ऑटो न्यूज़

Maruti-Toyota की बढ़ेगी टेंशन! हुंडई और किआ ला रही हैं ये 4 धांसू हाइब्रिड SUV

भारत में हाइब्रिड SUV का बाजार और गर्म होने वाला है क्योंकि Hyundai और Kia अगले कुछ वर्षों में भारत में अपने 4 हाइब्रिड SUV बाजार में उतारने की तैयारी कर रही हैं।

Image

Maruti-Toyota की बढ़ेगी टेंशन! हुंडई और किआ ला रही हैं ये 4 धांसू हाइब्रिड SUV/photo-kia

भारत के ऑटोमोबाइल बाजार में हाइब्रिड कारों की मांग तेजी से बढ़ रही है। अब इस सेगमेंट में Hyundai और Kia भी बड़ी एंट्री की तैयारी कर रही हैं। दोनों कंपनियां साल 2027 से भारत में कई नई हाइब्रिड SUV लॉन्च करने की योजना बना रही हैं। इनका सीधा मुकाबला Maruti Suzuki और Toyota की हाइब्रिड कारों से होगा। Hyundai और Kia अगले कुछ वर्षों में कुल 4 हाइब्रिड SUV मॉडल पेश कर सकती हैं, जिनमें नई जनरेशन Hyundai Creta, Kia Seltos और दो नई 7-सीटर प्रीमियम SUV शामिल होंगी।

Hyundai Creta और Kia Seltos के आएंगे हाइब्रिड मॉडल

रिपोर्ट्स के अनुसार, Hyundai अपनी लोकप्रिय SUV Creta और Kia अपनी Seltos का अगली जनरेशन मॉडल हाइब्रिड पावरट्रेन के साथ पेश कर सकती हैं। दोनों SUV के हाइब्रिड वर्जन 2027 तक लॉन्च होने की उम्मीद है। इन मॉडल्स में मौजूदा पेट्रोल इंजन के साथ हाइब्रिड टेक्नोलॉजी दी जा सकती है, जिससे बेहतर माइलेज और कम उत्सर्जन का फायदा मिलेगा।

Hyundai की नई 7-सीटर हाइब्रिड SUV

Hyundai एक नई 7-सीटर हाइब्रिड SUV पर भी काम कर रही है, जिसका कोडनेम Ni1i बताया जा रहा है। यह SUV Hyundai Tucson के लंबे व्हीलबेस वर्जन पर आधारित हो सकती है, जो फिलहाल चीन के बाजार में उपलब्ध है। यह मॉडल भारतीय बाजार में प्रीमियम 7-सीटर SUV सेगमेंट में उतरेगा और इसकी टक्कर Tata Safari, Mahindra XUV 7XO जैसी कारों से हो सकती है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये से 25 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच हो सकती है।

Kia Sorento Hybrid से होगी बड़ी SUV से टक्कर

Kia India भी एक नई 7-सीटर हाइब्रिड SUV लाने की तैयारी में है, जिसका कोडनेम MQ4i बताया जा रहा है। यह SUV Kia Sorento पर आधारित हो सकती है। इसका मुकाबला Mahindra XUV 7XO, Tata Safari और भविष्य में आने वाली Maruti Suzuki, Toyota और Renault की हाइब्रिड SUV से होगा। Kia Sorento आधारित हाइब्रिड SUV की कीमत करीब 30 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के आसपास रहने का अनुमान है।

1.5 लीटर या नया 1.2 लीटर हाइब्रिड इंजन?

फिलहाल Hyundai और Kia ने अपने हाइब्रिड पावरट्रेन की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। पहले ऐसी खबरें थीं कि दोनों कंपनियां अपने मौजूदा 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन पर आधारित हाइब्रिड सिस्टम इस्तेमाल कर सकती हैं, हालांकि नई रिपोर्ट्स के मुताबिक Hyundai एक नए 1.2 लीटर TGDi टर्बो पेट्रोल इंजन पर काम कर रही है, जिसे भविष्य के हाइब्रिड मॉडल्स में इस्तेमाल किया जा सकता है। यह नया इंजन Hyundai Bayon कॉम्पैक्ट SUV में भी पेश किया जा सकता है और आगे चलकर Creta समेत अन्य मॉडल्स में इस्तेमाल होने की संभावना है।

Creta और Seltos हाइब्रिड की कीमत ज्यादा होगी

अनुमान है कि Hyundai Creta और Kia Seltos के हाइब्रिड वर्जन अपने पेट्रोल मॉडल्स से करीब 2 लाख रुपये तक महंगे हो सकते हैं, हालांकि बेहतर माइलेज और कम ईंधन खर्च के कारण ग्राहकों के लिए यह एक आकर्षक विकल्प बन सकता है।

Hyundai Bayon और Kia Sonet में भी हाइब्रिड की संभावना

Hyundai की नई Bayon SUV में कंपनी का नया 1.2 लीटर TGDi इंजन पेश किया जा सकता है। भविष्य में इसका हाइब्रिड वर्जन भी आने की संभावना है। वहीं Kia की अगली जनरेशन Sonet को 2027 में नए डिजाइन और ज्यादा फीचर्स के साथ लॉन्च किया जा सकता है। इसके बाद 2028 या 2029 तक Sonet में भी हाइब्रिड पावरट्रेन मिलने की उम्मीद है।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article