्धशतक जड़े हैं।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article