Toyota Innova Hycross Waiting: टोयोटा ने जब से भारतीय मार्केट में इनोवा हाइक्रॉस लॉन्च की है, तब ये इसकी डिमांड में इजाफा होता जा रहा है। अब माहौल ये है कि अभी ये एमपीवी बुक करने पर आपको करीब 1 साल बाद इसकी डिलीवरी मिलेगी। वैसे तो नई इनोवा हाइक्रॉस के सभी वेरिएंट्स की जोरदार डिमांड जारी है, लेकिन सबसे पॉपुलर वीएक्स, वीएक्स ऑप्शनल, जेडएक्स और जेडएक्स ऑप्शनल हैं। कंपनी ने जेडएक्स और जेडएक्स ऑप्शनल की बुकिंग बंद कर दी थी जिसे अब तक दोबारा शुरू नहीं की है। इसके बाद वीएक्स और वीएक्स ऑप्शनल पर 9-12 महीने की वेटिंग मिल रही है।
कीमत और वेटिंग दोनों बढ़ी
टोयोटा ने कुछ समय पहले नई इनोवा हाइक्रॉस की कीमत 75 हजार रुपये तक बढ़ाई है, बावजूद इसके ग्राहकों की लाइन लगी हुई है। कंपनी ने इनोवा हाइक्रॉस का नया वीएक्स ऑप्शनल वेरिएंट भी मार्केट में उतारा है, इसकी जगह वीएक्स और जैडएक्स वेरिएंट के बीच की होगी। स्टाइल और डिजाइन के मामले में ये जोरदार गाड़ी है जिसके अगले हिस्से में चौड़ी ग्रिल और इसके दोनों ओर एलईडी हेडलैंप्स और डीआरएल दिए गए हैं। अगले-पिछले हिस्से में दमदार बंपर्स दिए गए हैं जो चौड़े इंटेक्स के साथ आए हैं।
फीचर्स के मामले में जोरदार
नई टोयोटा इनोवा हाइक्रॉस के साथ हाइटेक केबिन दिया गया है जो टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम से लैस है, ये एप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो कनेक्टिविटी वाला है। इंटीरियर बहुत खूबसूरत है और यहां पावर्ड टेलगेट, मूड लाइटिंग, कैप्टन सीट्स वाला 6-सीटर वेरिएंट, पैनोरमिक सनरूफ, छत पर लगे एसी वेंट्स और कलर्ड एमआईडी के साथ आया नया इंस्ट्रूमेंट कंसोल भी दिया गया है। सबसे बड़े फीचर्स में एडीएएस शामिल है। एमपीवी के साथ 6 एयरबैग्स दिए गए हैं और भारत में टोयोटा की ये पहली गाड़ी है जिसे ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम मिला है।
कितना दमदार है हाइब्रिड इंजन
नई इनोवा हाइक्रॉस के सबसे बड़े बदलावों में मुख्य रूप से इसका नया पेट्रोल हाइब्रिड इंजन शामिल है। जहां इस एमपीवी का डीजल वेरिएंट लंबे समय से ग्राहकों की पहली पसंद बना हुआ है, वहीं कंपनी ने नई इनोवा के साथ डीजल विकल्प ही नहीं दिया है। इसके साथ बिल्कुल नए 2.0-लीटर पेट्रोल और 2.0-लीटर पेट्रोल हाइब्रिड इंजन दिए गए हैं। एआरएआई की मानें तो ये कार 21.1 किमी/लीटर माइलेज देती है। मतलब एक बार फुल टैंक कराने पर एमपीवी को 1,097 किमी तक चलाया जा सकता है।
