Pakistani Auto Market Sales: फटेहाल पाकिस्तान की आर्थिक तंगी अब इतने बुरे स्तर पर पहुंच चुकी है कि ऑटोमोटिव बाजार में इसका साफ असर नजर आने लगा है। अक्टूबर 2023 में 5,000 से भी कम पाकिस्तानी ग्राहक थे जो कार खरीद पाए, सटीक आंकड़ा देखें तो सिर्फ 4,850 कारें ही पिछले महीने बिकीं। पाकिस्तान ऑटोमोटिव मैन्युफैक्चरर्स असोसिएशन यानी पामा द्वारा जारी डेटा में ये जानकारी सामने आई है। अक्टूबर 2023 में गाड़ियों की बिक्री महीना दर महीना 24.34 प्रतिशत कम रही जो सितंबर 2023 में 6,410 यूनिट थी।
बिक्री में बड़ी गिरावट
पाकिस्तान के ऑटो मार्केट में साल दर साल बिक्री की तुलना करें तो यहां 56.42 प्रतिशत की गिरावट आई है। अक्टूबर 2022 में 11,129 ग्राहकों ने कार खरीदी थी, इस आंकड़े में पामा के इतर खरीदी गई कारों की संख्या शामिल नहीं है। पामा ने बताया है कि सप्लाई चेन में आ रही रुकावट और लगातार गिरती मांग की वजह से बिक्री में ये गिरावट दर्ज की गई है। बता दें कि पाकिस्तान के मार्केट में सुजुकी ऑल्टो, सुजुकी स्विफ्ट, सुजुकी बोलान, सुजुकी कल्टस, टोयोटा कोरोला, टोयोटा यारिस और होंडा सिटी के साथ सिविक जैसी कारें सबसे ज्यादा पसंद की जाती हैं।
क्या कह रहा पाकिस्तान का मीडिया
पाकिस्तानी मीडिया ने रिपोर्ट्स में बताया है कि बिक्री में ये जोरदार गिरावट सप्लाई चेन में आई बाधा की वजह से है। यही कारण है कि वहां कई वाहन निर्माताओं ने गाड़ियों का उत्पादन भी कुछ समय से बंद कर दिया है। इसके अलावा कार की कीमतों में बढ़ोतरी, मुद्रा की घटती दर, टैक्स में उछाल और ऑटो फाइनेंस का महंगा होना भी वाहनों की बिक्री में गिरावट की वजह है। पाकिस्तानी मार्केट के मुकाबले भारतीय पैसेंजर वाहन मार्केट में पिछले महीने जोरदार माहौल था। अक्टूबर 2023 में कुल 3,91,472 वाहन भारत में बिके हैं।
