देश की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी Tata Motors ने अपने ग्राहकों को बड़ा झटका दिया है। कंपनी ने घोषणा की है कि वह अपने कमर्शियल व्हीकल (Commercial Vehicle) पोर्टफोलियो की कीमतों में बढ़ोतरी करने जा रही है। नई कीमतें 1 जुलाई 2026 से लागू होंगी। कंपनी के अनुसार कमर्शियल वाहनों की कीमतों में अधिकतम 2.5 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की जाएगी।
इसी तरह, Kia India ने भी घोषणा की है कि कंपनी 1 जुलाई 2026 से अपने सभी मॉडलों की कीमतों में अधिकतम 2 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करेगी।
क्यों बढ़ाए जा रहे हैं दाम
कंपनियों का कहना है कि यह फैसला बढ़ती इनपुट लागत और कच्चे माल की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए लिया गया है। हालांकि, कीमतों में बढ़ोतरी सभी मॉडलों और वेरिएंट्स पर एक समान नहीं होगी। अलग-अलग वाहनों पर इसका असर अलग-अलग हो सकता है।
लगातार दूसरी बार बढ़ रहीं कीमतें
Tata Motors हाल के महीनों में दूसरी बार कमर्शियल वाहनों की कीमतों में बढ़ोतरी करने जा रही है। इससे पहले कंपनी ने अप्रैल 2026 में भी अपने कमर्शियल वाहन पोर्टफोलियो की कीमतों में लगभग 1.5 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की थी। अब जुलाई से लागू होने वाली नई वृद्धि के साथ ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक्स सेक्टर से जुड़े कारोबारियों की लागत और बढ़ सकती है।
क्यों बढ़ रही हैं वाहन कंपनियों की लागत?
Tata Motors के अनुसार उत्पादन लागत पर दबाव लगातार बढ़ रहा है। स्टील, धातुओं और अन्य कच्चे माल की कीमतों में वृद्धि के कारण वाहन निर्माण महंगा हो गया है। कंपनी का कहना है कि बढ़ी हुई लागत का एक हिस्सा वह खुद वहन कर रही थी, लेकिन अब कुछ भार ग्राहकों तक पहुंचाना जरूरी हो गया है।
पैसेंजर वाहनों की कीमतें भी बढ़ेंगी
Tata Motors ने हाल ही में अपने पैसेंजर वाहनों और इलेक्ट्रिक वाहनों की कीमतों में भी बढ़ोतरी का ऐलान किया था। कंपनी ने बताया था कि 1 जुलाई 2026 से उसके कार और SUV पोर्टफोलियो की कीमतों में अधिकतम 1.5 प्रतिशत तक की वृद्धि की जाएगी। यह बढ़ोतरी पेट्रोल, डीजल और इलेक्ट्रिक वाहनों पर लागू होगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ेंः 1 जुलाई से महंगी हो जाएंगी Tata की कारें और SUV! 1.5% तक बढ़ जाएंगे दाम
ग्राहकों पर क्या होगा असर?
कमर्शियल वाहनों की कीमत बढ़ने का सीधा असर ट्रांसपोर्ट कंपनियों, ट्रक ऑपरेटरों और छोटे व्यवसायियों पर पड़ सकता है। जो ग्राहक अगले कुछ हफ्तों में नया ट्रक, बस या अन्य कमर्शियल वाहन खरीदने की योजना बना रहे हैं, उनके पास 30 जून तक पुरानी कीमतों पर वाहन खरीदने का मौका है। 1 जुलाई के बाद उन्हें बढ़ी हुई कीमत चुकानी पड़ सकती है।
