ऑटो न्यूज़

New Car लेने से पहले समझें On Road और Ex Showroom Price का फर्क, कहीं बाद में न लगे झटका

Understanding On-Road vs Ex-Showroom Price: अगर आप भी एक नई कार खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो आपको भी कार के On-Road Price और Ex-Showroom Price के बीच अंतर समझ लेना चाहिए।

Image

कार का एक्स-शोरूम और ऑन रोड प्राइस (Photo: iStock)

Understanding On-Road vs Ex-Showroom Price: अगर आप नई कार खरीदने की तैयारी कर रहे हैं तो आपने एक्स-शोरूम प्राइस और ऑन-रोड प्राइस जैसे शब्द जरूर सुने होंगे। अक्सर लोग कार की कीमत देखकर अपना बजट तय कर लेते हैं, लेकिन बाद में डीलर से बात करने पर पता चलता है कि कार की कुल कीमत काफी ज्यादा है। इसकी वजह एक्स-शोरूम और ऑन-रोड कीमत के बीच का अंतर होता है। इसलिए कार खरीदने से पहले इन दोनों कीमतों को समझना बेहद जरूरी है-

एक्स-शोरूम प्राइस क्या होती है?

एक्स-शोरूम प्राइस (Ex-Showroom Price) वह कीमत होती है, जिस पर कार निर्माता कंपनी डीलर को कार बेचती है और डीलर ग्राहक को कार की कीमत बताता है। इसमें आमतौर पर कार की बेस कीमत के साथ लागू GST शामिल होता है। लेकिन यह वह अंतिम रकम नहीं होती, जिसे आपको कार सड़क पर चलाने के लिए चुकाना पड़ता है। यानी अगर किसी कार की एक्स-शोरूम कीमत 8 लाख रुपये है, तो इसका मतलब यह नहीं है कि 8 लाख रुपये देकर आप कार लेकर घर जा सकते हैं। इसके ऊपर कई दूसरे खर्च जुड़ते हैं।

ऑन-रोड प्राइस क्या होती है?

ऑन-रोड प्राइस वह कुल रकम होती है, जिसे चुकाने के बाद कार आपके नाम पर रजिस्टर होकर सड़क पर चलाने के लिए तैयार होती है। इसमें एक्स-शोरूम कीमत के अलावा, रोड टैक्स, रजिस्ट्रेशन फीस, इंश्योरेंस और दूसरे शुल्क शामिल हो सकते हैं। कुछ मामलों में डीलर की तरफ से दिए जाने वाले एक्सेसरीज या दूसरे ऐड-ऑन भी कुल बिल को बढ़ा सकते हैं।

कार की इन दोनों कीमतों को एक उदाहरण से समझ सकते हैं- मान लीजिए किसी कार की एक्स-शोरूम कीमत 8 लाख रुपये है। इसके अलावा अगर 80 हजार रुपये रोड टैक्स और रजिस्ट्रेशन, 40 हजार रुपये इंश्योरेंस और 20 हजार रुपये दूसरे जरूरी शुल्क या ऐड-ऑन के लिए लगते हैं, तो कार की कुल ऑन-रोड कीमत 9.40 लाख रुपये हो सकती है।

यानी 8 लाख रुपये एक्स-शोरूम प्राइस वाली कार खरीदने के लिए आपको वास्तव में 9.40 लाख रुपये (ऑन रोड प्राइस) तक खर्च करने पड़ सकते हैं। हालांकि, वास्तविक रकम कार के मॉडल, इंजन, शहर, राज्य, इंश्योरेंस और चुने गए विकल्पों के आधार पर अलग-अलग हो सकती है।

बजट बनाते समय ऑन-रोड कीमत देखें

अगर आप कार खरीदने के लिए लोन लेने वाले हैं, तो ऑन-रोड कीमत जानना और भी जरूरी हो जाता है। इसी रकम के आधार पर आपको डाउन पेमेंट और लोन की जरूरत का बेहतर अंदाजा मिलता है। सिर्फ एक्स-शोरूम कीमत देखकर बजट बनाने पर बाद में अतिरिक्त खर्च के लिए पैसे जुटाने पड़ सकते हैं।

इसलिए नई कार खरीदने से पहले डीलर से केवल एक्स-शोरूम कीमत न पूछें। पूरी ऑन-रोड कीमत का ब्रेकअप मांगें और हर शुल्क को ध्यान से जांचें। इससे आपको वास्तविक खर्च का पता चलेगा और बजट के हिसाब से सही कार चुनने में आसानी होगी।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article