ऑटो न्यूज़

13.49 लाख की शुरुआती कीमत में Kia Syros EV भारत में लॉन्च, मिलेगी 526 km की दमदार रेंज

किआ ने भारतीय ग्राहकों के लिए नई इलेक्ट्रिक SUV Kia Syros EV को 13.49 लाख रुपये की शुरुआती एक्स शोरूम कीमत पर पेश कर दिया है। ईवी को 7 वेरिएंट में लाया गया है।

Image

13.49 लाख की शुरुआती कीमत में Kia Syros EV लॉन्च

किआ इंडिया ने भारतीय बाजार में अपनी नई इलेक्ट्रिक SUV Kia Syros EV को लॉन्च कर दिया है। यह कंपनी की भारत में बनी दूसरी मास-मार्केट इलेक्ट्रिक कार है। इसी के साथ नई Syros EV की कीमतों का खुलासा भी हो गया है। इस कार की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 13.49 लाख रुपये रखी गई है, जबकि इसके टॉप वेरिएंट की कीमत 19.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है। कंपनी इस कार की बिक्री 30 जुलाई 2026 से देशभर की Kia डीलरशिप पर शुरू करेगी। कंपनी की ओर से ग्राहकों को बेहतरीन ओनरशिप बेनिफिट्स भी दिए जा रहे हैं। इनमें Assured Buyback Program, Battery-as-a-Service (BaaS) और Lifetime High Voltage Battery Warranty जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

कीमत और वेरिएंट

Kia Syros EV को कुल 7 वेरिएंट्स में लॉन्च किया गया है-

बैटरी पैकवेरिएंटएक्स-शोरूम कीमत
42 kWhHTK₹13.49 लाख
HTK+₹14.99 लाख
HTX₹15.99 लाख
51.4 kWh (Extended Range)HTK+ ER₹16.99 लाख
HTX ER₹17.99 लाख
HTX+ ER₹19.49 लाख
X-Line ER₹19.99 लाख

दो बैटरी पैक और 526 km तक की रेंज

Kia Syros EV को दो बैटरी विकल्पों के साथ पेश किया गया है। पहला 42 kWh बैटरी पैक है, जो 443 किलोमीटर (MIDC Full) की सर्टिफाइड रेंज देता है। वहीं दूसरा 51.4 kWh बैटरी पैक है, जिसकी ARAI सर्टिफाइड रेंज 526 किलोमीटर (MIDC Full) है। यह अपने सेगमेंट की पहली SUV है, जो 500 किलोमीटर से ज्यादा की रेंज प्रदान करती है। कंपनी के अनुसार, 51.4 kWh बैटरी वाला मॉडल 171 PS की पावर जनरेट करता है और केवल 8.1 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकता है।

फास्ट चार्जिंग का भी मिलेगा फायदा

नई Syros EV में 100 kW DC फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट दिया गया है, जिसकी मदद से बैटरी 10% से 80% तक सिर्फ 39 मिनट में चार्ज हो सकती है। इसके अलावा, इसमें 10.8 kW ऑनबोर्ड AC चार्जर, बैटरी कंडीशनिंग सिस्टम और लिक्विड-कूल्ड थर्मल मैनेजमेंट सिस्टम भी मिलता है, जिससे अलग-अलग मौसम में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित होता है।

Battery-as-a-Service और Lifetime बैटरी वारंटी

Kia ने इस SUV के साथ Battery-as-a-Service (BaaS) प्रोग्राम भी शुरू किया है। इसके तहत ग्राहक बैटरी और गाड़ी के लिए अलग-अलग फाइनेंसिंग का विकल्प चुन सकते हैं। इस योजना के जरिए Syros EV की शुरुआती कीमत 7.99 लाख रुपये से शुरू हो जाती है, जबकि बैटरी के लिए 3.3 रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से EMI देनी होगी।

इसके अलावा कंपनी Lifetime High Voltage Battery Warranty (15 वर्ष, अनलिमिटेड किलोमीटर) भी दे रही है, जिससे ग्राहकों को बैटरी की लंबी अवधि तक चिंता नहीं रहेगी।

मिलेगा 80% तक Assured Buyback

EV खरीदने वाले ग्राहकों की सबसे बड़ी चिंता रीसेल वैल्यू होती है। इसे ध्यान में रखते हुए Kia ने Industry Best Assured Buyback Program पेश किया है। कंपनी के अनुसार, ग्राहक को 3 साल बाद गाड़ी की 80% तक रीसेल वैल्यू का भरोसा मिलेगा। ग्राहक 3 या 4 साल की अवधि चुन सकते हैं और तय समय पूरा होने पर गाड़ी को रखना, बदलना या वापस करना चुन सकते हैं।

फीचर्स की लंबी लिस्ट

नई Kia Syros EV का डिजाइन कंपनी की ग्लोबल EV डिजाइन लैंग्वेज पर आधारित है। इसमें Ice Cube MFR LED हेडलैंप, Star Map LED DRLs, डिजिटल Tiger Face ग्रिल, 17-इंच डुअल-टोन एयरो अलॉय व्हील्स और ऑटो स्ट्रीमलाइन डोर हैंडल जैसे फीचर्स दिए गए हैं। केबिन में 30-इंच Trinity Panoramic Display Panel मिलता है, जिसमें 12.3-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, 12.3-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और 5-इंच क्लाइमेट कंट्रोल डिस्प्ले शामिल है। इसके अलावा इसमें 95+ कनेक्टेड कार फीचर्स, OTA अपडेट, वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay, Harman Kardon का 8-स्पीकर ऑडियो सिस्टम, वायरलेस चार्जर, डुअल-पेन पैनोरमिक सनरूफ, फ्रंट और रियर वेंटिलेटेड सीटें, 64-कलर एम्बिएंट लाइटिंग, स्मार्ट डैशकैम और 16-लीटर फ्रंक भी मिलता है।

सेफ्टी में भी आगे

Kia Syros EV में Level-2 ADAS दिया गया है, जिसमें 16 ऑटोनॉमस ड्राइविंग फीचर्स शामिल हैं। इसके अलावा SUV में 360-डिग्री कैमरा, ब्लाइंड व्यू मॉनिटर, पार्किंग कोलिजन अवॉइडेंस असिस्ट, फ्रंट-रियर पार्किंग सेंसर और 25 हाई-सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं। सुरक्षा के लिए इसमें 6 एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC), हिल स्टार्ट असिस्ट, ब्रेक असिस्ट, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS), ISOFIX चाइल्ड सीट माउंट और इलेक्ट्रिक पार्किंग ब्रेक विद ऑटो होल्ड जैसे फीचर्स भी शामिल हैं।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article