हेल्थ

Office diet tips: ऑफिस लंच में बढ़ी हेल्दी फूड की डिमांड, जानिए क्यों बदल रही हैं कर्मचारियों की खाने की आदतें

Office diet tips: ऑफिस में कर्मचारियों की लंच प्लेट अब सिर्फ भूख मिटाने का साधन नहीं रह गई है, बल्कि यह उनकी हेल्थ और लाइफस्टाइल का आईना बनती जा रही है।

Image

ऑफिस लंच में बढ़ी हेल्दी फूड की डिमांड

Office diet tips: आज के समय में ऑफिस में सिर्फ काम करने का तरीका ही नहीं, बल्कि खाने-पीने की आदतें भी तेजी से बदल रही हैं। पहले जहां लंच में तली-भुनी चीजें, फास्ट फूड या मीठे स्नैक्स ज्यादा पसंद किए जाते थे, वहीं अब लोग हेल्दी और पौष्टिक खाना चुन रहे हैं। प्रोटीन से भरपूर मील, बाजरे से बने व्यंजन और पेट के लिए फायदेमंद चीजें अब कर्मचारियों की लंच प्लेट में ज्यादा दिखाई दे रही हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह बदलाव सिर्फ फिट दिखने के लिए नहीं है, बल्कि पूरे दिन एनर्जी बनाए रखने, बेहतर तरीके से काम करने और लंबे समय तक स्वस्थ रहने की सोच का हिस्सा है।

लंच प्लेट से पता चल रही है कर्मचारियों की हेल्थ

हंगरबॉक्स के सह-संस्थापक और सीईओ संदीपन मित्रा का कहना है कि किसी भी ऑफिस के कर्मचारियों की सेहत का अंदाजा अब उनकी लंच प्लेट देखकर लगाया जा सकता है। पहले कंपनियां कर्मचारियों का फीडबैक सर्वे और मीटिंग्स के जरिए जानती थीं, लेकिन अब यह भी देखा जा रहा है कि कर्मचारी रोज क्या खा रहे हैं। उनके मुताबिक, अगर लोग हेल्दी खाना चुन रहे हैं तो यह इस बात का संकेत है कि वे अपनी सेहत को लेकर पहले से ज्यादा जागरूक हो चुके हैं।

अब जंक फूड नहीं, हेल्दी मील बन रही पहली पसंद

काम का दबाव बढ़ने पर अक्सर लोग समोसा, चिप्स, बर्गर या मीठी चीजें खा लेते हैं। कई बार तो लोग लंच भी छोड़ देते हैं या अपनी सीट पर ही जल्दी-जल्दी खाना खा लेते हैं। लेकिन अब यह आदत धीरे-धीरे बदल रही है। कंपनियां भी कर्मचारियों के लिए हेल्दी फूड ऑप्शन उपलब्ध करा रही हैं, जिससे लोग बेहतर खाने की ओर बढ़ रहे हैं।

कर्मचारियों की प्लेट में अब ये चीजें ज्यादा दिख रही हैं

1. प्रोटीन से भरपूर सलाद

अब सलाद सिर्फ डाइट करने वालों तक सीमित नहीं है। चिकन, टोफू, अंडे का सफेद हिस्सा, क्विनोआ और भुनी हुई सब्जियों वाले सलाद काफी पसंद किए जा रहे हैं। इससे पेट भी भरता है और लंबे समय तक एनर्जी भी बनी रहती है।

2. प्लांट-बेस्ड और शाकाहारी भोजन

दालें, हरी सब्जियां, साबुत अनाज और पौधों से मिलने वाले प्रोटीन वाले फूड की मांग बढ़ रही है। कई लोग डेयरी-फ्री विकल्प भी अपना रहे हैं।

3. बाजरे से बनी चीजें

रागी, ज्वार और बाजरा जैसे मोटे अनाज फिर से लोगों की थाली में लौट रहे हैं। इन्हें सेहत के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है।

4. पेट को स्वस्थ रखने वाला खाना

दही, छाछ और प्रोबायोटिक वाले फूड अब लंच का हिस्सा बन रहे हैं। ये पाचन तंत्र को बेहतर रखने में मदद करते हैं।

5. कम चीनी वाले फूड

अब लोग ज्यादा चीनी वाले डेजर्ट और ड्रिंक्स की जगह कम शुगर या प्राकृतिक मिठास वाली चीजें चुन रहे हैं।

6. हेल्दी स्नैक्स

शाम की भूख मिटाने के लिए अब भुने मखाने, स्प्राउट्स, नट्स और ग्रीक योगर्ट जैसे विकल्प तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं।

7. हेल्दी ड्रिंक्स

सॉफ्ट ड्रिंक्स की जगह अब ताजा जूस, स्मूदी, हर्बल टी और प्रोटीन शेक ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं।

एक्सपर्ट का कहना है कि सिर्फ हेल्दी खाना खाने से ही बात पूरी नहीं होती। अगर पूरे दिन एक ही जगह बैठकर काम किया जाए तो इसका असर शरीर पर पड़ता है। इसलिए बीच-बीच में कुर्सी से उठना, थोड़ा टहलना, सीढ़ियों का इस्तेमाल करना और छोटी-छोटी वॉक करना भी उतना ही जरूरी है। कई कंपनियां अब वॉकिंग मीटिंग और नियमित ब्रेक जैसी अच्छी आदतों को भी बढ़ावा दे रही हैं।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article