ऑटो न्यूज़

नई Maruti Suzuki WagonR Flex Fuel हुई शोकेस, 85 फीसदी तक इथेनॉल से चलेगी

  • Authored by: अंशुमन साकल्ले
  • Updated Feb 1, 2024, 03:57 PM IST

Maruti Suzuki ने Bharat Mobility Global Expo में नई WagonR Flex Fuel शोकेस कर दी है। ये कार 85 प्रतिशत इथेनॉल मिले पेट्रोल से चलती है और इससे निकलने वाला प्रदूषण भी 79 प्रतिशत तक कम हो गया है।

Image

प्रदूषण भी कम फैलाती है और इथेनॉल ब्लेंड वाला पेट्रोल सामान्य से सस्ता आता है।

Photo : Times Now Digital
KEY HIGHLIGHTS
  • मारुति सुजुकी वैगनआर फ्लैक्स फ्यूल
  • 85 % इथेनॉल ब्लेंड फ्यूल पर चलेगी
  • 2025 की शुरुआत तक लॉन्च संभावित

Maruti Suzuki WagonR Flex Fuel: भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो में मारुति सुजुकी ने वैगनआर फ्लैक्स फ्यूल शोकेस करने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। कंपनी ने पहली बार ऑटो एक्सपो 2023 में इस कार को शोकेस किया था जिसे संभावित रूप से अगले साल लॉन्च किया जाएगा। फ्लैक्स फ्यूल ऐसे किस्म के वाहन होते हैं जिन्हें इथेनॉल ब्लेंड वाले पेट्रोल से भी चलाया जा सकता है। यानी नई मारुति सुजुकी वैगनआर फ्लैक्स फ्यूल सामान्य पेट्रोल के साथ-साथ ब्लेंडेड ईंधन से भी चलेगी। ये प्रदूषण भी कम फैलाती है और इथेनॉल ब्लेंड वाला पेट्रोल सामान्य से सस्ता आता है।

अलग चमकेगी ये हैचबैक

मारुति सुजुकी ने नई वैगनआर फ्लैक्स फ्यूल को बाकियों से अलग दिखाने के लिए इसकी बॉडी पर चटक फ्लोरोसेंट रंग के ग्राफिक्स दिए हैं। इनके साथ जो भी इस कार को देखेगा वो दूर से ही समझ जाएगा कि ये फ्लैक्स फ्यूल वाली वैगनआर है। सिर्फ एक्सटीरियर ही नहीं, कंपनी ने इस किफायती हैचबैक के केबिन में भी यही हाइलाइट्स दिए हैं। हमारा मानना है कि भारतीय मार्केट में ये कार 2025 की शुरुआत तक लॉन्च कर दी जाएगी। सामान्य वैगनआर हैचबैक के मुकाबले नई फ्लैक्स फ्यूल कार की कीमत भी कुछ अधिक होगी।

कितना दमदार होगा इंजन

नई फ्लैक्स फ्यूल वैगनआर में 1.2-लीटर नेचुरली एस्पिरेटेड चार-सिलेंडर इंजन मिलेगा, ये 88.5 बीएचपी ताकत और 113 एनएम पीक टॉर्क बनाता है। कंपनी ने इस इंजन के साथ 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स सामान्य रूप से दिया है, कंपनी इसके साथ ऑटोमैटिक गियरबॉक्स भी दे सकती है। दिलचस्प है कि इस कार को इथेनॉल-पेट्रोल के ई20 और ई85 ब्लेंड पर चलाया जा सकता है, यानी 20 प्रतिशत से लेकर 85 प्रतिशत तक इथेनॉल मिला ईंधन। इसके साथ ही मारुति सुजुकी वैगनआर से निकलने वाला प्रदूषण भी 79 प्रतिशत तक कम हो जाएगा।

अंशुमन साकल्ले
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article