बिजनेस

Zscaler Deal: हिमाचल के किसान के बेटे ने रचा इतिहास, सिलिकॉन वैली में मचाया धमाल

हिमाचल के एक छोटे से गांव में किसान के घर जन्मे जय चौधरी आज दुनियाभर में सुर्खियों में है। कभी गांव के पेड़ के नीचे पढ़े चौधरी आज अपनी साइबर सिक्योरिटी फर्म Zscaler की डील से चर्चा में हैं।

Image

जय चौधरी ने ऑल स्टॉक डील के तहत बेची कंपनी

Jay Chaudhry Zscaler Deal: हिमाचल प्रदेश के एक छोटे से गांव में पेड़ के नीचे बैठकर पढ़ाई करने वाला एक लड़का आज दुनिया के सबसे बड़े टेक एंटरप्रेन्योर्स में शामिल है। कभी अमेरिका जाने के लिए जेब में सिर्फ 200 डॉलर लेकर निकले इस शख्स ने ऐसी कंपनी खड़ी की, जिसकी वैल्यू आज करीब 44 अरब डॉलर पहुंच गई है। यह कहानी है जय चौधरी की, जिन्होंने अपनी मेहनत और कारोबारी सूझबूझ से अमेरिकी सिलिकॉन वैली में अपनी अलग पहचान बनाई।

पेड़ के नीचे की पढ़ाई

जय चौधरी का जन्म 1958 में हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के पनौह गांव में हुआ था। उनका पूरा नाम जगतार सिंह चौधरी था। उनके पिता भगत सिंह और मां सुरजीत कौर किसान थे। तीन भाइयों में सबसे छोटे जय का बचपन बेहद साधारण परिस्थितियों में बीता। उनके गांव में बिजली और पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव था। पढ़ाई के लिए उन्हें कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा। वह रोजाना करीब 4 किलोमीटर पैदल चलकर पड़ोसी गांव धुसारा के स्कूल जाते थे। बिजली नहीं होने के कारण कई बार उन्हें पेड़ के नीचे बैठकर पढ़ाई करनी पड़ती थी।

IIT-BHU से की बीटेक

मुश्किल हालात उनकी पढ़ाई में बाधा नहीं बने। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में टॉप रैंक हासिल की और IIT-BHU वाराणसी में दाखिला पाया। 1980 में उन्होंने यहां से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक किया। इसके बाद 22 साल की उम्र में वह महज 200 डॉलर लेकर अमेरिका पहुंच गए। टाटा स्कॉलरशिप ने उनकी उच्च शिक्षा का रास्ता आसान किया। उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ सिनसिनाटी से कंप्यूटर इंजीनियरिंग और इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री हासिल की। इसके बाद मार्केटिंग में MBA भी किया।

जमापूंजी से शुरू किया बिजनेस

अमेरिका में पढ़ाई पूरी करने के बाद जय चौधरी ने IBM, NCR और Unisys जैसी टेक कंपनियों में काम किया। यहां उन्होंने इंजीनियरिंग, सेल्स, मार्केटिंग और मैनेजमेंट का अनुभव हासिल किया। लेकिन नौकरी करते हुए भी उनके मन में अपना कारोबार शुरू करने का विचार था। आखिरकार 1996 में उन्होंने अपनी पत्नी ज्योति के साथ नौकरी छोड़ने और उद्यमी बनने का फैसला किया। दोनों ने मिलकर SecureIT नाम की इंटरनेट सिक्योरिटी कंपनी शुरू की। SecureIT इंटरनेट के बढ़ते इस्तेमाल के दौर में कंपनियों को ऑनलाइन सुरक्षा उपलब्ध कराती थी। जुलाई 1998 में अमेरिकी कंपनी VeriSign ने इसे खरीद लिया। यह जय चौधरी का पहला बड़ा कारोबारी एग्जिट था। लेकिन यह उनकी उद्यमी यात्रा का अंत नहीं, बल्कि शुरुआत थी।

एक के बाद एक खड़ी कीं कंपनियां

SecureIT की सफलता के बाद जय चौधरी ने लगातार नए कारोबार शुरू किए। साल 2000 में उन्होंने CoreHarbor की स्थापना की। यह कंपनी एंटरप्राइज ई-कॉमर्स और एप्लिकेशन सर्विसेज के क्षेत्र में काम करती थी। बाद में इसे USi ने अधिग्रहित कर लिया, जिसे आगे चलकर AT&T ने खरीद लिया।

इसी दौरान उन्होंने CipherTrust शुरू की। इस कंपनी का फोकस ईमेल सिक्योरिटी पर था। इसने ऐसी टेक्नोलॉजी विकसित की, जिससे कंपनियां अपने ईमेल और डिजिटल कम्युनिकेशन को साइबर हमलों से सुरक्षित रख सकें। 2006 में CipherTrust का Secure Computing के साथ विलय हो गया।

इसके बाद जय ने AirDefense की स्थापना की। यह कंपनी वायरलेस नेटवर्क की सुरक्षा के लिए समाधान तैयार करती थी। बाद में अमेरिकी दिग्गज Motorola ने इसका अधिग्रहण कर लिया।

Zscaler ने बदला साइबर सिक्योरिटी कारोबार

साल 2007 में जय चौधरी ने अपने IIT के सहपाठी K. Kailash के साथ मिलकर Zscaler की स्थापना की। इस बार उनका लक्ष्य एक ऐसा प्लेटफॉर्म बनाना था, जो कंपनियों के नेटवर्क की सुरक्षा का पारंपरिक तरीका बदल सके। उस दौर में कंपनियां अपने ऑफिस नेटवर्क को सुरक्षित रखने के लिए फायरवॉल और हार्डवेयर आधारित सिक्योरिटी सिस्टम पर निर्भर थीं। जय चौधरी ने इससे अलग क्लाउड आधारित सिक्योरिटी मॉडल पर दांव लगाया। मार्च 2018 में Zscaler Nasdaq पर लिस्ट हुई। यह जय चौधरी के लिए एक बड़ी उपलब्धि थी।

अब $44 अरब में बिक रही कंपनी

23 नवंबर, 2026 को CrowdStrike ने Zscaler को करीब 43.9 अरब डॉलर में खरीदने का ऐलान किया। यह पूरी तरह शेयरों के बदले शेयर देने वाली यानी ऑल-स्टॉक डील है। समझौते के तहत Zscaler के प्रत्येक शेयर के बदले उसके शेयरधारकों को CrowdStrike के 1.135 शेयर मिलेंगे। 20 नवंबर के शेयर भाव के आधार पर Zscaler के एक शेयर की कीमत करीब 260.41 डॉलर तय की गई है। यह उस दिन के बंद भाव से लगभग 34% ज्यादा है। डील पूरी होने के बाद संयुक्त कंपनी में CrowdStrike के मौजूदा शेयरधारकों की करीब 84.1% और Zscaler के शेयरधारकों की 15.9% हिस्सेदारी होगी।

जय चौधरी को बड़ा फायदा

इस सौदे में जय चौधरी की भी बड़ी हिस्सेदारी है। उनके और उनसे जुड़े निवेशकों के पास Zscaler के करीब 34% शेयर हैं। उन्होंने इस डील के समर्थन में वोटिंग एग्रीमेंट भी किए हैं। अधिग्रहण पूरा होने के बाद जय चौधरी Zscaler के कारोबार का नेतृत्व जारी रखेंगे और CrowdStrike के बोर्ड में भी शामिल होंगे। हालांकि, यह सौदा अभी पूरा नहीं हुआ है। इसके लिए Zscaler के शेयरधारकों और संबंधित नियामकीय मंजूरियों की जरूरत होगी। कंपनियों को उम्मीद है कि यह अधिग्रहण CrowdStrike के वित्त वर्ष 2028 की दूसरी छमाही में पूरा हो सकता है।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article