ऑटो न्यूज़

Hyundai Bayon में मिलेंगे 35 सेफ्टी फीचर्स, 6 एयरबैग और लेवल-2 ADAS से लैस होगी SUV

Hyundai अपने भारतीय ग्राहकों के लिए Bayon एसयूवी लाने जा रही है। हालांकि, लॉन्च से पहले ही कंपनी ने एसयूवी के सेफ्टी फीचर्स को लेकर डिटेल्स शेयर कर दी हैं।

Image

Hyundai Bayon में मिलेंगे 35 सेफ्टी फीचर्स

हुंडई भारत में अपनी नई एसयूवी Bayon को लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने लॉन्चिंग से पहले इस एसयूवी के सेफ्टी फीचर्स को लेकर डिटेल्स शेयर कर दी हैं। नई Hyundai Bayon में ग्राहकों को 35 स्टैंडर्ड सेफ्टी फीचर्स मिलने वाले हैं। इसके अलावा, एसयूवी में लेवल-2 प्रो ADAS टेक्नोलॉजी भी दी जाएगी। खास बात है कि कंपनी ने गाड़ी को मजबूत बनाने के लिए हाई-स्ट्रेंथ स्टील का इस्तेमाल किया है। आइए जानते हैं कि नई Hyundai Bayon में कौन-कौन से सेफ्टी फीचर्स मिलेंगे -

मजबूत प्लेटफॉर्म पर तैयार Hyundai Bayon

नई Hyundai Bayon को कंपनी के Global K Enhanced प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है। इस प्लेटफॉर्म को इस तरह डिजाइन किया गया है कि दुर्घटना होने पर गाड़ी के बाहरी हिस्से अंदर बैठे यात्रियों तक न पहुंचें। इससे यात्रियों को गंभीर चोट लगने का खतरा कम हो सकता है। कंपनी ने फ्रंट एप्रन, डैशबोर्ड, रियर फ्लोर और साइड रीइन्फोर्समेंट जैसे महत्वपूर्ण हिस्सों में हॉट-स्टैम्प्ड कंपोनेंट्स लगाए हैं।

हुंडई के मुताबिक, एसयूवी की बॉडी में 69 प्रतिशत एडवांस्ड मल्टी-ग्रेड हाई-स्ट्रेंथ स्टील इस्तेमाल किया गया है। इसके अलावा UHSS, AHSS और HSS जैसी मजबूत स्टील कैटेगरी का भी इस्तेमाल हुआ है।

मिलेंगे 35 स्टैंडर्ड सेफ्टी फीचर्स

Hyundai Bayon में सभी वेरिएंट्स के साथ 35 स्टैंडर्ड सेफ्टी फीचर्स दिए जाएंगे। इनमें 6 एयरबैग, एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS), इलेक्ट्रॉनिक ब्रेकफोर्स डिस्ट्रीब्यूशन (EBD), इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC), हिल-स्टार्ट असिस्ट और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS) शामिल हैं। इसके अलावा, रोल-ओवर सेंसर, रियर पार्किंग सेंसर, ISOFIX चाइल्ड सीट एंकरेज, सेंट्रल लॉकिंग, बर्गलर अलार्म और सभी यात्रियों के लिए रिमाइंडर के साथ थ्री-पॉइंट सीटबेल्ट मिलेंगी। एसयूवी में चारों पहियों पर डिस्क ब्रेक भी दिए जाएंगे।

लेवल-2 प्रो ADAS से होगी लैस

नई Bayon में Hyundai SmartSense Level 2 Pro ADAS टेक्नोलॉजी मिलेगी। इसमें 3 रडार और 12 पार्किंग सेंसर की मदद से 23 ADAS फंक्शन काम करेंगे। इनमें फॉरवर्ड कोलिजन वार्निंग, ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग, लेन कीपिंग असिस्ट, ब्लाइंड-स्पॉट कोलिजन अवॉइडेंस असिस्ट, रियर क्रॉस-ट्रैफिक अलर्ट, ड्राइवर अटेंशन वार्निंग और हाईवे ड्राइविंग असिस्ट शामिल हैं। इसके अलावा, स्टॉप एंड गो के साथ स्मार्ट क्रूज कंट्रोल और सराउंड व्यू मॉनिटर जैसे फीचर्स भी मिलेंगे।

10 कलर ऑप्शन में आएगी एसयूवी

Hyundai Bayon में 1.5 लीटर का चार-सिलेंडर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन मिलेगा। यह 113.18 बीएचपी की पावर और 143.8 एनएम टॉर्क जनरेट करेगा। ट्रांसमिशन के लिए 6-स्पीड मैनुअल और IVT विकल्प मिलेंगे। एसयूवी को 10 कलर ऑप्शन में पेश किया जाएगा। कंपनी इसे Venue और Creta के बीच पोजिशन करेगी। ग्राहक 11,000 रुपये देकर बुकिंग कर सकते हैं। नई एसयूवी की प्राइस डिटेल्स लॉन्च के साथ यानी 26 अक्टूबर को सामने आएंगी।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article