ऑटो न्यूज़

कैब में सामान भूलने में दिल्ली के लोग नंबर 1, क्या-क्या भूल जाते हैं जानकर होंगे हैरान

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated May 3, 2023, 01:53 PM IST

उबर के आंकड़ों के मुताबिक, यात्री अपना सफर पूरा करने के बाद कैब में फोन, बैग, वालेट और कपड़े जैसे सामान भूल गए।

Image

Uber Ride

Photo : PTI

Forgetting Luggage in the Cab: कैब में अपना सामान भूलने के मामले दिल्ली अव्वल है। देश की प्रमुख एप आधारित कैब सेवा प्रदाता उबर द्वारा जारी आंकड़ों से यह जानकारी मिली है। उबर ने टैक्सी यात्रा के दौरान पिछले वर्ष यात्रियों द्वारा अपना सामान कैब में ही छोड़े जाने के आधार पर आंकड़ा जारी किया है। आंकड़ों के अनुसार, कैब में सामान भूल जाने के मामले में दिल्ली के लोग देश में पहले नंबर पर हैं। पिछले दो साल से मुंबई के लोग पहले नंबर पर थे। पहली बार हैदराबाद का नाम चार सबसे ज्यादा भूलने वाले लोगों की सूची में आया है, यह तीसरे नंबर पर है। जबकि, मुंबई दूसरे तथा बेंगलुरु चौथे स्थान पर है।

क्या-क्या सामान भूलते हैं यात्री

उबर के आंकड़ों के मुताबिक, यात्री अपना सफर पूरा करने के बाद कैब में फोन, बैग, वालेट और कपड़े जैसे सामान भूल गए। लोग पानी की बोतल, चाबी, चश्मा और ज्वेलरी भी कैब में छोड़ आए। इसके अलावा झाड़ू, कालेज का एडमिट कार्ड और बच्चे का स्ट्रोलर तक भी लोग गाड़ी में भूल गए। यहां तक कि एक यात्री अपनी छड़ी, तो एक बड़ी स्क्रीन वाला टेलीविजन ही कैब में भूल आया। गाड़ी में वेस्टर्न कमोड भी कैब में भूलने वाली घटनाएं हुई हैं। दिल्ली के बाद हैदराबाद और बेंगलुरु का नंबर है।

ये चीजें यात्री कैब में छोड़ गए

टीवी, वेस्टर्न कमोड, पैकेट बंद दूध और पर्दे, झाड़ू, कालेज का एडमिट कार्ड, छड़ी, इंडक्शन स्टोव, फैमिली कोलाज, हैवी मशीनरी, प्रिंटेड दुपट्टा (स्कार्फ)। फोन, लैपटाप बैग, वालेट, कपड़े, हैडफोन, चश्मा/सनग्लासेज, चाबी, ज्वेलरी, घड़ी।

सामान भूलने से जुड़ी खास बातें

  • 26 मार्च, 8 अप्रैल, 9 अप्रैल को सबसे ज्यादा सामान भूले।
  • सप्ताह के इन तीन दिनों में लोग सबसे ज्यादा चीजें कैब में भूल गए।
  • शुक्रवार, शनिवार, रविवार भारतीयों के लिए सबसे अधिक भूलने वाले दिन।
  • भूलने का समयः शाम छह बजे, सात बजे, आठ बजे।
  • यात्री सबसे ज्यादा शनिवार को अपनी चीजें कैब में भूलते हैं। यात्री आइफोन की तुलना में तीन गुना एंड्राइड फोन भूल गए।
  • लोगों ने कैब में सबसे अधिक लाल रंग का सामान छोड़ा।
  • शाम सात बजे के आसपास यात्री सबसे ज्यादा भुलक्कड़ निकले।

कुल मिलाकर आंकड़ों से जाहिर होता है कि लोगों में सामान भूल जाने की समस्या है और लोग सफर पूरा होने के बाद महंगे से महंगा सामान भी भूल जाते हैं। इस तरह के कई मामले अक्सर सुर्खियों में भी आते रहे हैं। लेकिन लोग किस तरह का सामान भूल जाते हैं, ये जानकर आपको जरूर हैरानी हुई होगी।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article