IND vs NZ Test Series, Shubman Gill Press Conference: वनडे सीरीज के बाद अब टीम इंडिया क्रिकेट के सबसे लंबे प्रारूप में मेजबान न्यूजीलैंड से टकराने वाली है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच 17 नवंबर से वेलिंगटन में शुरू होने जा रहे दो टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मैच से पूर्व भारत के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने मंगलवार को कहा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज में टीम "पक्के तौर पर" चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरेगी। उन्होंने विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत की फॉर्म और फिटनेस को लेकर जताई जा रही चिंताओं को भी खारिज कर दिया।
गुरुवार से शुरू होने वाली दो मैचों की सीरीज से पहले गिल ने कहा, "हम पक्के तौर पर चार तेज गेंदबाजों के साथ खेलेंगे।" हाल ही में भारत द्वारा 3-1 से जीती गई वनडे सीरीज में युवा तेज गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, "हमारे सभी तेज गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया है, और यह एक सुखद उलझन है।"
सीनियर खिलाड़ी जसप्रीत बुमराह की वापसी से तेज गेंदबाजी आक्रमण और मजबूत होगा। वनडे टीम से गुरनूर बराड़ को टीम में बरकरार रखा गया है, जबकि स्पिनर कुलदीप यादव को जगह नहीं मिली है।
कप्तान शुभमन गिल ने कहा, "हमें चार तेज गेंदबाजों की जरूरत है, लेकिन अभी यह तय नहीं है कि कौन से चार खिलाड़ी खेलेंगे। हमने देखा है कि तीसरे दिन से पिच सपाट हो जाती है, ऐसे में हमें ऐसे गेंदबाजों की जरूरत है जो पिच पर जोर से गेंद पटक सकें।"
टेस्ट कप्तान गिल ने विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत का भी समर्थन किया, जो हाल ही में फिटनेस समस्याओं से जूझ रहे थे। भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने ऋषभ पंत को लेकर कहा, "ऋषभ पंत को लेकर कोई दुविधा नहीं है। उन्होंने 50 टेस्ट मैच खेले हैं और दुनिया भर में रन बनाए हैं। वह ऐसे विकेटकीपर हैं जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया में भी शतक लगाया है।"
