भारतीय बाजार में हैचबैक कारों की बात करें तो Tata Tiago और Maruti Swift लंबे समय से लोकप्रिय विकल्प रहे हैं। जहां टाटा टियागो को एक किफायती एंट्री-लेवल हैचबैक के तौर पर देखा जाता है, वहीं मारुति स्विफ्ट थोड़ी प्रीमियम और ज्यादा कीमत वाली कार के रूप में अपनी पहचान रखती है।
अब Tata ने Tiago को बड़े अपडेट के साथ पेश किया है। नए मॉडल में फ्रेश डिजाइन, बेहतर इंटीरियर, ज्यादा फीचर्स और सेफ्टी से जुड़े अपडेट दिए गए हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि बजट खरीदारों के लिए नई Tiago और Swift में कौन ज्यादा बेहतर विकल्प है।
इंजन और गियरबॉक्स में मुकाबला
नई Tata Tiago और Maruti Swift दोनों में 1.2 लीटर, 3-सिलेंडर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन मिलता है, हालांकि पावर और टॉर्क के मामले में Tiago को हल्की बढ़त मिलती है। दोनों कारों में 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स और AMT ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन का विकल्प दिया गया है। ध्यान देने वाली बात यह है कि दोनों कारों के टॉप वेरिएंट में CNG विकल्प उपलब्ध नहीं है।
कीमत में Tiago का दबदबा
कीमत के मामले में Tata Tiago हमेशा से Maruti Swift से सस्ती रही है और नए अपडेट के बाद भी यह अंतर बरकरार है। शुरुआती कीमत की तुलना करें तो Tata Tiago, Maruti Swift से करीब 1.09 लाख रुपये तक सस्ती पड़ती है। वहीं, टॉप वेरिएंट की बात करें तो अंतर कम हो जाता है। Maruti Swift का टॉप मॉडल Tata Tiago से करीब 25 हजार रुपये महंगा है।
फीचर्स और सेफ्टी में Tiago को बढ़त
नई Tata Tiago में अपडेट के बाद कई नए फीचर्स जोड़े गए हैं। कंपनी ने इसमें बेहतर केबिन फिनिश, आधुनिक फीचर्स और सेफ्टी किट को मजबूत किया है। अगर कीमत के हिसाब से मिलने वाली सुविधाओं को देखें तो Tiago कम कीमत में ज्यादा फीचर्स और बेहतर सेफ्टी पैकेज देने की कोशिश करती है।
Swift की अपनी मजबूती
हालांकि, Maruti Swift की अपनी अलग पहचान है। यह कार लंबे समय से भारतीय ग्राहकों के बीच भरोसेमंद नाम बनी हुई है। Swift का केबिन ज्यादा स्पेस देने वाला है और इसकी सबसे बड़ी ताकत है इसकी कम मेंटेनेंस लागत, बेहतर सर्विस नेटवर्क और भरोसेमंद परफॉर्मेंस, लेकिन टॉप वेरिएंट की कीमत को देखते हुए कुछ ग्राहकों को यह ज्यादा महंगी लग सकती है।
कौन सी कार खरीदना बेहतर रहेगा?
अगर आपका बजट सीमित है और आप कम कीमत में ज्यादा फीचर्स, बेहतर सेफ्टी और नई डिजाइन वाली कार चाहते हैं तो नई Tata Tiago ज्यादा वैल्यू फॉर मनी विकल्प साबित हो सकती है। वहीं, अगर आपकी प्राथमिकता ज्यादा स्पेस, कम रनिंग कॉस्ट, भरोसेमंद ब्रांड और लंबे समय का अनुभव है तो Maruti Swift अभी भी मजबूत विकल्प बनी हुई है। कुल मिलाकर, कीमत और फीचर्स की लड़ाई में Tiago आगे दिखती है, जबकि Swift अपनी विश्वसनीयता और लोकप्रियता के दम पर मुकाबले में बनी हुई है।
