बिहार

पूर्णिया में खौफनाक हत्याकांड; चचेरा भाई बना मासूमों का काल, हैंडपंप से मारकर उतारा मौत के घाट

पूर्णिया के रौटा थाना क्षेत्र में एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने पूरे गांव को दहशत में डाल दिया। घर के अंदर सो रहे मासूम बच्चों पर अचानक हुए हमले ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई में आरोपी और उसके साथी को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है।

Image

पूर्णिया में खौफनाक हत्याकांड के बाद गांव में आक्रोश का माहौल

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Purnia News: पूर्णिया के रौटा थाना क्षेत्र से एक भयावह घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने अपने ही मासूम चचेरे भाइयों पर हैंडपंप से हमला कर उनकी जान ले ली। वारदात इतनी दर्दनाक थी कि बच्चों के सिर फट गए और दीवार तक खून से लाल हो गई। आरोपी यहीं नहीं रुका बच्चों की मौत के बाद उसने चाकू से उनकी जीभ भी काट दी। तीसरे बच्चे को वह गला घोंटकर मारने की कोशिश कर रहा था के तभी घर वालों की मौजूदगी से घबराकर मौके से फरार हो गया। मृतक बच्चों की पहचान मोहम्मद माजूब के बेटे मोहम्मद इनायत (5) और गुलनाज (3) के रूप में हुई है। वहीं डेढ़ साल की बच्ची कुलसुम गंभीर रूप से घायल है। यह दिल दहला देने वाली घटना रौटा थाना क्षेत्र के डिंगोज गांव में हुई। आरोपी का नाम मोहम्मद अरबाज (22) है और उसने अपने दोस्त मोहम्मद हसनैन के साथ मिलकर इस हमले को अंजाम दिया।

रंजिश पाल बैठा आरोपी

मृत बच्चों के चाचा के अनुसार, करीब छह वर्ष पहले बच्चों के मामा घर की फुआ को लेकर फरार हो गए थे। शुरुआत में परिवार ने इसका विरोध किया, लेकिन बाद में स्थिति सामान्य हो गई। हालांकि आरोपी इस घटना से अंदर ही अंदर नाराज रहता था। परिजनों का कहना है कि लगभग एक साल पहले आरोपी ने नशे के लिए अपने पिता से पैसे मांगे थे। पैसे न मिलने पर उसने अपने पिता के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस पर मृत बच्चों के पिता ने बीच-बचाव किया, जो आरोपी को सहन न हुई और वह इसे लेकर भी रंजिश पाल बैठा।

गुस्से में पहुंचा अपने चाचा के यहां

इसी बीच, जानकारी यह भी सामने आई है कि वारदात से एक रात पहले आरोपी गांव में किसी व्यक्ति से उलझ पड़ा था। मृतक बच्चों के पिता ने उसे डांटते हुए कहा था कि उसकी हरकतों से पूरे परिवार की बदनामी हो रही है। डांट-फटकार के बाद आरोपी बेहद गुस्से में आ गया और सीधे अपने चाचा के घर जा पहुंचा। वहां उसने देखा कि एक कमरे में तीन छोटे बच्चे सो रहे थे। उसने गुस्से में आकर हैंडपंप से दो बच्चों पर हमला कर दिया और बाद में उनकी जीभ भी काट डाली। तीसरे मासूम का गला दबाकर उसे मारने की कोशिश कर रहा था, लेकिन तभी घर वाले मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद वह वहां से फरार हो गया।

दोनों आरोपी हिरासत में

इस वारदात ने पूरे गांव को हिलाकर रख दिया है। लोगों में गुस्सा और दुख दोनों है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों की बेरहमी से की गई हत्या ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है। आरोपी ने इतना भयावह कदम क्यों उठाया, यह तो परिवार ही बेहतर जानता है, लेकिन ग्रामीणों का मानना है कि ऐसे निर्दयी व्यक्ति को कठोरतम सजा मिलनी चाहिए। घटना की जानकारी मिलते ही रौटा थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी मोहम्मद अरबाज और उसके साथी मोहम्मद हसनैन को हिरासत में ले लिया है। दोनों से थाने में पूछताछ जारी है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article