ऑटो न्यूज़

Kia की दो नई एसयूवी Sonet और Seltos Hybrid की जल्द होगी एंट्री, जानिए कैसे होंगे फीचर्स

किआ अपने भारतीय ग्राहकों के लिए दो नई एसयूवी लाने जा रही है। कंपनी Kia Sonet और Kia Seltos Strong Hybrid पेश करने की तैयारी में है।

Image

Kia की दो नई एसयूवी Sonet और Seltos Hybrid जल्द लेंगी एंट्री

किआ अपने भारतीय ग्राहकों के लिए दो नई एसयूवी लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। कंपनी की अपकमिंग गाड़ियों में नेक्स्ट जेनरेशन Kia Sonet और Kia Seltos Strong Hybrid शामिल हैं। इन दोनों एसयूवी को वित्त वर्ष 2027-28 के दौरान भारतीय बाजार में उतारे जाने की उम्मीद है। नई सोनेट में पहले से ज्यादा स्पेस और एडवांस फीचर्स मिल सकते हैं। वहीं, सेल्टोस हाइब्रिड बेहतर माइलेज के साथ ग्राहकों को आकर्षित कर सकती है। आइए दोनों गाड़ियों के संभावित फीचर्स, इंजन और कीमत के बारे में जानते हैं-

Next-Gen Kia Sonet में क्या होगा खास?

किआ अपनी सेकेंड जेनरेशन सोनेट को QY2E कोडनेम से तैयार कर रही है। इसे कंपनी के ग्लोबल K1 मॉड्यूलर प्लेटफॉर्म पर विकसित किया जाएगा, जिसका इस्तेमाल Kia Syros में भी हुआ है। नई सोनेट का व्हीलबेस मौजूदा मॉडल के मुकाबले 20mm बढ़ाया जा सकता है। इससे पीछे बैठने वाले यात्रियों को ज्यादा लेगरूम और शोल्डर रूम मिलने की उम्मीद है।

डिजाइन

नई सोनेट के डिजाइन में भी बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। इसमें स्प्लिट एलईडी हेडलैंप, बूमरैंग शेप वाली एलईडी डीआरएल, हनीकॉम्ब पैटर्न ग्रिल और नया फ्रंट बंपर मिलने की संभावना है। केबिन में 12.3 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और 12.3 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया जा सकता है। इसके अलावा लेवल-2 ADAS, OTA अपडेट और रिमोट डायग्नोस्टिक जैसे फीचर्स भी मिल सकते हैं।

इंजन

इंजन विकल्पों में 1.2 लीटर पेट्रोल, टर्बो पेट्रोल और 1.5 लीटर डीजल इंजन शामिल हो सकते हैं। भविष्य में इसका हाइब्रिड वर्जन भी आ सकता है। इसकी संभावित एक्स-शोरूम कीमत 8 लाख से 16 लाख रुपये के बीच हो सकती है।

Kia Seltos Hybrid में मिलेगा शानदार माइलेज

किआ सेल्टोस का स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड वर्जन भी भारतीय बाजार में लाने की तैयारी कर रही है। इसे 2027 के आखिर तक लॉन्च किए जाने की उम्मीद है। इसमें 1.5 लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर और छोटा बैटरी पैक मिल सकता है।

माइलेज

इस एसयूवी का संभावित माइलेज 24 से 26 किलोमीटर प्रति लीटर बताया जा रहा है। हालांकि, कंपनी की ओर से आधिकारिक आंकड़ों की पुष्टि होना बाकी है।

फीचर्स

फीचर्स की बात करें तो इसमें ट्विन 12.3 इंच कर्व्ड डिस्प्ले, पैनोरमिक सनरूफ, कॉलम-माउंटेड गियर सिलेक्टर और लेवल-2 ADAS मिलने की उम्मीद है। इसकी संभावित एक्स-शोरूम कीमत 18 लाख से 25 लाख रुपये के बीच हो सकती है। बाजार में इसका मुकाबला Maruti Grand Vitara और Toyota Hyryder जैसी एसयूवी से होगा।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article