How Tubeless Tyres Work: अगर आपने गौर किया होगा तो पाया होगा कि अब अधिकतर गाड़ियों में ट्यूबलेस टायर का इस्तेमाल किया जाता है। जबकि पहले वाहनों में ट्यूब वाले टायर आम थे, लेकिन तकनीक के विकास के साथ ट्यूबलेस टायर ज्यादा लोकप्रिय हो गए हैं। ये टायर सुरक्षित, टिकाऊ और मेंटेन करना भी अपेक्षाकृत आसान होते हैं। आइए जानते हैं ट्यूबलेस टायर क्या होते हैं, कैसे काम करते हैं और इनके क्या फायदे हैं।
ट्यूबलेस टायर क्या होते हैं?
ट्यूबलेस टायर ऐसे टायर होते हैं जिनके अंदर अलग से ट्यूब नहीं होती। यानी हवा सीधे टायर के अंदर भरी जाती है। टायर का अंदरूनी हिस्सा एक खास एयरटाइट परत से बना होता है, जो हवा को बाहर निकलने से रोकती है। टायर और व्हील रिम के बीच इतना मजबूत सील बन जाता है कि हवा लंबे समय तक अंदर ही बनी रहती है।
ट्यूबलेस टायर कैसे काम करते हैं?
ट्यूबलेस टायर में हवा सीधे टायर और रिम के बीच बने एयरटाइट स्पेस में भरी जाती है। जब टायर में हवा भरी जाती है, तो यह टायर को फैलाकर रिम के किनारों से मजबूती से चिपका देती है। इसी वजह से टायर और रिम के बीच एक मजबूत सील बन जाती है और हवा बाहर नहीं निकलती।
ट्यूबलेस टायर के फायदे
ट्यूबलेस टायर का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इनमें पंचर होने पर हवा धीरे-धीरे निकलती है, जिससे एक्सीडेंट का खतरा कम हो जाता है। इसके अलावा ये टायर हल्के होते हैं और गर्म भी कम होते हैं, जिससे वाहन की परफॉर्मेंस बेहतर रहती है। इनकी रिपेयरिंग भी आसान होती है, क्योंकि छोटे पंचर को बिना टायर निकाले ही ठीक किया जा सकता है।
ट्यूबलेस टायर की औसत लाइफ
कई लोगों के मन में यह भी सवाल होता है कि ट्यूबलेस टायर आखिर कितने समय तक चलते हैं और इन्हें कब बदलना चाहिए। आमतौर पर ट्यूबलेस टायर 40,000 से 60,000 किलोमीटर तक चल सकते हैं। हालांकि बाइक के टायर अक्सर 20,000 से 30,000 किलोमीटर के बाद बदलने की जरूरत पड़ सकती है। टायर की लाइफ इस बात पर भी निर्भर करती है कि गाड़ी कैसे चलाई जाती है, सड़क की स्थिति कैसी है और टायर की देखभाल कैसे की जाती है।
