Triumph ने अपनी एडवेंचर बाइक Tiger 1200 के 2027 मॉडल को कई बड़े अपडेट के साथ पेश किया है। नई बाइक में पहले से ज्यादा पावरफुल इंजन, सेल्फ-लोअरिंग सस्पेंशन और रडार बेस्ड सेफ्टी फीचर्स मिलेंगे। इसके अलावा, कंपनी ने गियरबॉक्स में बदलाव करने के साथ नया 7-इंच टचस्क्रीन भी दिया है। भारत में इसे मार्च 2027 में लाया जाएगा। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 20.99 लाख रुपये है, जबकि Rally Explorer वेरिएंट की कीमत 23.49 लाख रुपये रखी गई है।
इंजन और परफॉर्मेंस
नई Triumph Tiger 1200 में पहले की तरह 1,160cc का लिक्विड-कूल्ड, तीन-सिलेंडर इंजन दिया गया है। हालांकि, अब यह इंजन 158hp की पावर और 130Nm का टॉर्क जनरेट करता है। पुराने मॉडल के मुकाबले पावर में 8hp की बढ़ोतरी हुई है।
कंपनी ने इंजन के सिलेंडर हेड, पिस्टन और एग्जॉस्ट सिस्टम में बदलाव किए हैं। इसके अलावा शुरुआती तीन गियर रेशियो को भी संशोधित किया गया है। बाइक में 6-स्पीड गियरबॉक्स और शाफ्ट ड्राइव मिलता है, जिन्हें बेहतर बनाया गया है।
सेल्फ-लोअरिंग सस्पेंशन और नए सेफ्टी फीचर्स
नई बाइक का सबसे खास फीचर Showa EERA Heightflex सेमी-एक्टिव सस्पेंशन है। यह बाइक के रुकने पर अपने आप इसकी ऊंचाई 30mm तक कम कर देता है। ऑप्शनल लो सीट के साथ खड़ी बाइक की सीट हाइट 790mm तक हो सकती है। इससे कम हाइट वाले राइडर्स को बाइक संभालने में मदद मिल सकती है।
सेफ्टी के लिए इसमें आगे और पीछे रडार सिस्टम दिया गया है। इसकी मदद से अडेप्टिव क्रूज कंट्रोल, ब्लाइंड-स्पॉट असिस्टेंस, फॉरवर्ड कोलिजन वार्निंग, इमरजेंसी ब्रेक असिस्टेंस और रियर-डिस्टेंस वार्निंग जैसे फीचर्स मिलते हैं।
बाइक में वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto सपोर्ट वाला 7-इंच टचस्क्रीन, फोन रखने के लिए कूल्ड कम्पार्टमेंट और USB-C चार्जिंग पोर्ट भी दिया गया है।
GT Pro और Rally Explorer में क्या अंतर?
भारत में नई Tiger 1200 के GT Pro और Rally Explorer वेरिएंट आएंगे। GT Pro में कास्ट-अलॉय व्हील और 20 लीटर का फ्यूल टैंक मिलता है। वहीं, Rally Explorer में ट्यूबलेस स्पोक व्हील और 30 लीटर का बड़ा फ्यूल टैंक दिया गया है। इसमें टायर प्रेशर मॉनिटरिंग और Off-road Pro राइडिंग मोड भी मिलता है। GT Pro का वजन 250kg है, जबकि Rally Explorer का वजन 268kg है। दोनों में 19-इंच का फ्रंट और 17-इंच का रियर व्हील मिलता है। नई Triumph Tiger 1200 उन राइडर्स के लिए खास हो सकती है, जो लंबी दूरी की यात्रा, बेहतर सुरक्षा और एडवांस टेक्नोलॉजी वाली एडवेंचर बाइक चाहते हैं।
