बिहार

Bihar Weather 8-December-2025: बिहार में पछुआ हवाओं ने बढ़ाई कंपकपी, कई जिलों में तापमान 10 डिग्री से नीचे; शीतलहर की आहट तेज

Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 8-December-2025 पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर में जाने आज बारिश होगी या नहीं? के मौसम का पूर्वानुमान: बिहार में सर्दी ने फिर जोर पकड़ लिया है। पछुआ हवाओं की तेजी से सुबह और रात की ठिठुरन बढ़ गई है। राज्यभर में न्यूनतम तापमान लगातार गिर रहा है और कई जिलों में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच चुका है। इस सप्ताह ही शीतलहर की संभावना बनती दिख रही है। आइए जानते हैं आज कैसा रहेगा बिहार का मौसम।

Image

बिहार में इसी हफ्ते से चल सकती है शीतलहर

Photo : Times Now Digital

Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 8-December-2025: बिहार में सर्दी ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। पछुआ हवाओं की तेजी ने सुबह और रात की ठिठुरन को और कड़ा बना दिया है। राज्यभर में न्यूनतम तापमान लगातार गिर रहा है और कई जिलों में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच चुका है। मौसम विभाग के मुताबिक पटना, गया, सहरसा, कटिहार समेत ज्यादातर हिस्सों में ठंड का असर साफ दिखने लगा है।

आज कैसा रहेगा बिहार का मौसम

आज यानी 8 दिसंबर को मौसम पूरी तरह शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि सुबह कुछ इलाकों में हल्के से मध्यम कोहरे की मौजूदगी यात्रियों के लिए चुनौती पेश कर सकती है। विभाग ने लोगों को खासकर सुबह-सुबह यात्रा करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी है। आने वाले सात दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन सुबह की धुंध और बर्फीली हवा ठंड को बरकरार रखेंगी। ठंडी हवाओं का असर दिन में भी दिखाई दिया है।

पारा लुढ़का, कई जिलों में बढ़ी कंपकंपी

राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान बीते दिनों में 10 डिग्री से भी नीचे पहुंच गया है। दक्षिण बिहार के कैमूर, रोहतास, नवादा और गया में पारा सबसे तेजी से गिरा है। कैमूर जिले के अधौरा प्रखंड में बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान केवल 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सीजन का सबसे कम रिकॉर्ड है। पूर्वी चंपारण, पटना, मुजफ्फरपुर, बक्सर और रोहतास समेत कुल 25 जिलों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर और सहरसा जैसे सीमांचल क्षेत्रों में पारा थोड़ा ऊपर जरूर है, लेकिन वहां भी ठंड का असर तेजी से बढ़ रहा है। रविवार को अधिकतम तापमान अधिकतर जिलों में 25 डिग्री सेल्सियस के नीचे रहा। किशनगंज का अधिकतम तापमान 26.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे ज्यादा रहा। राजधानी पटना सहित कई स्थानों पर दिन की ठंड बढ़ गई है।

कोहरे ने बढ़ाई मुश्किलें

रविवार की सुबह पूर्णिया में दृश्यता न्यूनतम 450 मीटर रिकॉर्ड की गई। बिहार मौसम सेवा केंद्र के मुताबिक अगले दो दिनों में चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, अररिया, किशनगंज, भागलपुर, बांका, पटना, गया, सासाराम और कैमूर के कई इलाकों में सुबह और रात के समय कोहरा छाया रह सकता है।

आगे कैसा रहेगा बिहार का मौसम

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के आए पूर्वानुमान रिपोर्ट के मुताबिक, अगले सात दिनों तक मौसम सूखा रहने वाला है। तापमान में भी किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हल्का उतार-चढ़ाव तो रहेगा, लेकिन कुल मिलाकर यही ठंडा मिजाज जारी रहेगा। 15 दिसंबर के बाद तापमान में एक और गिरावट की संभावना है, जिससे ठंड और तेज हो सकती है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article