बिजनेस

तुअर दाल की कीमतों में 40% इजाफा, अब कंट्रोल करने के लिए सरकार करेगी अतिरिक्त खरीद

Tur Dal Price & Production: सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, तुअर दाल की खुदरा कीमत पिछले साल के 112 रुपये प्रति किलोग्राम से 40% बढ़कर इस साल 158 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है।

Image

तुअर दाल की कीमत और उत्पादन

Photo : iStock
KEY HIGHLIGHTS
  • तुअर दाल की कीमतें बढ़ीं
  • 40 फीसदी इजाफा
  • सरकार करेगी अतिरिक्त खरीद

Tur Dal Price & Production: सरकार तुअर दाल की कीमतों को कंट्रोल करने के लिए एक बड़ा कदम उठाने जा रही है, जिसके तहत तुअर दाल की अधिक खरीदारी की जाएगी। सरकार लगभग 8-10 लाख मीट्रिक टन (एलएमटी) अतिरिक्त तुअर दाल खरीदेगी, ताकि दाल की कीमतों को कंट्रोल में रखा जा सके। ये योजना ऐसे समय पर बनाई गई है, जब दाल का रकबा कम हो गया है और उत्पादन भी कम रहने की संभावना है।

कितनी बढ़ी कीमतें

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, तुअर दाल की खुदरा कीमत पिछले साल के 112 रुपये प्रति किलोग्राम से 40% बढ़कर इस साल 158 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। मुख्य रूप से अरहर, चना और मूंग की कीमतों में तेज बढ़ोतरी के कारण अक्टूबर में एक कैटेगरी के रूप में दालों की खुदरा मुद्रास्फीति बढ़कर 18.79% हो गई, जबकि इसी महीने में खाद्य मुद्रास्फीति 6.61% रही।

दाल की कीमतों में बढ़ोतरी मार्च में तुअर पर आयात शुल्क को समाप्त करके अफ्रीकी देशों और म्यांमार से आयात बढ़ाने के सरकार के प्रयास के बावजूद हुई है।

कैसे की जाएगी खरीदारी

ईटी की रिपोर्ट के अनुसार दाल की खरीदारी प्राइस स्टैबलाइजेशन फंड (पीएसएफ) के जरिए मार्केट रेट पर होगी, जो न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से काफी अधिक है। दाल नेशनल एग्रीकल्चरल कोऑपरेटिव मार्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (NAFED) और नेशनल कोऑपरेटिव कंज्यूमर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (NCCF) के माध्यम से सीधे किसानों से खरीदी जाएगी और खरीफ फसल के मार्केट में आने के साथ ही खरीदारी शुरू कर दी जाएगी।

उत्पादन घटने का अनुमान

अक्टूबर में कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी पहले अग्रिम अनुमानों के अनुसार, तुअर का उत्पादन 34.21 एलएमटी होने का अनुमान है, जो पिछले साल के उत्पादन से थोड़ा कम है। खरीफ सीजन के दौरान तुअर का रकबा कम हो गया, जिससे उत्पादन में कमी आई। इसके नतीजे में पिछले कुछ महीनों में फूड इंफ्लेशन बढ़ गई। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, तुअर का क्षेत्रफल 29 सितंबर, 2022 को 46.13 लाख हेक्टेयर से घटकर 29 सितंबर, 2023 को 43.87 लाख हेक्टेयर हो गया।

Kashid Hussain
काशिद हुसैन author

<p>काशिद हुसैन अप्रैल 2023 से Timesnowhindi.Com (टाइम्स नाउ नवभारत) के साथ काम कर रहे हैं। यहां पर वे सीनियर कॉरेस्पोंडेंट हैं। टाइम्स नाउ नवभारत की बिजनेस टीम में वह शेयर मार्केट, म्यूचुअल फंड और आर्थिक जगत से जुड़ी सभी तरह की स्टोरी और वेब स्टोरी करते हैं। रिसर्च आधारित स्टोरी के लिए नए एंगल तलाश करना और रीडर्स की रुचि के अनुसार कॉपी लिखने पर फोकस रहता है। शेयर बाजार में खास रुचि है और इससे जुड़ी रियल टाइम खबरें कम समय में लगाने में विशेषज्ञता है। मीडिया में काम करने का 8 वर्षों का अनुभव है, जिसमें गुडरिटर्न्स और शेयर मंथन वेबसाइटों के अलावा निवेश मंथन पत्रिका में भी काम किया है। दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिंदी पत्रकारिता में ग्रेजुएशन के बाद आईआईएमसी, नई दिल्ली से रेडियो एंव टेलीविजन में पोस्ट ग्रेजुएशन की है। ग्रेजुएशन के दौरान सहारा समय और सिटी न्यूज में इंटर्नशिप के साथ-साथ अखबार और वेबसाइट के लिए लिखना शुरू कर दिया था। काशिद को किताबें पढ़ना, फिल्में देखना और क्रिकेट में रुचि है। बिजनेस के अलावा खेल जगत और इंटरनेशनल खबरों में भी रुचि है।<br></p>

और पढ़ें
End of Article