बिजनेस

वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल के बेटे अग्निवेश का निधन; अमेरिका में इलाज के दौरान कार्डियक अरेस्ट से मौत

वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल के बेटे अग्निवेश अग्रवाल का अमेरिका में निधन हो गया। स्कीइंग दुर्घटना के बाद इलाज के दौरान न्यूयॉर्क के माउंट साइनाई अस्पताल में अचानक आए कार्डियक अरेस्ट से उनका देहांत हो गया। अनिल अग्रवाल ने एक बेहद भावुक बयान में इस बारे में जानकारी दी।

Image

अनिल अग्रवाल अपने बेटे अग्निवेश के साथ। फोटो- @AnilAgarwal_Ved

Who is Agnivesh Agarwal: वेदांता ग्रुप के चेयरमैन और दिग्गज कारोबारी अनिल अग्रवाल के बेटे अग्निवेश का अमेरिका में इलाज के दौरान निधन हो गया।अग्निवेश 49 साल के थे। अनिल अग्रवाल ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने भावुक कर देने वाली अपनी पोस्ट में इस दिन को जिंदगी का सबसे बुरा दिन बताया। उन्होंने कहा कि अग्निवेश के साथ अमेरिका में स्कीइंग के दौरान दुर्घटना का शिकार हो गए थे। जिसके बाद से न्यूयॉर्क के माउंट साइनाई अस्पताल में उनका इलाज जारी था। उनकी हालत में सुधार हो रहा था, लेकिन अचानक आए कार्डियक अरेस्ट के कारण उनका देहांत हो गया।

बेटे को खोने का दर्द शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता

एक्स पर बेहद भावुक कर देने वाली पोस्ट में अनिल अग्रवाल ने लिखा कि बेटे को खोने का दर्द शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि एक पिता के लिए अपने बेटे को विदा करना असहनीय है। यह हमारी कल्पना से परे दुख है। एक बेटे को अपने पिता से पहले नहीं जाना चाहिए। इस क्षति ने हमें इस कदर तोड़ दिया है कि हम अभी भी इसे समझने की कोशिश कर रहे हैं। मेरे लिए वे सिर्फ मेरे बेटे नहीं थे। वे मेरे दोस्त थे। मेरा गौरव थे। मेरी दुनिया थे। किरण और मैं टूट चुके हैं। फिर भी, अपने इस दुख में हम खुद को याद दिलाते हैं कि वेदांता में काम करने वाले हजारों युवा भी हमारे ही बच्चे हैं।

अग्निवेश केवल बेटा ही नहीं, मित्र और गर्व भी-अनिल अग्रवाल

उन्होंने यह भी कहा कि वेदांता समूह से जुड़े हजारों युवा उनके लिए अपने बच्चों जैसे हैं। उन्होंने बेटे के उस विश्वास को याद किया, जिसमें वह आत्मनिर्भर भारत की बात करते थे और कहते थे कि देश में किसी चीज की कमी नहीं है। अपने बेटे की स्मृति में अनिल अग्रवाल ने समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि वे पहले की तरह अपनी आय का बड़ा हिस्सा समाजसेवा में लगाते रहेंगे और अब और भी सरल जीवन जीने का संकल्प लेते हैं। उन्होंने परिवार, मित्रों, सहकर्मियों और शुभचिंतकों का आभार भी जताया। बयान के अंत में उन्होंने लिखा कि अग्निवेश हमारे दिलों, हमारे काम और उन सभी लोगों की जिंदगी में जीवित रहेंगे जिन्हें उन्होंने छुआ। मैं उनके प्रकाश को आगे बढ़ाने की कोशिश करूंगा।

कौन थे अग्निवेश?

अग्रवाल ने बताया कि अग्निवेश का जन्म 3 जून 1976 को पटना में हुआ था। एक मध्यमवर्गीय बिहारी परिवार से आने वाले अग्निवेश ने जीवन में खेल, संगीत और नेतृत्व के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई। उन्होंने मेयो कॉलेज, अजमेर से पढ़ाई की, इसके बाद फुजैराह गोल्ड की स्थापना की और हिंदुस्तान जिंक के चेयरमैन के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई। अपने पेशेवर योगदान के साथ-साथ वे सरल, संवेदनशील और मानवीय स्वभाव के लिए जाने जाते थे।

अनिल अग्रवाल के परिवार में कौन-कौन?

गौरतलब है कि अनिल अग्रवाल की दो संतानें हैं। दिवंगत पुत्र अग्निवेश और पुत्री प्रिया अग्रवाल। अग्निवेश अग्रवाल वेदांता ग्रुप की इकाई तलवंडी साबो पावर लिमिटेड में बोर्ड सदस्य थे। वहीं, प्रिया अग्रवाल वेदांता के बोर्ड में शामिल हैं।साथ ही वे हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड की चेयरपर्सन हैं। अनिल अग्रवाल मूल रूप से बिहार से आते हैं और राज्य के सबसे अमीर आदमी माने जाते हैं।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article