बीते महीने मई 2026 में देश में यात्री वाहनों की बिक्री में जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया है। उद्योग संगठन सियाम (SIAM) के अनुसार, कंपनियों ने डीलरों को कुल 4,38,854 वाहन भेजे, जो पिछले साल मई 2025 की 3,44,656 यूनिट के मुकाबले 27.3% अधिक है। इस बढ़ोतरी की बड़ी वजह जीएसटी दरों में कमी के बाद वाहनों की मांग बढ़ना और ग्राहकों को आसानी से वाहन लोन मिलना रहा। आसान फाइनेंसिंग और बेहतर ऑफर्स के कारण अधिक लोगों ने नई कारें खरीदने का फैसला किया, जिससे ऑटो सेक्टर की बिक्री में मजबूत उछाल दर्ज किया गया।
दोपहिया वाहनों की बिक्री 14.8 प्रतिशत बढ़ी
न्यूज एजेंसी पीटीआई (भाषा) की एक रिपोर्ट में के अनुसार, सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि दोपहिया वाहनों की कुल बिक्री भी पिछले महीने 14.8 प्रतिशत बढ़कर 19,02,209 यूनिट हो गई, जो मई 2025 में 16,57,116 यूनिट थी।
जीएसटी दरों में कमी ने बढ़ाई मांग
सियाम के महानिदेशक राजेश मेनन ने कहा, "यात्री वाहनों, तिपहिया और दोपहिया वाहनों ने मई 2026 में अब तक की सबसे अधिक बिक्री दर्ज की, जिसमें हर सेगमेंट में दोहरे अंकों की मजबूत वृद्धि हुई।"
उन्होंने कहा, "पिछले वर्ष मई के निम्न आधार प्रभाव और जीएसटी दरों में कमी से उत्पन्न मांग, साथ ही आसान वित्तपोषण के कारण इस महीने फिर से खपत में वृद्धि के रूप में दिख रही है।"
तिपहिया वाहनों की बिक्री में 31.1% का उछाल
तिपहिया वाहनों की थोक बिक्री पिछले महीने 31.1 प्रतिशत बढ़कर 70,720 यूनिट हो गई जबकि एक वर्ष पहले इसी महीने में यह 53,942 यूनिट थी। पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट में यूटिलिटी वाहनों की थोक बिक्री 24.8 प्रतिशत बढ़कर 2,45,549 यूनिट हो गई। मई 2025 में यह 1,96,821 यूनिट थी। सियाम के अनुसार, यात्री कारों की थोक बिक्री भी 28.8 प्रतिशत बढ़कर पिछले महीने 1,20,975 यूनिट हो गई, जो एक वर्ष पहले इसी महीने में 93,951 यूनिट थी।
घरेलू बाजार में वैन की बिक्री पिछले महीने 13,240 यूनिट रही, जो मई 2025 में 12,327 यूनिट के मुकाबले 7.4 प्रतिशत अधिक है।
बाइक की बिक्री में 7 प्रतिशत से ज्यादा का उछाल
टू- व्हीलर सेगमेंट में मई 2026 में मोटरसाइकिल की बिक्री 7.2 प्रतिशत बढ़कर 11,13,973 यूनिट हो गई, जबकि एक वर्ष पहले इसी महीने में यह 10,39,156 यूनिट थी। स्कूटर की बिक्री में तेज वृद्धि दर्ज की गई, जो 27.4 प्रतिशत बढ़कर पिछले महीने 7,39,667 यूनिट हो गई, जबकि मई 2025 में यह 5,80,696 यूनिट थी। उद्योग निकाय के अनुसार, कुल मिलाकर सभी श्रेणियों में थोक बिक्री मई में 16.8 प्रतिशत बढ़कर 23,52,693 यूनिट हो गई, जो पिछले वर्ष इसी महीने में 20,14,158 यूनिट थी।
