बिहार

Patna: अवैध कब्जों पर प्रशासन का प्रहार; पालीगंज में चला बुलडोजर, खत्म हुई जाम की समस्या

पटना के पालीगंज में प्रशासन ने अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ दिया है। एसडीओ गरिमा लोहिया के नेतृत्व में बुलडोजर चलाकर लंबे समय से जाम का कारण बने अनधिकृत ढांचों को हटाया जा रहा है। इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों को राहत की उम्मीद जगी है और क्षेत्र में व्यवस्था बहाल होने की संभावना बढ़ी है।

Image

पटना के पालीगंज में बुलडोजर कार्रवाई (प्रतीकात्मक फोटो: Canva)

Patna News: पटना के पालीगंज अनुमंडल में प्रशासन ने अवैध कब्जों और निर्माणों पर बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। पटना डीएम के निर्देश पर एसडीओ गरिमा लोहिया की अगुवाई में बुलडोजर चलाकर कई अनधिकृत ढांचों को हटाया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान अंचल अधिकारी मोहन कुमार, डीएसपी राजीव चंद्र सिंह, थानाध्यक्ष सुमन कुमार और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। दुर्गा स्थान से चंदौस मोड़ तक चलाए गए इस अभियान का मकसद उन अवैध ढांचों को हटाना है, जिनकी वजह से लगभग 2 किलोमीटर इलाके में वर्षों से सड़क जाम की समस्या बनी हुई थी।

प्रशासन की कार्रवाई से लोग हुए खुश

प्रशासन की कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों में संतोष देखने को मिला है। उनका कहना है कि अब जाम की समस्या से काफी हद तक छुटकारा मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से अवैध कब्जों के कारण आवाजाही में भारी दिक्कतें हो रही थीं, क्योंकि कई दुकानदारों और मकान मालिकों ने सरकारी भूमि पर अनधिकृत निर्माण कर लिया था। लोगों का यह भी मानना है कि ऐसी सख्त कार्रवाई समय-समय पर होती रहनी चाहिए, ताकि अवैध कब्जा करने वालों में प्रशासन का डर बना रहे।

अवैध निर्माणों और कब्जों के खिलाफ चल रहा बुलडोजर

पालीगंज अंचलाधिकारी (Circle Officer) मोहन कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन लगातार अवैध निर्माणों और कब्जों के खिलाफ अभियान चला रहा है। आज भी दुर्गा स्थान से चन्दौस मोड़ तक लगे अवैध ढांचों को बुलडोजर की मदद से हटाया गया। इससे पहले पालीगंज से अरवल मोड़ और बिहटा मोड़ तक भी ऐसी ही कार्रवाई की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि आगे भी यह अभियान जारी रहेगा। अंचलाधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति दोबारा अवैध निर्माण या कब्जा करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी और जांच भी करती रहेंगी।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article