ऑटो न्यूज़

2026 Yezdi Bikes Launched: एडवेंचर, रोडस्टर और स्क्रैम्बलर का नया अवतार लॉन्च, देखें क्या है नया

Yezdi ने अपने ग्राहकों के लिए 2026 मोटरसाइकिल रेंज को अपडेट किया है। Yezdi Adventure को अब ट्यूबलेस क्रॉस-स्पोक व्हील्स के साथ खरीदने की सुविधा मिल रही है।

Image

एडवेंचर, रोडस्टर और स्क्रैम्बलर का नया अवतार लॉन्च

Yezdi ने अपनी 2026 मोटरसाइकिल रेंज को अपडेट कर दिया है। हालांकि इस बार कंपनी ने इंजन या परफॉर्मेंस में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया है, बल्कि ग्राहकों की लंबे समय से चली आ रही कुछ मांगों को ध्यान में रखते हुए जरूरी अपडेट दिए हैं। सबसे बड़ा बदलाव Yezdi Adventure में देखने को मिला है, जिसे अब ट्यूबलेस क्रॉस-स्पोक व्हील्स के साथ खरीदा जा सकेगा। वहीं Yezdi Roadster और Yezdi Scrambler को नए कलर ऑप्शन मिले हैं, जबकि तीनों बाइकों में पहले वाला 334cc Alpha2 इंजन ही बरकरार रखा गया है।

कितनी है कीमत

अपडेटेड Yezdi Adventure की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 2.13 लाख रुपये रखी गई है। वहीं Yezdi Roadster और Yezdi Scrambler की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 2.06 लाख रुपये है।

Adventure में मिला ट्यूबलेस स्पोक व्हील का ऑप्शन

नई 2026 Yezdi Adventure का सबसे बड़ा अपडेट इसके ट्यूबलेस क्रॉस-स्पोक व्हील्स हैं। पहले इस बाइक में ट्यूब वाले टायर मिलते थे, जिससे पंचर होने पर मरम्मत में अधिक समय लगता था। अब ट्यूबलेस व्हील्स मिलने से रास्ते में पंचर होने की स्थिति में उसे ठीक करना पहले की तुलना में काफी आसान होगा। यह बदलाव खासतौर पर उन राइडर्स के लिए फायदेमंद है जो लंबी दूरी की यात्रा करते हैं या ऑफ-रोडिंग का शौक रखते हैं।

Roadster और Scrambler के नए कलर ऑप्शन

Yezdi Roadster और Scrambler में इस बार कोई मैकेनिकल बदलाव नहीं किया गया है। कंपनी ने केवल इन दोनों बाइकों के लिए नए कलर ऑप्शन पेश किए हैं। 2026 Yezdi Scrambler अब Grey Panther रंग में उपलब्ध होगी, जबकि Roadster को नया Green Mamba कलर दिया गया है। इससे ग्राहकों को अपनी पसंद के अनुसार ज्यादा विकल्प मिलेंगे। इंजन, सस्पेंशन, ब्रेकिंग सिस्टम और चेसिस पहले जैसे ही रखे गए हैं। यानी राइडिंग एक्सपीरियंस में कोई बदलाव नहीं होगा।

334cc Alpha2 इंजन रहेगा बरकरार

तीनों बाइकों में 334cc Alpha2 लिक्विड-कूल्ड सिंगल-सिलेंडर इंजन का इस्तेमाल जारी रखा गया है। कंपनी ने इस इंजन को पिछले अपडेट के दौरान बेहतर रिफाइनमेंट और नए उत्सर्जन मानकों के अनुरूप तैयार किया था। यही वजह है कि इस बार इंजन में किसी तरह का बदलाव करने की जरूरत नहीं पड़ी।यह इंजन पहले की तरह स्मूद परफॉर्मेंस और लंबी दूरी की राइडिंग के लिए उपयुक्त माना जाता है।

ग्राहकों की जरूरतों पर फोकस

2026 अपडेट को पूरी तरह नए मॉडल के बजाय एक प्रैक्टिकल रिफ्रेश कहा जा सकता है। कंपनी ने खासतौर पर Adventure के उन ग्राहकों की शिकायतों को दूर करने की कोशिश की है, जो ट्यूब वाले टायरों की वजह से परेशानी का सामना करते थे।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article