ऑटो न्यूज़

XUV700 और Safari की छुट्टी करने आ रही JSW MG की नई SUV! 16 जुलाई को उठेगा पर्दा

JSW MG Motor India भारत में एक नई एसयूवी को पेश करने जा रही है। जिसे लेकर कंपनी ने न्यू एनर्जी व्हीकल शब्द का इस्तेमाल किया है।

Image

Wuling Starlight 560 (प्रतिकात्मक इमेज)

JSW MG Motor India भारतीय बाजार में अपनी नई एसयूवी से 16 जुलाई को पर्दा उठाने जा रही है। कंपनी ने अभी तक इस मॉडल के नाम का खुलासा नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा है कि यह एसयूवी चीन में बिकने वाली Wuling Starlight 560 पर आधारित हो सकती है। अगर ऐसा होता है तो यह भारत में MG की पहली प्लग-इन हाइब्रिड (PHEV) SUV होगी।

MG की नई SUV को लेकर बढ़ी उत्सुकता

MG ने हाल ही में घोषणा की है कि वह 16 जुलाई 2026 को एक न्यू एनर्जी व्हीकल करेगी। कंपनी की ओर से जारी एक इनवाइट में New Energy Vehicle शब्द का इस्तेमाल किया गया है, जिससे संकेत मिलता है कि यह मॉडल पारंपरिक पेट्रोल या डीजल की बजाय हाइब्रिड या इलेक्ट्रिक तकनीक पर आधारित होगा।

क्या होगी Wuling Starlight 560?

रिपोर्ट्स के अनुसार, अपकमिंग एसयूवी Wuling Starlight 560 का रीबैज्ड वर्जन हो सकती है। यह मॉडल पहले से ही कई अंतरराष्ट्रीय बाजारों में उपलब्ध है और भारत में इसकी टेस्टिंग भी देखी जा चुकी है। MG ने इस मॉडल का डिजाइन पेटेंट भी भारत में फाइल किया है, जिससे इसके लॉन्च की संभावनाएं और मजबूत हो गई हैं।

7-सीटर लेआउट के साथ आएगी

बताया जा रहा है कि नई एसयूवी को भारत में 7-सीटर कॉन्फिगरेशन के साथ पेश किया जा सकता है। इसकी लंबाई लगभग 4,745 मिमी और व्हीलबेस 2,810 मिमी है, जो इसे एक बड़ी फैमिली SUV बनाता है। यह आकार के मामले में Mahindra XUV 7XO और Tata Safari जैसे मॉडलों को चुनौती दे सकती है।

दमदार हाइब्रिड पावरट्रेन की उम्मीद

अंतरराष्ट्रीय बाजार में Wuling Starlight 560 प्लग-इन हाइब्रिड सिस्टम के साथ उपलब्ध है। इसमें 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन, इलेक्ट्रिक मोटर और 20.5kWh बैटरी पैक दिया गया है। यह सेटअप लगभग 194 bhp की पावर और 230 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। कंपनी का दावा है कि यह SUV केवल इलेक्ट्रिक मोड में करीब 100 किमी तक चल सकती है, जबकि फुल टैंक और बैटरी के साथ इसकी कुल रेंज 1,100 किमी तक पहुंच सकती है।

फीचर्स भी होंगे हाई-टेक

नई एसयूवी में प्रीमियम फीचर्स मिलने की उम्मीद है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसमें 12.8-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 8.8-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, पैनोरमिक सनरूफ, वायरलेस फोन चार्जर, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी और प्रीमियम अपहोल्स्ट्री जैसे फीचर्स मिल सकते हैं।

भारतीय बाजार में क्यों होगी खास?

भारत में फिलहाल प्लग-इन हाइब्रिड एसयूवी विकल्प काफी सीमित हैं। ऐसे में MG की यह नई पेशकश उन ग्राहकों को आकर्षित कर सकती है जो इलेक्ट्रिक कार की कम रनिंग कॉस्ट और पेट्रोल वाहन की लंबी रेंज दोनों का फायदा चाहते हैं।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article