मध्य प्रदेश में मामू का जाना तय, केवल दो उम्मीदवार दौड़ में रह गए हैं शामिल: दिग्विजय सिंह

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 19, 2021, 10:56 PM IST

कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने सोमवार को एक बड़ा दावा करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री बदला जाना तय है और इसके लिए दो उम्मीदवार हैं।

मध्य प्रदेश में मामू का जाना तय, केवल दो उम्मीदवार दौड़ में रह गए हैं शामिल: दिग्विजय सिंह

भोपाल: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्वजिय सिंह ने सोमवार को बड़ा दावा करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश मे मुख्यमंत्री का बदला जाना तय है। उनके इस दावे के बाद मध्य प्रदेश की राजनीति में कयासों का दौर शुरू हो गया है। दिग्विजय ने अपने दावे के लिए दो ट्वीट किए और कहा कि आजकल भाजपा, पीएम नरेंद्र मोदी तथा अमित शाह अपने मुख्यमंत्रियों को बदल रहे हैं और अब मध्य प्रदेश में भी मामू (शिवराज सिंह चौहान) का जाना तय है। दिग्विजय के इस ट्वीट को बीजेपी ने खारिज करते हुए कहा कि उनकी पीड़ा स्वाभाविक है।

दिग्विजय सिंह के ट्वीट
दिग्वजिय सिंह ने ट्वीट करते हुए कहा, 'आजकल भाजपा,  मोदी शाह अपने मुख्यमंत्रियों को बदल रहे हैं। मध्यप्रदेश में भी कुछ हमारे भाजपा के अपने आप को योग्य समझने वाले नेताओं की उम्मीदें बढ़ गई हैं। कितने और कौन कौन मप्र भाजपा में उम्मीदवार हैं कोई हमें बता सकता है?  नहीं बताओगे तो मैं कल सूची दे दूँगा। अब मप्र भाजपा में मुख्यमंत्री के लिए केवल दो ही उम्मीदवार दौड़ में रह गए हैं।  मोदी जी के उम्मीदवार  प्रल्हाद पटेल
 व संघ के उम्मीदवार बीडी शर्मा। बाक़ी उम्मीदवारों के प्रति मेरी सहानुभूति है। मामू का जाना तय।'

बीजेपी ने कहा- इसलिए हो रही है दिग्गी को पीड़ा
दिग्विजय सिंह के ट्वीट का बीजेपी ने जवाब दिया है। भाजपा नेता विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि कांग्रेस में पार्टी अध्यक्ष के लिए केवल दो उम्मीदवार रेस में हैं, सोनिया गांधी और राहुल गांधी, इसलिए और लोगों के प्रति मेरी सहानुभूति है। वहीं राज्य के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि दिग्गविजय सिंह भाजपा की चिंता करने की बजाय कांग्रेस की करें तो यहीं बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह किसके कहने पर ट्वीट कर रहे हैं ये भी मैं जानता हूं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!