Maruti Suzuki Swift Price Hike: मारुति सुजुकी नई जनरेशन स्विफ्ट को मई 2024 में लॉन्च करने वाली है। कंपनी ने कुछ समय पहले जानकारी दी थी कि मौजूदा जनरेशन स्विफ्ट की कीमत बढ़ा दी गई है। अब हम वेरिएंट के हिसाब से कीमत में इजाफे की जानकारी दे रहे हैं। मारुति स्विफ्ट की कीमत 15,000 से 39,000 रुपये तक बढ़ाई गई है, इसमें जेडएक्सआई प्लस वेरिएंट की कीमत 39,000 रुपये बढ़ी है। वीएक्सआई, वीएक्सआई एएमटी और वीएक्सआई सीएनजी की कीमत 15,000 रुपये बढ़ाई गई है। इसके अलावा एलएक्सआई और सभी जेडएक्सआई वेरिएंट की कीमत 25,000 रुपये बढ़ा दी गई है।
जल्द आ रही नई जनरेशन
मारुति सुजुकी बहुत जल्द यानी अगले महीने भारत में नई जनरेशन सुजुकी स्विफ्ट लॉन्च करने वाली है। दिखने में ये कार काफी कुछ बदल गई है, कार के अगले हिस्से में पैने लुक वाले हेडलैंप्स दिए गए हैं। कार का चेहरा भी कुछ बदला है जिसमें बड़े साइज की ग्रिल शामिल है। इसके बाद प्रोजेक्टर सेटअप और एलईडी डीआरएल की बारी आती है। टोक्यो मोटर शो में दिखाई गई स्विफ्ट को एडीएएस दिया गया है, हालांकि भारतीय मार्केट में इस फीचर को पेश किए जाने की संभावना सिर्फ टॉप मॉडल के साथ है। कुल मिलाकर ये कार दिखने में अब तक की सबसे खूबसूरत स्विफ्ट कही जा रही है।
मिलेगा नया दमदार इंजन
नई जनरेशन स्विफ्ट के साथ कंपनी नया तीन-सिलेंडर 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन दे सकती है जो सीवीटी गियरबॉक्स से लैस होगा। सुजुकी इस नई हैचबैक को जल्द ही जापान में लॉन्च करने वाली है जिसके साथ मिलने वाला इंजन जेड12ई सीरीज का है। इस इंजन ने मौजूदा के12सी 1.2-लीटर पेट्रोल की जगह ली है। हालांकि ये जानकारी अभी सुजुकी की ओर से आधिकारिक तौर पर नहीं मिली है। हमारा मानना है कि ये दमदार इंजन होगा जो 100 बीएचपी ताकत और 150 एनएम पीक टॉर्क बनाता है। कंपनी का दावा है कि पेट्रोल इंजन 23.40 किमी/लीटर माइलेज देगा, वहीं इसका हाइब्रिड इंजन एक लीटर पेट्रोल में 24.50 किमी तक चलेगा।
क्या नया, क्या पुराना
चौथी जनरेशन स्विफ्ट के साथ पूरी बॉडी पर दिखने वाली कैरेक्टर लाइंस दी गई हैं जो हेडलैंप्स के साथ खूबसूरती से मिलती हैं। कार की छत पहले जैसी ही है, लेकिन इसे नए दरवाजों से लैस किया गया है, खासतौर पर पिछले दरवाजे जिनके डोर हैंडल ए-पिलर से हटकर दोबारा सामान्य जगह पर आ गए हैं। कार का पिछला हिस्सा भी काफी बदल दिया गया है जिसमें बंपर और टेलगेट में बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। टोयोक्यो मोटर शो में दिखी स्विफ्ट हाइब्रिड है।
