ऑटो न्यूज़

Renault Triber Turbo इंजन कन्फर्म, मिल सकती फैक्ट्री-फिटेड CNG, सितंबर में लॉन्च

MPV सेगमेंट में देश की सबसे किफायती 7 सीटर कार ट्राइबर को बड़ा अपडेट मिल सकता है। कंपनी इसे 1 लीटर के टर्बो इंजन के साथ पेश करने जा रही है। इसके साथ ही फैक्ट्री-फिटेड CNG भी मिल सकती है।

Image

ट्राइबर में मिलेंगे दो बड़े बदलाव

Renault Triber खरीदने वालों की सबसे बड़ी शिकायत जल्द दूर होने वाली है। कंपनी इस पॉपुलर कॉम्पैक्ट MPV में ज्यादा पावरफुल 1.0 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन लाने की तैयारी कर रही है। मौजूदा नेचुरली एस्पिरेटेड इंजन की तुलना में नया इंजन बेहतर पावर और टॉर्क देगा। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक नई टर्बो Triber को सितंबर 2026 के अंत तक लॉन्च किया जा सकता है।

Kiger वाला टर्बो इंजन मिलेगा

नई ट्राइबर में Renault Kiger और Nissan Magnite में इस्तेमाल होने वाला 1.0 लीटर, तीन-सिलेंडर टर्बो पेट्रोल इंजन दिया जाएगा। यह इंजन करीब 99 बीएचपी की पावर और 160 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है। Triber में इसे 5-स्पीड मैनुअल और सीवीटी ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ पेश किए जाने की उम्मीद है। यह बदलाव इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि 7 सीटों वाली ट्राइबर में पूरा परिवार और सामान होने पर मौजूदा नेचुरली एस्पिरेटेड इंजन को लेकर लंबे समय से पावर की शिकायत रही है। टर्बो इंजन आने के बाद कार की परफॉर्मेंस में बड़ा सुधार देखने को मिल सकता है।

RGEP प्लेटफॉर्म से बदली तस्वीर

अब तक ट्राइबर में टर्बो इंजन लगाने में प्लेटफॉर्म से जुड़ी तकनीकी दिक्कतें थीं। Renault ने अपने पुराने CMF-A प्लेटफॉर्म को बड़े स्तर पर री-इंजीनियर करके इसे Renault Group Entry Platform यानी RGEP नाम दिया है। इसी नए प्लेटफॉर्म पर Triber को ज्यादा पावरफुल इंजन और फैक्ट्री-फिटेड CNG तकनीक के लिए तैयार किया गया है।

डुअल-सिलेंडर फैक्ट्री सीएनजी भी खास

Triber का एक और बड़ा अपडेट फैक्ट्री-फिटेड सीएनजी वर्जन होगा। इसमें डुअल-सिलेंडर सीएनजी सेटअप दिया जा सकता है, जिसे बूट फ्लोर के नीचे लगाया जाएगा। इससे मौजूदा डीलर-फिट सीएनजी किट की तरह बूट स्पेस पर बड़ा असर नहीं पड़ेगा। इस कदम के साथ Renault भारत में मारुति, टाटा और Hyundai के बाद फैक्ट्री-फिटेड सीएनजी कार देने वाला चौथा बड़ा कार निर्माता बन जाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक Triber में टर्बो इंजन और सीएनजी दोनों विकल्पों पर काम चल रहा है।

कीमत कितनी हो सकती है?

फिलहाल Renault Triber की कीमत करीब 5.81 लाख रुपये से 8.48 लाख रुपये, एक्स-शोरूम के बीच है। टर्बो पेट्रोल वेरिएंट की कीमत मौजूदा नेचुरली एस्पिरेटेड वेरिएंट से करीब 80,000 से 90,000 रुपये ज्यादा होने की संभावना है। वहीं टर्बो के साथ सीवीटी ऑटोमैटिक लेने पर करीब 60,000 से 70,000 रुपये का अतिरिक्त प्रीमियम लग सकता है। हालांकि अंतिम कीमत Renault की आधिकारिक घोषणा के बाद ही साफ होगी।

कुल मिलाकर, ज्यादा पावर, सीवीटी ऑटोमैटिक और बूट स्पेस बचाने वाला फैक्ट्री-फिटेड सीएनजी सेटअप Renault Triber को पहले से ज्यादा मजबूत पैकेज बना सकता है। खासकर उन खरीदारों के लिए यह बड़ा अपग्रेड होगा, जो सात सीटों वाली किफायती कार में बेहतर परफॉर्मेंस और कम रनिंग कॉस्ट दोनों चाहते हैं।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article