किआ मोटर्स अपनी पॉपुलर कॉम्पैक्ट एसयूवी Sonet की नई जनरेशन पर काम कर रही है। हाल ही में नई Kia Sonet को भारत में टेस्टिंग के दौरान देखा गया है, जिससे इसके 2027 में लॉन्च होने की संभावना और मजबूत हो गई है। कंपनी के अंदर इसे QY2E कोडनेम दिया गया है। नई Sonet केवल डिजाइन के मामले में ही नहीं, बल्कि प्लेटफॉर्म, फीचर्स और केबिन टेक्नोलॉजी के मामले में भी बड़ा बदलाव लेकर आ सकती है।
टेस्टिंग मॉडल में क्या दिखा खास?
स्पाई तस्वीरों से पता चलता है कि नई Sonet का फ्रंट डिजाइन पूरी तरह नया होगा। SUV में स्प्लिट LED हेडलाइट सेटअप देखने को मिलेगा, जबकि ऊपर की तरफ बूमरैंग-शेप DRLs दिए जा सकते हैं। नई Sonet में मौजूदा मॉडल की तुलना में थोड़ा छोटा लेकिन आकर्षक हनीकॉम्ब पैटर्न ग्रिल देखने को मिला है। वहीं फ्रंट बंपर को पहले से ज्यादा स्पोर्टी और एग्रेसिव बनाया गया है, जिससे SUV का रोड प्रेजेंस बेहतर हो सकता है। साइड प्रोफाइल की बात करें तो टेस्टिंग मॉडल में ऐसे अलॉय व्हील्स दिखाई दिए हैं जो पहले Kia Seltos के शुरुआती मॉडल्स में इस्तेमाल किए गए थे। इसके अलावा SUV में पुल-टाइप डोर हैंडल, दोनों पहियों पर डिस्क ब्रेक, फ्लश रूफ रेल्स और मजबूत व्हील आर्च क्लैडिंग भी देखने को मिली है।
केबिन होगा ज्यादा हाईटेक
नई Kia Sonet के इंटीरियर में सबसे बड़ा बदलाव इसका नया डिजिटल सेटअप हो सकता है। टेस्टिंग मॉडल में डुअल 12.3-इंच कर्व्ड स्क्रीन सेटअप दिखाई दिया है। यह वही लेआउट है, जो हाल ही में लॉन्च हुई Kia Syros में देखने को मिला था। वर्तमान Sonet में 10.25-इंच टचस्क्रीन मिलती है, इसलिए यह अपग्रेड तकनीक के लिहाज से काफी बड़ा माना जा रहा है।
नया प्लेटफॉर्म देगा कई फायदे
नई Sonet मौजूदा K2 प्लेटफॉर्म की जगह K1 प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी। यही प्लेटफॉर्म Kia Syros में भी इस्तेमाल किया गया है। नए प्लेटफॉर्म का सबसे बड़ा फायदा बेहतर स्ट्रक्चरल मजबूती और अधिक केबिन स्पेस होगा। खासतौर पर पीछे बैठने वाले यात्रियों को ज्यादा जगह मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा यह प्लेटफॉर्म नई तकनीकों और भविष्य के पावरट्रेन विकल्पों को भी सपोर्ट करता है।
इसके अलाावा, माना जा रहा है कि नई Sonet में Kia Syros वाले 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल और 1.5-लीटर डीजल इंजन विकल्प जारी रह सकते हैं।
कब होगी नई Sonet लॉन्च?
Kia ने अभी लॉन्च डेट की पुष्टि नहीं की है, लेकिन भारत में लगातार टेस्टिंग को देखते हुए नई Kia Sonet का डेब्यू 2027 में होने की संभावना है। नए प्लेटफॉर्म, बड़े डिजिटल डिस्प्ले, अपडेटेड डिजाइन और बेहतर सुरक्षा के साथ यह SUV कॉम्पैक्ट SUV सेगमेंट में एक बार फिर मजबूत दावेदारी पेश कर सकती है।
