Stock Market Trend Sensex Nifty : एक तरफ जहां दुनियाभर के बाजारों में बिकवाली हावी है। वहीं, पिछले पांच दिन में भारतीय शेयर बाजार में ताबड़तोड़ खरीदारी देखने को मिली है। खासतौर निफ्टी-सेंसेक्स, बैंकिंग, फाइनेंशियल और ऑटो जैसे इंडेक्स में विदेशी निवेशकों की खरीदारी ने बाजार का रुख मोड़ दिया है। FII ने भारतीय बाजार में पिछले 5 दिन में करीब 50 हजार करोड़ की खरीदारी की है। वहीं, बाजार के मार्केट कैप के हिसाब से देखें, तो 5 दिन में लिस्टेड कंपनियों के कुल मार्केट कैप में 28 लाख करोड़ का इजाफा हुआ है।
पांच दिन में 7 फीसदी चढ़े निफ्टी-सेंसेक्स
भारतीय बाजार के बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी में पिछले 5 दिन में करीब 7 फीसदी से ज्यादा की तेजी आई है। इसके चलते Sensex 7.47% यानी 5633 अंक और Nifty 7.58% यानी 1762 अंक चढ़कर बंद हुआ है। वहीं, शुक्रवार को सेंसेक्स 2.17% की तेजी के साथ 1718.01 अंक ऊपर 81,028.02 अंक पर बंद हुआ। वहीं, Nifty 2.01% की तेजी के साथ 493.75 अंक की तेजी के साथ 25,030.35 अंक पर बंद हुआ।
₹28 लाख करोड़ बढ़ा मार्केट कैप
भारतीय शेयर बाजार में दिवाली से पहले तेजी का ऐसा तूफान आया है कि निवेशकों की दौलत में जबरदस्त इजाफा हुआ है। पिछले 5 कारोबारी सत्रों में BSE पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप करीब ₹27.76 लाख करोड़ बढ़ गया है। 30 अक्टूबर को BSE पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप करीब ₹475.35 लाख करोड़ था। 6 नवंबर को यह बढ़कर ₹503.10 लाख करोड़ पहुंच गया। यानी पांच कारोबारी सत्रों में करीब ₹27.76 लाख करोड़ की बढ़ोतरी हुई। खास बात यह है कि BSE का कुल मार्केट कैप पहली बार ₹500 लाख करोड़ के पार पहुंच चुका है। 5 नवंबर को ही इसने यह ऐतिहासिक स्तर हासिल किया था।
भारतीय बाजार में क्यों आ रही तेजी
भारतीय बाजार में तेजी के पीछे 3 बड़े कारण हैं। सबसे बड़ी वजह क्रूड ऑयल के दाम में आई कमी है। इसके बाद दूसरी बड़ी वजह अमेरिका में मिडटर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की हार के बाद AI स्टॉक्स से निवेशकों का भरोसा टूटना है। इसकी वजह से निवेशक भारतीय बाजार को एंटी एआई मार्केट की तरह देख रहे हैं, जहां ग्रोथ घरेलू खपत से हो रही है। इसके अलावा पिछले 8-9 महीनों में भारतीय बाजार में हुई बिकवाली की वजह से वैल्यूएशन आकर्षक हो गए हैं, जबकि कंपनियों के नतीजों में मजबूती दिख रही है। इसकी वजह से विदेशी निवेशक भारतीय बाजार में लौट रहे हैं।
बैंकिंग शेयरों में सबसे ज्यादा चमक
शुक्रवार के कारोबार में बैंकिंग शेयरों ने बाजार को संभालने में अहम भूमिका निभाई। Nifty Private Bank इंडेक्स 3.22%, Nifty Financial Services 2.57% और Nifty Bank 2.27% चढ़कर बंद हुए। Consumer Durables इंडेक्स में भी 1.70% की तेजी रही। हालांकि बाजार की तेजी सभी शेयरों में समान नहीं थी। BSE पर 1,888 शेयरों में तेजी आई, जबकि 2,516 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। Nifty Smallcap 100 भी 0.82% नीचे रहा। इस तरह बाजार में तेजी का माहौल तो मजबूत हुआ है, लेकिन छोटी कंपनियों के शेयरों में अभी भी दबाव दिखाई दे रहा है। निवेशकों की नजर अब विदेशी निवेशकों की खरीदारी, कच्चे तेल की कीमतों और कंपनियों के तिमाही नतीजों पर रहेगी।
