MG Hector 2 New Variant Launched: एमजी मोटर इंडिया ने हैक्टर एसयूवी के दो नए वेरिएंट - शाइन प्रो और सेलेक्ट प्रो भारत में लॉन्च कर दिए हैं। इन दोनों की एक्सशोरूम कीमत क्रमशः 16 लाख रुपये और 17.30 लाख रुपये रखी गई है। बता दें कि भारतीय मार्केट में हैक्टर की शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 13.99 लाख रुपये है। चीन के ऑटोमोबाइल जायंट सिआक के मालिकाना हक वाली मॉरिस गैराजेस भारतीय ग्राहकों को काफी पसंद आ रही है, खासतौर पर इसकी हैक्टर एसयूवी। ऐसे में नए वेरिएंट आ जाने पर इसकी बिक्री में बड़ी बढ़ोतरी दर्ज हो सकती है।
किन फीचर्स से लोडोड
एमजी हैक्टर के दो नए वेरिएंट के साथ बड़ा 14-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है जो वायरलेस ऐप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो से लैस है। इसके अलावा डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, वायरलेस चार्जर और पुश बटन स्टार्ट/स्टॉप भी मिला है। हैक्टर शाइन प्रो के साथ कंपनी ने जहां सिंगल पैन सनरूफ दी है, वहीं सेलेक्ट प्रो के साथ डुअल-पैन पैनोरमिक सनरूफ मिली है। एसयूवी को मिले बाकी फीचर्स में एलईडी प्रोजेक्टर हेडलैंप्स, सिक्वेंशियल टर्न इंडिकेटर्स, एलईडी टेललाइट्स और डोर हैंडल्स पर क्रोम फिनिश दिया गया है।
कितनी दमदार हैं दोनों एसयूवी
मॉरिस गैराजेस ने हैक्टर और हैक्टर प्लस के साथ 1.5-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन दिया है। ये इंजन 6-स्पीड मैनुअल और सीवीटी गियरबॉक्स से लैस है, वहीं ये 143 एचपी ताकत बनाता है। इसके अलावा 2.0-लीटर डीजल इंजन भी एसयूवी को मिला है जो 170 एचपी ताकत बनाता है और सिर्फ 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स में उपलब्ध है। मुकाबले पर नजर डालें तो यहां टाटा हैरियर, जीप कम्पास और महिंद्रा एक्सयूवी700 का 5-सीटर वर्जन भी हैक्टर और हैक्टर प्लास की टक्कर में मौजूद हैं।
