बिजनेस

नौकरी खोजना होगा आसान! NCS ONE पोर्टल लॉन्च, पता चलेगा कहां नौकिरियों की डिमांड?

देशभर में रोजगार के अवसरों को एक मंच पर लाने के लिए केंद्र सरकार के श्रम मंत्रालय ने NCS ONE पोर्टल लॉन्च किया है। इस पहल के तहत देश में 200 करियर लाउंज भी खोले जाएंगे।

Image

एक ही पोर्टल पर मिलेगी पूरी जानकारी

NCS One Portal Launched : नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए केंद्र सरकार ने एक नई पहल की है। अब नौकरी ढूंढने, कंपनियों तक पहुंचने और अपनी स्किल के मुताबिक रोजगार के अवसर तलाशने में मदद के लिए एक नया डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया गया है। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने National Career Service (NCS) ONE Portal लॉन्च किया है। इस पोर्टल के जरिए जॉब सीकर ऐप, कंपनियों के प्लेटफॉर्म, राज्यों के रोजगार पोर्टल, निजी जॉब प्लेटफॉर्म और शैक्षणिक संस्थानों को एक नेटवर्क से जोड़ने की योजना है।

इस पहल के साथ सरकार ने 8 शहरों में करियर लाउंज (Career Lounges) भी शुरू किए हैं। इसके अलावा देशभर में रोजगार कार्यालयों, विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में ऐसे 200 केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इनका उद्देश्य युवाओं को करियर गाइडेंस, स्किल असेसमेंट, ट्रेनिंग और प्लेसमेंट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

NCS ONE Portal में मिलेंगे ये नए फीचर

NCS ONE Portal को National Career Service (NCS) के तहत विकसित किया गया है। इसमें Voice Bot और Chat Bot जैसे फीचर भी शामिल किए गए हैं। इनकी मदद से नौकरी तलाशने वालों को प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध सेवाओं और रोजगार से जुड़ी जानकारियां हासिल करने में सहायता मिलेगी। इस पोर्टल की खासियत इसका Open Network for Employment (ONE) मॉडल है। इसके तहत जॉब सीकर ऐप, एम्प्लॉयर ऐप, राज्य सरकारों के रोजगार पोर्टल, निजी जॉब प्लेटफॉर्म और शैक्षणिक संस्थानों को आपस में जोड़ा जाएगा। इससे रोजगार तलाशने वालों और कंपनियों के बीच संपर्क बढ़ाने में मदद मिल सकती है।

पता चलेगा किस सेक्टर में नौकरियों की मांग?

सरकार ने पोर्टल के साथ ऑक्यूपेशनल शॉर्टेज इंडेक्स (OSI) भी लॉन्च किया है। यह एक डेटा आधारित टूल है, जो श्रम बाजार में रोजगार की मांग और उपलब्ध कर्मचारियों के बीच अंतर का आकलन करेगा। इस इंडेक्स से नौकरी तलाशने वाले युवाओं को यह समझने में मदद मिलेगी कि किन क्षेत्रों में रोजगार के अवसर ज्यादा हैं और उन्हें किस तरह की स्किल विकसित करनी चाहिए। वहीं, कंपनियां इससे उन क्षेत्रों की पहचान कर सकेंगी जहां कर्मचारियों की कमी है। इसके आधार पर वे अपनी भर्ती की योजना बना सकती हैं।

e-Shram में जुड़ा लाइवीहुड प्रोफाइल

सरकार ने इसके साथ ही e-Shram पोर्टल पर Livelihood Profile Module भी लॉन्च किया है। इसके जरिए असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों की आजीविका से जुड़ी जानकारी दर्ज की जाएगी। इसके साथ ही श्रमिकों को पांच तरह की सामाजिक सुरक्षा से जोड़ने पर जोर दिया गया है, जिन्हें सरकार ने 'पंच सुरक्षा' नाम दिया है। इनमें खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य सुरक्षा, जीवन बीमा, दुर्घटना एवं दिव्यांगता सुरक्षा और पेंशन सुरक्षा शामिल हैं। इसका उद्देश्य श्रमिकों की आजीविका से जुड़ी जानकारी के साथ उनकी सामाजिक सुरक्षा को भी मजबूत करना है।

जयपुर से बेंगलुरु तक 8 शहरों में करियर लाउंज शुरू

केंद्र सरकार ने युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करने के मकसद से आठ शहरों में करियर लाउंज की शुरुआत की है। मांडविया ने इन्हें वर्चुअली लॉन्च किया। इनमें जयपुर, लुधियाना, भुवनेश्वर, कानपुर, बेंगलुरु, वाराणसी, हैदराबाद और गुवाहाटी शामिल हैं। ये करियल लाउंज नेशनल करियर सर्विस के तहत स्थापित मॉडल करियर सेंटर (MCCs) का विस्तार होंगे। सरकार की योजना रोजगार कार्यालयों, विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में ऐसे 200 केंद्र स्थापित करने की है। खासतौर पर Tier-II और Tier-III शहरों पर ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए उद्योग जगत के साथ साझेदारी की जाएगी।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article