Tata Altroz Racer: टाटा की कारों को भारत में काफी पसंद किया जाता है। एक तरफ जहां टाटा की कारों में एडवांस्ड फीचर्स देखने को मिलते हैं, वहीं दूसरी तरफ कमाल के सेफ्टी फीचर्स भी लोगों को अपनी तरफ आकर्षित करते हैं। हालांकि भारत में SUVs की पसंद और बिक्री लगातार बढ़ रहे हैं लेकिन टाटा की हैचबैक अल्ट्रोज भी देश की सबसे पसंदीदा कारों में से एक है। कंपनी जल्द ही टाटा अल्ट्रोज के अधिक तेज-तर्रार वेरिएंट, अल्ट्रोज रेसर को लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। पहले माना जा रहा था कि इस कार को मई के महीने में ही भारत में लॉन्च कर दिया जाएगा लेकिन अब खबर आ रही है कि लॉन्च की तारीख में बदलाव किया गया है।
कब लॉन्च होगी अल्ट्रोज रेसर?
डीलरशिप ट्रेनिंग के लिए तैयार की गई एक प्रेजेंटेशन लीक होने की वजह से कार के लॉन्च होने की तारीख को लेकर नए कयास लगाए जा रहे हैं। टाटा अल्ट्रोज रेसर को जून के शुरुआती हफ्तों में लॉन्च किया जा सकता है। टाटा द्वारा अल्ट्रोज रेसर को ऑटो एक्सपो 2023 और भारत मोबिलिटी शो में भी दिखाया जा चुका है।
क्या कुछ होगा खास?
रिपोर्ट्स की मानें तो टाटा अल्ट्रोज रेसर में आपको 1.2 लीटर का 3 सिलेंडर वाला टर्बो पेट्रोल इंजन देखने को मिलेगा जो 120 हॉर्सपावर की ताकत जनरेट करेगा। अल्ट्रोज i-टर्बो के मुकाबले यह इंजन 10 हॉर्सपावर की अधिक ताकत जनरेट करेगा। नई अल्ट्रोज में आपको 10.25 इंच की बड़ी टचस्क्रीन देखने को मिलती है। आपको बता दें कि यह वही टचस्क्रीन है जो आपको टाटा की नै एसयूवी कारों में देखने को मिलती है। इसके साथ ही आपको कार में 360 डिग्री व्यू वाला नया कैमरा, हेड्स अप डिस्प्ले, वॉयस असिस्टेड सनरूफ जैसे फीचर्स भी देखने को मिल सकते हैं।
