ऑटो न्यूज़

मर्सिडीज भारत ला रही 12 से ज्यादा नई कारें, मार्केट में अब आएगी लग्जरी की बहार

  • Authored by: अंशुमन साकल्ले
  • Updated Jan 8, 2024, 03:48 PM IST

Mercedes-Benz India मार्केट में धड़ाधड़ कारें लॉन्च करने वाली है। कंपनी जल्द ही 200 करोड़ रुपये से ज्यादा निवेश करने वाली है, इसके परिणामस्वरूप 12 से ज्यादा नई मर्सिडीज लग्जरी कारें भारत में लॉन्च की जाएंगी।

Image

कंपनी जल्द ही 12 से ज्यादा नई कारें भारतीय मार्केट में लॉन्च करने वाली है।

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • मर्सिडीज ला रही 12 से ज्यादा नई कारें
  • 200 करोड़ रुपये निवेश का बनाया प्लान
  • धड़ाधड़ भारतीय मार्केट में होंगी लॉन्च

Mercedes-Benz India 12 New Cars: मर्सिडीज की लग्जरी कारों की चमक भारत में और बढ़ने वाली है। कंपनी जल्द ही 12 से ज्यादा नई कारें भारतीय मार्केट में लॉन्च करने वाली है जिसके लिए बड़ा निवेश भी किया जा रहा है। जर्मनी की लक्जरी कार निर्माता मर्सिडीज बेंज नए उत्पाद पेश करने, विनिर्माण परिचालन और डिजिटलीकरण पर इस साल 200 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को बताया कि पिछले साल भारत में उसने रिकॉर्ड 17,408 गाड़ियां बेची हैं। मर्सिडीज बेंज इंडिया 2024 में तीन इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) समेत 12 से ज्यादा नए वाहन बाजार में उतारेगी। इनमें से आधे मॉडल शीर्ष वाहन खंड (टीईवी) होंगे, जिनकी कीमत 1.5 करोड़ रुपये से ज्यादा होगी।

क्या है कंपनी का बयान

मर्सिडीज बेंज इंडिया के प्रबंध निदेशक (एमडी) और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) संतोष अय्यर ने पीटीआई-भाषा से कहा, “यह साल विशेष है क्योंकि हम भारत में मर्सिडीज बेंज के 30 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहे हैं। हम पुणे में अपने कारखाने में 200 करोड़ रुपये और निवेश करने जा रहे हैं। इससे अब भारत में हमारा कुल निवेश 3,000 करोड़ रुपये हो जाएगा।” उन्होंने कहा कि ये निवेश विनिर्माण कार्यों, नए उत्पाद स्टार्टअप और विनिर्माण प्रक्रिया के डिजिटलीकरण की दिशा में होंगे। अय्यर ने कहा कि पिछले साल कंपनी ने 10 प्रतिशत वृद्धि के साथ भारत में अपनी अबतक की सर्वाधिक 17,408 गाड़ी बिक्री का रिकॉर्ड बनाया।

12 से ज्यादा नई कारें आएंगी

मर्सिडीज बेंज की इससे पहले सर्वाधिक बिक्री 2022 में 15,822 इकाई रही थी। इस साल को लेकर अय्यर ने कहा कि कंपनी आपूर्ति और मांग में अस्थिरता के बावजूद दहाई अंक में वृद्धि की उम्मीद कर रही है। इस समय कंपनी के पास 3,000 गाड़ियों की बुकिंग है। नए उत्पादों पर अय्यर ने कहा, “हम 2024 में 12 से ज्यादा नई कार लाइन पेश करने पर विचार कर रहे हैं और उनमें से 50 प्रतिशत टीईवी होंगी। इनमें तीन नए इलेक्ट्रिक वाहन शामिल होंगे।”

अंशुमन साकल्ले
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article